Home समाचार मोदी सरकार के लिए उपलब्धियों भरा रहा 2021, खेल के क्षेत्र में...

मोदी सरकार के लिए उपलब्धियों भरा रहा 2021, खेल के क्षेत्र में अब तक का सबसे कामयाब रहा यह साल

SHARE

कोरोना के कारण वर्ष 2021 कई चुनौतियों को लेकर आया, लेकिन यह साल ऐतिहासिक उपलब्धियों का गवाह भी बना। खेल के क्षेत्र में यह साल को चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए जाना जाएगा। वर्ष 2021 भारत के लिए खेल इतिहास में अब तक का सबसे कामयाब साल रहा। इस साल टोक्यो ओलंपिक में सबसे अधिक सात पदक जीतने के साथ ही भारत ने पैरा-ओलंपिक में भी 19 पदक के साथ अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

आइए एक नजर डालते हैं वर्ष 2021 के दौरान खेल क्षेत्र की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों पर-

टोक्यो ओलंपिक में भारत का सराहनीय प्रदर्शन:

• भारत ने ओलंपिक, 2020 में 1 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 7 पदक जीते, जो किसी भी ओलंपिक में भारत की ओर से सर्वाधिक पदक हैं।

• नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीता। एथलेटिक्स में यह अब तक का पहला पदक है और वह किसी भी ओलंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाले दूसरे भारतीय हैं।

• मीरा बाई चानू ने 24 जुलाई, 2021 को 49 किलोग्राम भारोत्तोलन में रजत पदक जीता, जो ओलंपिक में भारोत्तोलन में अब तक का दूसरा पदक था।

• लवलीना बोरगोहेन ने 30 जुलाई, 2021 को वेल्टर वेट बॉक्सिंग में कांस्य पदक जीता।

• हॉकी पुरुष टीम ने 1980 के ओलंपिक के 41 साल बाद 2020 में टोक्यो में कांस्य पदक जीता।

• महिला बैडमिंटन की एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर पीवी सिंधु लगातार दो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी बनीं।

• रवि दहिया ने पुरुषों के 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक और बजरंग पुनिया ने 65 किलोग्राम वर्ग में कुश्ती में कांस्य पदक जीता।

टोक्यो पैरालंपिक 2020 में भारत का शानदार प्रदर्शन:

• भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में 19 पदक जीते। टोक्यो पैरालंपिक तक, भारत ने पिछले सभी पैरालंपिक में कुल 12 पदक जीते।

• यह पैरालंपिक पदक तालिका में भारत की सर्वोच्च रैंकिंग (24वीं) भी है। पिछली सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 25वीं थी, जो 1972 में आई थी।

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार:
हर साल खेलों में उत्कृष्टता को मान्यता देने और पुरस्कृत करने के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कार दिए जाते हैं। इस वर्ष राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 13 नवंबर, 2021 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में 72 उत्कृष्ट एथलीटोंऔर कोचों को पुरस्कार प्रदान किए।

भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) संस्थागत पुरस्कार:
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने 17 नवंबर, 2021 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में 246 एथलीटों और कोचों को पहली बार भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) संस्थागत पुरस्कार प्रदान किए। ये पुरस्कार वर्ष 2016-17, 2017-18, 2018-19 और 2019-20 के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल प्रोत्साहन योजनाओं के तहत असाधारण प्रदर्शन के लिए दिए गए।

फिट इंडिया के तहत महत्वपूर्ण पहल:
• फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन 13 अगस्त से 2 अक्टूबर तक किया गया।
• फिट इंडिया मोबाइल ऐप 29 अगस्त को लॉन्च किया गया।
• फिट इंडिया क्विज का आयोजन किया गया।

मेधावी खिलाड़ियों को सहायता:
खेल विभाग ने 22 जुलाई 2021 को एशियाई, राष्ट्रमंडल या ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के लिए आईआईएम रोहतक द्वारा आयोजित खेल प्रबंधन कार्यक्रम में कार्यकारी स्नातकोत्तर डिप्लोमा (ईपीजीडीएसएम) करने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। विभाग द्वारा इस तरह की सहायता ईपीजीडीएसएम पाठ्यक्रम के शुरू होने की तिथि सितंबर 2021 से सितंबर 2026 तक, 5 वर्षों तक जारी रहेगी। इसमें प्रत्येक उम्मीदवार को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

डब्ल्यूएडीए (वाडा) ने बहाल की एनडीटीएल की मान्यता:
राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला (एनडीटीएल) ने वर्ल्ड एंटी डोपिंग एजेंसी (डब्ल्यूएडीए) की पुनः मान्यता हासिल कर ली है। इसके साथ ही एनडीटीएल का एंटी डोपिंग परीक्षण और अन्य गतिविधियां तुरंत प्रभाव से दोबारा शुरू हो जाएंगी।एनडीटीएल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (एनआईपीईआर), गुवाहाटी और सीएसआईआर-आईआईआईएम जम्मू के साथ एंटी डोपिंग साइंस में सहयोग कर रही है। एनडीटीएल अपनी अनुसंधान गतिविधियों और एंटी डोपिंग प्रयासों को मजबूत करने के लिए वाडा से मान्यता प्राप्त अन्य प्रयोगशालाओं के साथ भी सहयोग कर रही है।

#चीयर4इंडिया अभियान:
टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले सभी भारतीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस अभियान के तहत एक सोशल मीडिया ग्रुप बनाया गया था। ओलंपिक में भाग लेने वाले सभी एथलीट, कोच और सपोर्ट स्टाफ इस ग्रुप के सदस्य थे ताकि असाधारण परिस्थितियों में आयोजित किए गए इन खेलों के दौरान एथलीटों के बीच एकता की भावना पैदा की जा सके।

भारतीय ओलंपिक टीम-2020 के लिए थीम सॉन्ग और #चीयर4इंडिया अभियान का शुभारंभ:
टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों की भारतीय ओलंपिक टीम के लिए आधिकारिक थीम सॉन्ग का 24 जून, 2021 को नई दिल्ली में शुभारंभ किया गया। ओलंपिक के बारे में प्रश्नोत्तरी, सेल्फी पॉइंट, वाद-विवाद और ओलंपिक पर चर्चा जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से एक राष्ट्रव्यापी #चीयर4इंडिया अभियान की शुरुआत की गई। ये गतिविधियां प्रधानमंत्री की परामर्श के अनुरूप शुरू की गईं ताकि पूरा देश टोक्यो ओलंपिक में जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों को समर्थन और प्रेरित करने के लिए एक साथ आ जाए।

केंद्रीय एथलीट चोट प्रबंधन प्रणाली (सीएआईएमएस):
केंद्रीय एथलीट चोट प्रबंधन प्रणाली (सीएआईएमएस) युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा 11 जून 2021 को शुरू की गई अपनी किस्म की पहली पहल है, जिसकी शुरुआत खेल चिकित्सा और पुनर्वास सहायता को सुव्यवस्थित करने के लिए की गई। सीएआईएमएस की कोर कमेटी में इस लाइन के प्रतिष्ठित और शीर्ष विशेषज्ञ शामिल हैं। सीएआईएमएस से एथलीटों के चोट प्रबंधन और उपचार के तरीकों में क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है। इसमें चार संरचनाएं- एथलीट वेलनेस सेल, ऑन फील्ड स्पोर्ट्स मेडिसिन विशेषज्ञ, राष्ट्रीय संसाधन रेफरल टीम और केंद्रीय कोर टीम शामिल होंगी।

7 राज्यों में 143 खेलो इंडिया केंद्र:
खेल विभाग ने 25 मई 2021 को 114.30 करोड़ रुपये के कुल बजट अनुमान से 7 राज्यों में 143 खेलो इंडिया केंद्रों के एक अन्य सेट का शुभारंभ किया। इन केंद्रों को एक-एक खेल विधा सौंपी जाएगी। ये राज्य हैं- महाराष्ट्र, मिजोरम, गोवा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर।

एथलीट, कोच और सहायक कर्मचारियों के लिए चिकित्सा और दुर्घटना बीमा:
कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए 20 मई 2021 को यह घोषणा की गई कि भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) इस वर्ष से 13,000 से अधिक एथलीटों के लिए चिकित्सा और दुर्घटना बीमा कवर का विस्तार करेगा। इसके तहत एसएआई उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी राष्ट्रीय कैंपरों, संभावित राष्ट्रीय कैंपरों और खेलो इंडिया कैंपरों को 5-5 लाख रुपये का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य बीमा 5-5 लाख रुपये का होगा, इसके साथ ही दुर्घटना या मृत्यु होने पर 25 लाख रुपये का कवर भी शामिल होगा।

कोविड-19 के आलोक में पूर्व-अंतर्राष्ट्रीय एथलीटों और कोचों को सहायता:
कोविड-19 महामारी को ध्यान रखते हुए यह सुनिश्चित करने के लिए कि पूर्व अंतर्राष्ट्रीय एथलीटों और कोचों की चिकित्सा, वित्तीय और लॉजिस्टिक संबंधी सहायता तक पहुंच रहे खेल विभाग भारतीय ओलंपिक संघ और भारतीय खेल प्राधिकरण ने एक विशेष सहायता प्रकोष्ठ बनाने के लिए 9 मई, 2021 को सहयोग करने का निर्णय लिया। इसके लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय खिलाड़ी कल्याण कोष (पीडीयूएनडब्ल्यूएफएस) से वित्तीय सहायता, गंभीर स्थिति में रह रहे खिलाड़ियों और उनके परिवारों को प्रदान की जाएगी।

खेलो इंडिया विंटर गेम्स का दूसरा संस्करण:
खेलो इंडिया विंटर गेम्स के दूसरे संस्करण का प्रधानमंत्री मोदी ने 26 फरवरी, 2021 को वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस स्पोर्ट्स मीट का 2 मार्च, 2021 को जम्मू और कश्मीर के गुलमर्ग में सफलतापूर्वक समापन हुआ। वार्षिक कार्यक्रम का जम्मू-कश्मीर खेल परिषद और जम्मू-कश्मीर के शीतकालीन खेल संघ द्वारा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के साथ आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री ने जम्मू-कश्मीर में एक अत्याधुनिक शीतकालीन खेल अकादमी बनाने सहित जम्मू-कश्मीर में खेल इकोसिस्टम को और बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं की घोषणा की।

फिट इंडिया स्कूल वीक:
केंद्रीय खेल मंत्री ने “फिट इंडिया स्कूल वीक” कार्यक्रम के दूसरे संस्करण का 27 जनवरी 2021 को समापन किया। “फिट इंडिया स्कूल वीक” कार्यक्रम का समारोह मनाने के लिए, केंद्रीय विद्यालय-2, नौसेना बेस, कोच्चि के छात्रों द्वारा ने एक लाइव वर्चुअल प्रदर्शन कार्यक्रम की प्रस्तुत दी, जिसमें सूर्य नमस्कार, फ्री-हैंड एक्सरसाइज, एरोबिक्स, नृत्य और तात्कालिक प्रदर्शन की ऑनलाइन प्रस्तुति दी गई। यह कार्यक्रम बच्चों को उनकी दिनचर्या में शारीरिक गतिविधि और खेल को शामिल करने के लिए प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

ऑनर स्पोर्टिंग हीरोज:
देश के खेल नायकों को सम्मानित करने के प्रयास के तहत खेल विभाग ने 17 जनवरी 2021 को भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) की सभी आगामी और उन्नत खेल सुविधाओं का नाम उन प्रसिद्ध खिलाड़ियों के नाम पर रखने का निर्णय लिया है, जिन्होंने देश में खेलों के लिए अपना योगदान दिया है।

वातानुकूलित आवासीय छात्रावास:
डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज के परिसर में 162 बिस्तरों वाले वातानुकूलित आवासीय छात्रावास का 07 जनवरी 2021 को उद्घाटन किया गया। यह सुविधा 12.26 करोड़ रुपये की लागत से जुटाई गई है। इस छात्रावास सुविधा के निर्माण से उन भारतीय निशानेबाजों के प्रशिक्षण को बढ़ावा मिलेगा जो इससे पहले शूटिंग रेंज के बाहर किसी आवास में रह रहे थे।

केंद्रीय खेल मंत्री ने 04 जनवरी 2021 को असम राइफल्स पब्लिक स्कूल (एआरपीएस) शिलांग का खेलो इंडिया स्पोर्ट्स स्कूल के रूप में शुभारंभ किया। वर्तमान में शिक्षा के साथ खेल को एकीकृत करने और इस प्रक्रिया में देश में खेल विकसित करने एवं एथलीटों के समग्र प्रोफाइल तथा दृष्टिकोण में सुधार करने के लिए 9 खेल स्कूलों को मंजूरी दी गई है।

Leave a Reply