Home समाचार आज का भारत जो ठान लेता है, वो पूरा करके दिखाता है-...

आज का भारत जो ठान लेता है, वो पूरा करके दिखाता है- रूस में भारतीय समुदाय से प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 9 जुलाई को रूस की राजधानी मॉस्को में भारतीय समुदाय से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के प्रेम, स्नेह के लिए आभार जताते हुए कहा कि ‘मैं अकेला नहीं आया हूं। मैं अपने साथ हिन्दुस्तान की मिट्टी की महक लेकर के आया हूं। मैं अपने साथ 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर के आया हूं। उनकी शुभकामनाएं आपके लिए लेकर के आया हूं और ये बहुत सुखद है कि तीसरी बार सरकार में आने के बाद भारतीय समुदाय से मेरा पहला संवाद यहां मॉस्को मे आपके साथ हो रहा है।’

भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘आप सब जानते हैं कि आज का भारत जो लक्ष्य ठान लेता है, वो पूरा करके ही रहता है। आज भारत वो देश है, जो चंद्रयान को चंद्रमा पर वहां पहुंचाता है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंच सका। आज भारत वो देश है, जो डिजिटल ट्रांजेक्शन का सबसे रिलायबल मॉडल दुनिया को दे रहा है। आज भारत वो देश है, जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। 2014 में देश में बस कुछ सौ स्टार्टअप थे, आज इनकी संख्या लाखों में है। आज भारत वो देश है, जो रिकॉर्ड संख्या में पेटेंट फाइल कर रहा है, रिसर्च पेपर पब्लिश कर रहा है। यही मेरे देश के युवाओं की शक्ति है।’

पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय से कहा कि ‘आज से ठीक एक महीने पहले 9 जून को मैंने तीसरी बार भारत के पीएम पद की शपथ ली थी, और उसी दिन मैंने एक प्रण किया था। मैंने प्रण किया था कि अपने तीसरे टर्म में, मैं तीन गुनी ताकत से काम करूंगा। तीन गुनी रफ्तार से काम करूंगा। और ये भी एक संयोग है कि सरकार के कई लक्ष्यों में भी तीन का अंक छाया हुआ है। सरकार का लक्ष्य है तीसरी टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकॉनमी बनाना, सरकार का लक्ष्य है तीसरी टर्म में गरीबों के लिए तीन करोड़ आवास बनाना, तीन करोड़ घर बनाना, सरकार का लक्ष्य है तीसरी टर्म में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाना। शायद आपके लिए ये शब्द भी नया होगा।’

रूस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘पिछले 10 वर्षों में देश ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी है, उसे देखकर दुनिया हैरान है। दुनिया के लोग जब भारत आते हैं तो कहते हैं कि भारत बदल रहा है। जब भारत जी-20 जैसे सफल आयोजन करता है, तब दुनिया एक स्वर से बोल उठती है, अरे भारत तो बदल रहा है। जब भारत सिर्फ दस वर्षों में अपने एयरपोर्ट्स की संख्या को बढ़ाकर दोगुना कर देता है, तो दुनिया कहती है वाकई भारत बदल रहा है। जब भारत सिर्फ दस साल में 40 हजार किलोमीटर से ज्यादा रेल लाइन का इलेक्ट्रिफिकेशन कर देता है, तो दुनिया को भी भारत के पॉवर का एहसास होता है। उनको लगता है देश बदल रहा है। आज जब भारत डिजिटल पेमेंट्स के नए रिकॉर्ड बना रहा है, आज जब भारत एल-वन प्वाइंट से सूरज की परिक्रमा पूरी करता है, आज जब भारत दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाता है, आज जब दुनिया की सबसे ऊंची स्टैच्यू बनाता है, तो दुनिया कहती है वाकई भारत बदल रहा है। भारत बदल रहा है, क्योंकि भारत अपने 140 करोड़ नागरिकों के सामर्थ्य पर भरोसा करता है।’

मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘आज 140 करोड़ भारतीय हर क्षेत्र में सबसे आगे निकलने की तैयारी में जुटे रहते हैं। हम अपनी अर्थव्यवस्था को सिर्फ कोविड संकट से बाहर निकालकर के ही नहीं लाए, बल्कि भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे मजबूत इकॉनॉमी में से एक बना दिया। हम अपने इंफ्रास्ट्रक्चर की कमियां दूर तो कर ही रहे हैं, बल्कि हम विश्व स्तरीय माइलस्टोन क्रिएट कर रहे हैं। हम सिर्फ अपनी स्वास्थ्य सेवाएं नहीं सुधार रहे ऐसा नहीं है, बल्कि देश के हर गरीब को मुफ्त इलाज की सुविधा भी दे रहे हैं और दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना चलाते हैं आयुष्मान भारत। ये हमारे नागरिकों की मेहनत, लगन और निष्ठा से संभव हो रहा है।’

हाल ही में हुए टी20 विश्व कप का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मुझे पक्का विश्वास है कि यहां भी आपने उस विक्टरी को को सेलिब्रेट किया ही होगा। किया था कि नहीं किया था? गर्व हो रहा था की नहीं हो रहा था? वर्ल्ड कप को जीतने की असली स्टोरी, जीत की यात्रा की भी है। आज का युवा और आज का युवा भारत, आखिरी बॉल और आखिर पल तक हार नहीं मानता है, और विजय उन्हीं के चरण चूमती है जो हार मानने को तैयार नहीं होते। ये भावना सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरे खेलों में भी दिख रही है। भारत की युवाशक्ति का यही आत्मविश्वास, भारत की असली पूंजी है। और यही युवाशक्ति भारत को 21वीं सदी की नई ऊंचाईयों पर पहुंचाने का सबसे बड़ा सामर्थ्य दिखाती है।’

भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘चुनाव के दौरान मैं कहता था कि बीते 10 सालों में भारत ने जो विकास किया है, वो तो सिर्फ एक ट्रेलर है। आने वाले 10 साल और भी फास्ट ग्रोथ के होने वाले हैं। भारत की नई गति, दुनिया के विकास का नया अध्याय लिखेगी। भारत की नई गति, दुनिया के विकास का अध्याय लिखेगी। आज ग्लोबल इकॉनॉमी की ग्रोथ में 15 परसेंट भारत कंट्रीब्यूट कर रही है। आने वाले समय में इसका और ज्यादा विस्तार होना तय है। हर चैलेंज को, चैंलेंज करने में भारत सबसे आगे रहेगा, और मेरे तो डीएनए में है चुनौती को चुनौती देना।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘भारत और रूस के बीच जो अनोखा रिश्ता है, उसका कायल रहा हूं। रूस शब्द सुनते ही हर भारतीय के मन में पहला शब्द आता है, भारत के सुख-दुख का साथी, भारत का भरोसेमंद दोस्त। रूस में सर्दी के मौसम में टेंपरेचर कितना ही माइनस में नीचे क्यों न चला जाए> भारत-रूस की दोस्ती हमेशा प्लस में रही है, गर्मजोशी भरी रही है। आज आप सभी भारत-रूस के रिश्तों को नई ऊंचाई दे रहे हैं। हमारे रिश्तों की दृढ़ता अनेक बार परखी गई है। और हर बार, हमारी दोस्ती बहुत मजबूत होकर के उभरी है।’

उन्होंने कहा कि ‘भारत-रूस की इस दोस्ती के लिए मैं विशेष रूप मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति पुतिन की लीडरशिप की भी सराहना करूंगा। उन्होंने दो दशक से ज्यादा समय तक इस भागीदारी को मजबूती देने के लिए शानदार काम किया है। बीते 10 सालों में मैं छठीं बार रूस आया हूं। और इन सालों में हम एक दूसरे से 17 बार मिले हैं। ये सारी मीटिंग्स, ट्रस्ट और रेस्पेक्ट को बढ़ाने वाली रही हैं। जब हमारे छात्र संघर्ष के बीच फंसे थे, तो राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें वापस भारत पहुंचाने में हमारी मदद की थी। मैं रूस के लोगों का, मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन का इसके लिए भी फिर से आभार व्यक्त करता हूं।’

भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ’60 साल के बाद हिन्दुस्तान में कोई सरकार तीसरी बार चुनी जाए ये अपने आप में बहुत बड़ी बात है। लेकिन इस चुनावों में सबका ध्यान, सारे कैमरा मोदी पर लगे रहे, उसके कारण कई और महत्वपूर्ण घटनाओं की तरफ लोगों का ध्यान नहीं गया। जैसे इस चुनाव के समय चार राज्यों में भी चुनाव हुए हैं। अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा और इन चारों राज्यों में एनडीए क्लीन स्वीप बहुमत के साथ विजयी हुआ।’

Leave a Reply