Home समाचार हीराबाई ने आंचल फैलाकर पीएम मोदी को दिया आशीर्वाद, पद्मश्री पुरस्कार मिलने...

हीराबाई ने आंचल फैलाकर पीएम मोदी को दिया आशीर्वाद, पद्मश्री पुरस्कार मिलने पर बताया सिद्दी समाज का सम्मान

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस अच्छे दिन का वादा किया था, वो अब साकार होता दिख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के राज में समाज के हर व्यक्ति और हर वर्ग को पूरा सम्मान मिल रहा है। जहां अपने-अपने क्षेत्र के दिग्गज लोगों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा जा रहा है, वहीं अब ऐसे असाधारण लोगों को भी सम्मान मिल रहा है, जो अब तक गुमनामी में जीवन यापन कर रहे थे। ऐसे लोगों को राष्ट्रपति भवन में पुरस्कार लेते देखना एक सुखद आश्चर्य से कम नहीं है। बुधवार (22 मार्च, 2023) को पद्म पुरस्कार लेते समय हीराबाई लोबी के चेहरे पर जो खुशी दिखाई दे रही थी, वो सपने सच होने जैसा था। वहीं प्रधानमंत्री मोदी भी एक बुजुर्ग मां और मातृशक्ति का आशीर्वाद पाकर धन्य हो गए। 

पद्म पुरस्कार वितरण समारोह में उस समय दिल को छू लेने वाला एक दृश्य देखने को मिला, जब बुजुर्ग हीराबाई लोबी अपना पद्मश्री पुरस्कार लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के सामने से गुजर रही थीं। हीराबाई लोबी जैसे ही आगे की पंक्ति में बैठे प्रधानमंत्री मोदी के सामने पहुंचीं तो प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। इसके बाद हीराबाई लोबी ने भी हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री मोदी को प्रणाम किया। इस दौरान अपने शब्दों में आशीर्वाद देते हुए बुजुर्ग मां भावुक हो गई। हीराबाई ने आंचल फैलाकर कहा कि हमें आपसे अपार खुशी मिली है। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ जोड़ दिए। हीराबाई ने गर्व महसूस करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई ने पुरस्कार देकर सिद्दी समाज का सम्मान किया है। 

यह वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। लोग जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर यह बुजुर्ग हीराबाई लोबी कौन है। दरअसल हीराबाई का पूरा नाम हीराबाई इब्राहिम लोबी है। वह देखने में साधारण है, लेकिन उनका काम असाधारण है। हीराबाई लोबी गुजरात की रहने वाली एक सामाजिक कार्यकर्ता और आदिवासी महिला संघ की अध्यक्ष हैं। इस समूह को सिद्दी महिला संघ भी कहा जाता है। 2004 में उन्होंने महिला विकास संघ की स्थापना की। हीराबाई सिद्दी समाज और महिला सशक्तीकरण के लिए किए गए अपने कार्यों के लिए जानी जाती है। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा और उनके उत्थान के लिए काफी काम किया है। महिलाओं को जैविक खेती और जल संरक्षण तकनीक सिखाकर प्रोत्साहित किया है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 106 पद्म पुरस्कार प्रदान करने को मंजूरी दी थी। इनमें से 50 लोगों को बुधवार को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री प्रदान किए गए। पद्म पुरस्कार विजेता हीराबाई लोबी को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस एम कृष्णा, जाने माने उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला, प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुमल कल्याणपुर आदि को भी पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। 

Leave a Reply Cancel reply