Home समाचार कांग्रेस ने बिहार की तुलना बीड़ी से करके करोड़ों बिहारियों का किया...

कांग्रेस ने बिहार की तुलना बीड़ी से करके करोड़ों बिहारियों का किया अपमान, पीएम मोदी की नई परिभाषा ने रखा बिहार का मान

SHARE

बिहार में अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच बी से बीड़ी और बी से बिहार वाले बयान पर कांग्रेस चौतरफा घिर गई है। चुनाव से पहले पीएम मोदी को गाली और अब इस बयान ने कांग्रेस की जमकर फजीहत करा रखी है। केरल कांग्रेस द्वारा हबीड़ी की तुलना बिहार से करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस डरकर कांग्रेस ने माफी मांग ली। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि ऐसे बिगड़े बोल बोले ही क्यों जाएं, जिनके लिए बाद में पछताना पड़े। दरअसल, यह एक बार फिर साफ हो गया है कि कांग्रेस नेताओं ने कभी बिहार के लोगों को पसंद ही नहीं किया। कांग्रेसियों की बिहार के लोगों से यह नफरत काफी पुरानी है। एक तरफ जहां राहुल गांधी अपना चेहरा चमकाने के लिए यात्रा कर रहे हैं और उनके पार्टी के लोग बीड़ी से तुलना करके 14 करोड़ बिहारियों का अपमान कर रहे है। लेकिन इसके उलट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जो बिहार पर गर्व करते रहे हैं और इसको अपने शब्दों से भी कई बार प्रकट किया है। हाल ही में पीएम मोदी जब बिहार गए तो यहां उन्होंने BIHAR का फुल फॉर्म बताते हुए समृद्ध और ईमानदार बिहारवासियों के योगदान को याद किया और बिहार के लोगों को गर्व की अनुभूति कराई थी।

कांग्रेस की केरल इकाई का ट्वीट- ‘बी’ से बीड़ी और ‘बी’ से बिहार
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस खुद ही अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार रही है। पहले पीएम मोदी को गाली और उनकी मां पर अपशब्द के विवादों से कांग्रेस अभी निकली भी नहीं थी कि केरल की कांग्रेस ईकाई के पोस्ट पर सियासी विवाद छिड़ गया। मोदी सरकार द्वारा किए गए शानदार और ऐतिहासिक जीएसटी रिफॉर्म्स का जबाव जब कांग्रेस और इंडी गठबंधन को नहीं मिला तो वे बिहार के अपमान पर उतर आए। कांग्रेस की केरल इकाई ने बिहार की तुलना बीड़ी से कर दी है। कांग्रेस की केरल इकाई ने लिखा, ‘बीड़ी और बिहार, दोनों ‘बी’ से शुरू होते हैं। अब इसे पाप नहीं माना जा सकता। केरल कांग्रेस के इस ट्वीट से सियासी बयान बढ़ गया है। बता दें कि बीते दिनों रेवंत रेड्डी, एमके स्टालिन, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने बिहार और बिहारियों को लेकर नफरत दिखाई है।

BIHAR= समृद्ध, अद्भुत, ईमानदार, महत्वाकांक्षी और संसाधन संपन्न-पीएम मोदी
इंडी गठबंधन के नेता किस प्रकार बिहार के लोगों के लिए अपमानजनक शब्दों का उपयोग करते रहे हैं और पीएम मोदी ने किस प्रकार बिहार के लोगों को उनकी समृद्ध, अद्भुत संस्कृति और संसाधन संपन्न राज्य के रूप में प्रस्तुत कर हर बिहारवासी के स्वाभिमान को ऊंचा कर दिया। पीएम मोदी ने बिहार को गर्व का प्रतीक बताते हुए हमेशा ही इस राज्य का सकारात्मक पक्ष दुनिया के सामने रखा है। पीएम मोदी ने बिहार के लिए एक खास फुल फॉर्म दिया और प्रत्येक अक्षर के माध्यम से राज्य की विशेषताओं को उजागर किया। इसमें राज्य की समृद्धि, संस्कृति, संसाधन और महत्वाकांक्षा को बताया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के लिए एक विशेष फुल फॉर्म दिया था, जिसमें B का अर्थ Bountiful यानी समृद्ध बिहार, I का मतलब Incredible यानी अद्भुत बिहार, H का अर्थ Honest यानी ईमानदार बिहार, A का अर्थ Aspirational यानी महत्वाकांक्षी बिहार और R का अर्थ Resourceful यानी संसाधन संपन्न बिहार होता है।

पीएम मोदी के फुल फॉर्म ने रखा करोड़ों बिहारियों का गौरव
पीएम मोदी ने बिहार का यह फुल फॉर्म बिहार की ही एक सभा के दौरान दिया था। इस सभा में प्रधानमंत्री ने बिहार की प्रगति और विकास की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की। इस फुल फॉर्म के माध्यम से प्रधानमंत्री ने बिहार को एक समृद्ध, अद्भुत और संसाधन संपन्न राज्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने राज्य के विकास की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की और बिहारवासियों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद के साथ उनका गौरव याद दिलाया। लेकिन, यह भी हकीकत है कि कांग्रेस के नेता लगातार बिहार को लेकर ओछी टिप्पणी करते रहे हैं। बीते 26 जून को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार को “छोटा-मोटा राज्य” कहकर संबोधित किया था जिसको लेकर बिहार में हंगामा मच गया था। अब केरल कांग्रेस के ताजा ट्वीट ने बखेड़ा खड़ा कर दिया है और लोग कह रहे हैं कि बिहार को लेकर कांग्रेस की यही मानसिकता रही है।

बिहार के प्रति कांग्रेस की ओछी मानसिकता को उजागर-भाजपा
बता दें कि केंद्र की मोदी सरकार ने GST रिफॉर्म का फैसला लिया है जो 22 सितंबर से लागू होने जा रहा है। इस बीच केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने अकाउंट से एक ऐसा पोस्ट किया जिसने बिहार के प्रति देश के राष्ट्रीय पार्टी की मानसिकता को उजागर किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने उस पोस्ट का स्क्रिनशॉट शेयर किया जिसमें लिखा है, ‘बी से बीड़ी और बिहार…।’ जैसे ही केरल कांग्रेस ने इसे पोस्ट किया, इसपर विवाद शुरू हो गया। बता दें, कांग्रेस की ओर से आयोजित की गई अधिकार यात्रा में रेवंत रेड्डी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और एमके स्टालिन शामिल हुए थे। दरअसल, ये ऐसे नेता हैं, जिन्होंने बिहार को बार-बार अपमानित किया है।

JDU का तीखा हमला- B से बुद्धिहीन हैं कांग्रेस वाले..!!’
इसी बीच JDU के तेज तर्रार नेता निखिल मंडल ने कांग्रेस को ही उसके बयान पर लपेट लिया है। निखिल ने एक्स पर एक पोस्ट किया है और लिखा है कि ‘बिहार का मतलब है- ब्रिलिएंट, इनोवेटिव, हार्ड वर्किंग, एक्शन ओरिएंटेड और रिसोर्सफुल। पर ये कांग्रेस वालों को कौन समझाए..?? B से बुद्धिहीन है ये कांग्रेस वाले..!!’ बिहार में कांग्रेस के इस ट्वीट का काफी विरोध हो रहा है। अपने ही ट्वीट पर चौतरफा घिरने के बाद ही कांग्रेसियों को अक्ल आई। इसके बाद केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि हम देख रहे हैं कि जीएसटी दरों को लेकर हमने जो ट्वीट किया है, उसका काफी विरोध हो रहा है। अगर आपको ठेस पहुंची हो तो हमें खेद है।

शर्मनाक! बिहार का अपमान करने वालों के साथ ही घूम रहे तेजस्वी
बिहार में कांग्रेस और इंडी ब्लॉक के नेताओं का दोगलापन एक बार फिर एक्सपोज हो गया है। यह दुर्भाग्य है कि जो नेता अपने-अपने राज्यों में बिहार और यहां के लोगों का लगातार अपमान करते आ रहे हैं। जिनके राज्यों में बिहारियों से कहा जाता है कि वो ये राज्य छोड़कर चले जाएं। बिहारियों की इनके राज्यों में ना कोई जगह है और ना ही जरूरत। इंडी गठबंधन के जो नेता खुलेआम कहते हैं कि कि बिहारियों को नौकरियों पर मत रखिए। अजब तमाशा और दोमुहांपन देखिए कि जो नेता अपने राज्यों में गौरवशाली बिहार के लोगों को गालियां देते हैं, उनका अपमान करते हैं, वही नेता आजकल बिहार में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ गाड़ी पर खड़े होकर वोट मांगने की हिमाकत कर रहे हैं। उन्हें इस बात की भी शर्म नहीं है कि अब वे जिन लोगों के बीच खड़े हैं, उनके लिए कभी कितने गंदे और गुंडे जैसे शब्द इस्तेमाल किए थे। बड़ा सवाल यह भी है कि जब ‘राहुल गांधी के दोस्त’ ये नेता बिहारियों का अपमान कर रहे थे, तब उन्हें बिहारी अस्मिता की याद क्यों नहीं आई थी? बिहार की जनता-जनार्दन के दिल में लगे वो शब्दों के जख्म फिर से हरे हो गए हैं और वह अब इनको माफ करने वाली नहीं है।

आइए देखते हैं कब-कब कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेताओं ने बिहार के लोगों को अपमानित करने का काम किया है…

बिहार के लोगों को गाली देते रहे चन्नी, हंसती रहीं प्रियंका गांधी
पंजाब में विधानसभा चुनाव के दौरान 15 फरवरी, 2022 को पंजाब के रूपनगर में प्रियंका गांधी वाड्रा के सामने मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कहा कि पंजाब, पंजाबियों का है। यहां पर कोई नई राजनीति नहीं मिलेगी। जिनको यहां रहना है, उन्हें पंजाबियत ही सीखनी होगी। यूपी के, बिहार के भइया यहां आकर राज नहीं कर सकते। बिहार के भइया को पंजाब में फटकने नहीं देना है। चन्नी माइक पर यूपी-बिहार वालों को भइया कहकर गाली देते रहे और इस दौरान प्रियंका वाड्रा हंसती और ताली बजाती रही। प्रियंका गांधी वहां खड़ा हो कर ना केवल समर्थन किया बल्कि मुस्कुराते हुए लोगों के साथ मिलकर नारे भी लगवाए। उनके इस रुख से बिहार कांग्रेस में तब भी सवाल उठे थे।

बिहार डीएनए से तेलंगाना डीएनए बहुत बेहतर – रेवंत रेड्डी
कांग्रेस के नेताओं के मन में बिहार के लोगों के प्रति काफी जहर भरा हुआ है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा बिहारियों को लेकर की गयी विवादित टिप्पणी पर सियासी बवाल अभी शांत भी नहीं हुआ था कि तेलंगाना कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सीएम रेवंत रेड्डी ने बिहार को लेकर जहरीला बयान दे दिया। वर्ष 2023 में सीएम पद की शपथ लेने के बाद रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के नेता के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) पर निशाना साधते हुए बिहार के लोगों के डीएनए पर सवाल उठा दिया। कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने कहा कि केसीआर का डीएनए बिहारी है। उनके पूर्वज बिहार से दक्षिणी राज्य में आकर बसे थे। उन्होंने अपमान करते हुए कहा कि बिहार डीएनए से तेलंगाना डीएनए बेहतर है। रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना में बिहारी आइएएस और आइपीएस अधिकारियों से अपने पद छोड़ने के साथ ही बिहार की राजनीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की राजनीति तलवार के दम पर चलती है वहां चुनाव में हिंसा होती है। महिलाएं रात में आजादी से नहीं घूम सकतीं है।

सीएम स्टालिन और उसका बेटा सनातन और बिहारियों तो देते हैं गाली
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने उस समय विवाद खड़ा कर दिया जब उन्होंने सनातन धर्म को ‘मलेरिया’ और ‘डेंगू’ से जोड़कर इसके उन्मूलन का आह्वान किया। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन सनातन धर्म और बिहार के लोगों को गाली देते हैं। इसके बाद भी लालू परिवार उनको संरक्षण दे रहा है। स्टालिन ने कहा था कि बिहार के लोग शौचालय साफ करने के लिए तमिलनाडु आते हैं। उनके मंत्री बेटे ने देश के सबसे बड़े संवैधानिक पद पर बैठीं आदिवासी महिला का भी अपमान किया था। इसके बावजूद राजद-कांग्रेस के लोग स्टालिन को अपने साथ लेकर यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में मां जानकी के मंदिर में स्टालिन का जाना सनातनियों का अपमान है। भाजपा के मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार ने कहा कि स्टालिन और तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए, जबकि ये खुद अपने राज्यों में कई अधिकार का हनन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के यूपी-बिहार के लोगों को गुंडा बताया
पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान ममता बनर्जी लगातार अपने बयानों में यूपी-बिहार से आए लोगों को गुंडा बताया था। नंदीग्राम की एक जनसभा में ममता बनर्जी ने कहा, ‘मुझ पर जो हमला हुआ वह नंदीग्राम के किसी व्यक्ति ने नहीं किया बल्कि यूपी-बिहार के गुंडों ने किया है। अगर वे फिर आते हैं तो महिलाओं को उन्हें बर्तनों से पीटना चाहिए। ममता ने कहा कि पान-मसाला खाने वाले, भगवा कपड़े पहनने वाले और तिलक लगाने वाले गुंडों को यहां भेजा गया है। ये लोग हमारे कल्चर को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक अन्य बयान में यहां तक कह दिया कि अगर बंगाल को जलाया तो असम, नॉर्थ-ईस्ट, उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली भी जलेंगे। इस बयान पर ममता बनर्जी के खिलाफ पटना में शिकायत दर्ज की गई। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण सिंह कल्लू ने ममता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने बिहार को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है।

तमिलनाडु में सड़कें और शौचालय साफ करते हैं बिहारी – दयानिधि मारन
डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने 2019 में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि उत्तर प्रदेश और बिहार से जो हिंदी भाषी तमिलनाडु आते हैं, वे निर्माण कार्य करते हैं या सड़कों और शौचालयों की सफाई करते हैं। क्लिप में, मारन अंग्रेजी और हिंदी सीखने वाले लोगों की तुलना करते सुने जा सकते हैं। वह कहते हैं अंग्रेजी वाले आईटी कंपनियों में चले जाते हैं, जबकि बिहार और हिंदी वाले छोटी-मोटी नौकरियां करते हैं। 2023 में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपने पोस्ट में इंडिया ब्लॉक पर देश के लोगों को जाति, भाषा और धर्म के आधार पर विभाजित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। और डीएमके सांसद की इस टिप्पणी के खिलाफ गठबंधन की ‘निष्क्रियता’ की आलोचना की है। शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘इंडिया ब्लॉक का एजेंडा सनातन धर्म का अपमान करना और देश के लोगों को विभाजित करना है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार को छोटा-मोटा राज्य बताया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तो बिहार जैसे गौरवशाली राज्य की गिनती छोटे-मोटे राज्यों में कर डाली। उन्होंने एक बयान केंद्रीय बजट में बिहार को मिली सौगातों का जिक्र करते हुए कहा बिहार जैसे छोटा-मोटा राज्य को बजट में कुछ खास नहीं दिया गया। खरगे के इस अपमानजनक बयान पर बिहार के सियासी हलकों में बवाल हो गया। बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने खरगे के बयान को बिहार के आत्मसम्मान पर चोट बताया। उन्होंने सोशल मीडिया में एक वीडियो साझा कर कहा, बिहार चाणक्य, बुद्ध और जयप्रकाश नारायण की धरती है। खरगे का यह बयान उनकी छोटी मानसिकता को दर्शाता है। एनडीए नेताओं ने बिहार को चाणक्य, बुद्ध, महावीर, आर्यभट्ट और जयप्रकाश नारायण की धरती बताकर कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाए।

मुंबई में बिहार के लोगों के लिए परमिट सिस्‍टम लागू हो- उद्धव ठाकरे
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई में बिहार के लोगों के लिए परमिट सिस्‍टम लागू करने की मांग की थी। तब बिहार बीजेपी के वरिष्‍ठ नेता गिरिराज सिंह ने उद्धव को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि बिहार के लोगों को कहीं जाने के लिए परमिट की जरूरत नहीं है। दरअसल, ठाकरे बंधुओं की राजनीति लंबे समय से उत्तर भारतीयों के खिलाफ रही है। बिहारियों के खिलाफ रही है। आजकल दोनों भाई एक हुए हैं तो इनकी पार्टी के लोग बिहार के लोगों को निशाना बना रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो हैं, जिसमें बिहार के लोगों को थप्पड़ मारे जा रहे हैं। उनकी पिटाई हो रही है और उन्हें जबरदस्ती मराठी बोलने पर मजबूर किया जा रहा है। बिहार के लोगों से कहा जाता है कि आपकी महाराष्ट्र में कोई जगह नहीं है और वापस चले जाओ।

बिहारियों ने महाराष्ट्र में अपराध बढ़ाया, घुसपैठ की – राज ठाकरे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष और उद्धव के भाई राज ठाकरे तो बिहारियों के विरोध में उनसे भी दो कदम आगे निकल गए। राज ठाकरे ने कहा कि वो महाराष्ट्र में रहने वाले बिहारियों को घुसपैठिया कहेंगे और उन्हें वहां से भगाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार से आए लोगों की वजह से महाराष्ट्र में अपराध बढ़ रहा है। इतना नहीं ठाकरे ने एक कदम आगे बढ़ते हुए यहां तक धमकी दी कि वो महाराष्ट्र में हिंदी चैनलों को बंद करा देंगे। तब इसी मामले में पटना यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर विनय कुमार सिंह ने स्‍थानीय सीजेएम कोर्ट में एमएनएस चीफ ठाकरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

सलमान खुर्शीद ने किया बिहार की जनता का अपमान
बिहार में जब नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तो इससे सत्ता में वापसी के सपना संजोए कांग्रेस को गहरा आघात लगा। महागठबंधन में शामिल पार्टियों में सबसे खराब प्रदर्शन कांग्रेस का रहा। इसको लेकर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इसमें आखिरी मुगल सम्राट के उदार मूल्यों के आधार पर कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं को समझाने की कोशिश की, वहीं कांग्रेस की फजीहत के लिए बिहार की जनता को ही जिम्मेदार बताकर अपमान किया। सलमान खुर्शीद ने बिहार की जनता पर आरोप लगाया कि उन्हें उदारवादी मूल्यों की कदर नहीं है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “अगर बिहारी मतदाता का मूड उन लिबरल वैल्यू को स्वीकारने का नहीं है, जिनका हम समर्थन करते हैं या जिन्हें हम पोषित करते हैं तो हमें सत्ता में लौटने के लिए छोटे रास्तों पर फोकस करने की बजाए लंबा संघर्ष करना होगा।”

गरीब बिहारी मुफ्त वैक्सीन के लालच में आ गए-अर्चना डालमिया
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना में एनडीए की बढ़त को देखकर कांग्रेस के नेताओं के सुर बदल गए। कोई ईवीएम हैक होने की बात कहने लगा, तो कोई जनता को लालच दिए जाने की बात कर रहा था। लेकिन कांग्रेस के नेता अपने बयानों से बिहार के जनादेश को स्वीकार करने की जगह उसे अपमानित करने का काम करते रहे। कांग्रेस नेता अर्चना डालमिया ने ट्वीट कर कहा कि लगता है गरीब बिहारी मुफ्त वैक्सीन के लालच में आ गए।

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में अधीर रंजन ने खेला क्षेत्रीय कार्ड
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने ड्रग्स केस में आरोपी रिया चक्रवर्ती का समर्थन किया था। जिस पर बिहार के उपमुख्यमंत्री रहे सुशील कुमार मोदी ने उनपर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि अधीर रंजन चौधरी ने रिया को बेकसूर बताकर बिहार की जनता और सुशांत के लाखों प्रशंसकों का अपमान किया। इससे पहले पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने कोलकाता में सुशांत सिंह राजपूत केस से जुड़े ड्रग मामले में गिरफ्तार हुईं रिया चक्रवर्ती के समर्थन रैली निकाली थी।

कांग्रेस ने बिहार के वरिष्ठ नेता सीताराम केसरी का किया अपमान
सीताराम केसरी बिहार के पिछड़े वर्ग से थे और 1996 से 1998 तक कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। अब पार्टी वेबसाइट में पूर्व अध्यक्षों की लिस्ट में उनका नाम नहीं है। दरअसल, राजीव गांधी के निधन के बाद पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव कांग्रेस के अध्यक्ष बने। सितंबर 1996 में नरसिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ा तो सीताराम केसरी अध्यक्ष बने। 9 मार्च 1998 को केसरी ने अपने इस्तीफे की मंशा जाहिर की, हालांकि बाद में उन्होंने अपना मन बदल लिया था। इसके बाद सीडब्ल्यूसी की बैठक हुई और प्रणब मुखर्जी ने पार्टी प्रमुख के रूप में उनकी सेवाओं के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और सोनिया गांधी को पद संभालने का प्रस्ताव पेश किया। इसी दिन औपचारिक रूप से अध्यक्ष की कुर्सी सोनिया को दे दी गई और आनन-फानन में केसरी की नेमप्लेट हटा दी गई और इसे कूड़ेदान में फेंक दिया गया। इसके बाद यूथ कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने उनकी धोती खींचने की भी कोशिश की।

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का ”बिहारी मजदूरों” पर बयान
कांग्रेस के विवादित बयान देने वाले नेताओं की इस कड़ी में एक नाम हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हुए नुकसान के लिए सीएम सुक्खू ने बिहार के निर्माण मजदूरों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि शिमला में बिहारियों ने “फ्लोर पर फ्लोर” बनाकर नुकसान पहुंचाया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसे बिहारियों का अपमान बताया। इसी तरह पंजाब के कांग्रेस नेता और संगरूर से उम्मीदवार सुखपाल सिंह खैरा ने विवादित बयान दिया था। 18 मई 2024 को खैरा ने एक चुनावी सभा में कहा कि कांग्रेस से सत्ता में आने पर पंजाब में बिहार और उत्तर प्रदेश से आने वाले प्रवासियों के लिए हिमाचल प्रदेश की तरह कानून बनाया जाएगा, जो उन्हें कुछ अधिकारों से वंचित करेगा। इस बयान को भाजपा ने बिहार की चुनावी रैली में “बिहारियों का अपमान” करार दिया और बीजेपी ने इसे कांग्रेस की विभाजनकारी मानसिकता का उदाहरण बताया था।

 

 

 

Leave a Reply