Home समाचार रोजगार के मोर्चे पर मिली अच्छी खबर: सितंबर में EPFO से जुड़े...

रोजगार के मोर्चे पर मिली अच्छी खबर: सितंबर में EPFO से जुड़े 17.21 लाख से ज्यादा नए सदस्य

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। देश में रोजगार की स्थिति बेहतर हुई है। रोजगार के मोर्चे पर ही नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO)-ईपीएफओ पेरोल डेटा शुरू होने के बाद से सबसे ज्यादा कर्मचारी जोड़ने का रिकॉर्ड बना है। EPFO से जुड़ने वाले नए सदस्यों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। ईपीएफओ की ओर से जारी पेरोल डेटा के अनुसार ईपीएफओ ने सितंबर में 17.21 लाख सदस्य अपने साथ जोड़े हैं। यह अगस्त 2023 की तुलना में 21,475 अधिक सदस्य है। पिछले साल सितंबर, 2022 की तुलना में सितंबर, 2023 में कुल 38,262 सदस्यों की बढ़ोतरी हुई है।

सितंबर में जुड़े 17.21 लाख सदस्यों में से 8.92 लाख नए सदस्य हैं। इसमें 18 से 25 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों की संख्या लगभग 58.92 प्रतिशत है। यह दिखाता है कि संगठित क्षेत्र के कार्यबल में रोजगार के इच्छुक बहुत से लोग पहली बार बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। सितंबर के दौरान जोड़े गए कुल 8.92 लाख नए सदस्यों में से 2.26 लाख नई महिला सदस्य हैं, जो पहली बार ईपीएफओ में शामिल हुई हैं। इसके अलावा सितंबर के दौरान महिला सदस्यों की कुल संख्या लगभग 3.30 लाख दर्ज की गई।

पेरोल के आंकड़ों की राज्य-वार डेटा में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, गुजरात और हरियाणा के कुल सदस्य 57.42 प्रतिशत से ज्यादा है। उद्योग-वार डेटा की महीने-दर-महीने तुलना से पता चलता है कि चीनी उद्योग, कूरियर सेवाओं, लोहा व इस्पात, अस्पतालों, यात्रा एजेंसियों में कार्यरत सदस्‍यों में महत्‍वपूर्ण वृद्धि हुई है।

ईपीएफओ डेटा के अनुसार पिछले वित्त वर्ष के दौरान उसके सदस्यों की कुल संख्या में 1.39 करोड़ की वृद्धि हुई यानी वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान ईपीएफओ के साथ 1.39 करोड़ नए सब्सक्राइबर जुड़े। यह संख्या पिछले साल की तुलना में 13.22 प्रतिशत ज्यादा है। वित्त वर्ष 2021-22 में ईपीएफओ के सब्सक्राइबर्स की कुल संख्या में 1.22 करोड़ की वृद्धि हुई थी।

सितंबर में ESI स्कीम से जुड़े 18.88 लाख नए सदस्य
कर्मचारी राज्य बीमा निगम की सामाजिक सुरक्षा योजना में सितंबर, 2023 में करीब 18.88 लाख नए सदस्य शामिल हुए है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) की ओर से जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारी राज्य बीमा निगम की योजनाओं से सकल रूप से वित्त वर्ष 2022-23 में 1.67 करोड़ नए सदस्य जुड़े हैं। 2021-22 में 1.49 करोड़ लोग जुड़े जबकि 2020-21 में 1.15 करोड़ नए सदस्य जुड़े थे। आंकड़ों के अनुसार, इसके पहले वित्त वर्ष 2019-20 में 1.51 करोड़, 2018-19 में 1.49 करोड़, जबकि सितंबर, 2017 से लेकर मार्च, 2018 के बीच करीब 83.35 लाख सदस्य जुड़े थे।

युवाओं को मिल रहे हैं जॉब के ज्यादा अवसर
कर्मचारी राज्‍य बीमा निगम (ईएसआईसी) की ओर से जारी ताजा पेरोल डाटा के अनुसार सितंबर, 2023 में 18.88 लाख नए कर्मचारी जोड़े गए हैं। सितंबर, 2023 के महीने में लगभग 22,544 नए संस्थानों को रजिस्टर्ड किया गया। पेरोल डाटा से यह भी पता चलता है कि युवाओं को जॉब के ज्यादा अवसर मिल रहे हैं। इस माह में कुल 18.88 लाख कर्मचारियों में से 9.06 लाख कर्मचारी 25 वर्ष आयु समूह वाले हैं, जो जुड़ने वाले कुल कर्मचारियों का 47.98 प्रतिशत हैं।

सितंबर 2023 के वेतन आंकडों के मुताबिक, 3.51 लाख महिला सदस्य भी इसमें शामिल हुई हैं। इसके अलावा, सितंबर 2023 के महीने में कुल 61 ट्रांसजेंडर कर्मचारी ईएसआई योजना के अंतर्गत शामिल हुए हैं। यह दिखाता है कि ईएसआईसी समाज के सभी वर्गों को लाभ प्रदान करने के प्रति समर्पित है।

Leave a Reply Cancel reply