Home चुनावी हलचल TIMES NOW नवभारत और VETO ओपिनियन पोल: यूपी में एक बार फिर...

TIMES NOW नवभारत और VETO ओपिनियन पोल: यूपी में एक बार फिर बीजेपी सरकार

SHARE

देश में मोदी लहर जोर-शोर से कायम है। अगले महीने की 10 तारीख से शुरू होने जा रहे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। वैसे तो उत्तर प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव शुरू होने हैं, लेकिन सबकी निगाहें 403 सीटों वाले यूपी पर लगी हुई हैं। चुनाव पूर्व सर्वे को माने तो यूपी में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने जा रही है।

TIMES NOW नवभारत और VETO के ओपिनियन पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन की जीत होगी। TIMES NOW नवभारत और VETO के इस ओपिनियन पोल के मुताबिक, अखिलेश यादव की नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी दूसरे नंबर पर, जबकि मायावती की बहुजन समाज पार्टी तीसरे नंबर पर रहेगी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के काफी जोर लगाने के बाद भी कांग्रेस चौथे स्थान के लिए संघर्ष कर रही है। TIMES NOW नवभारत और VETO के चुनाव पूर्व सर्वे के अनुसार बीजेपी गठबंधन को 213-231 सीटों पर जीत मिल सकती है। समाजवादी पार्टी गठबंधन को 147-158 सीटों पर जबकि बहुजन समाज पार्टी को 10-16 सीटों पर जीत मिल सकती है। सर्वे के अनुसार कांग्रेस को 9-15 और अन्य को 2-5 सीटें मिल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में पसंदीदा मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ पहली पसंद बने हुए हैं। उत्तर प्रदेश के 52.3 प्रतिशत लोग चाहते हैं कि योगी आदित्यनाथ फिर से मुख्यमंत्री बने। अखिलेश यादव 36.2 प्रतिशत लोगों की पसंद हैं, जबकि 7.2 प्रतिशत लोग मायावती और सिर्फ 3.4 प्रतिशत लोग प्रियंका गांधी वाड्रा को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।

अगर वोट शेयर की बात करें तो विधानसभा चुनावों में बीजेपी गठबंधन को 38.10 प्रतिशत, समाजवादी पार्टी गठबंधन को 34.78 प्रतिशत, बहुजन समाज पार्टी को 12.70 प्रतिशत, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 8.66 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद है।

इसके पहले एबीपी न्यूज- सी वोटर ओपिनियन पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश चुनाव में इस बार भी बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। सर्वे के अमुसार बीजेपी गठबंधन को 223 से 235 सीटें मिल सकती हैं। समाजवादी पार्टी को 145 से 157 सीटें मिल सकती हैं, जबकि, बीएसपी 8 से 16 सीटों पर सिमट सकती है। कांग्रेस को सिर्फ 3 से 7 सीटें और अन्य को 4 से 8 सीटें आती दिख रही है।

एबीपी न्यूज- सी वोटर ओपिनियन पोल में 42 प्रतिशत वोट शेयर के साथ बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी हुई है। ओपिनियन पोल के मुताबिक, समाजवादी पार्टी को 33 प्रतिशत, बीएसपी को 13, कांग्रेस को 7 और अन्य के खाते में 5 प्रतिशत वोट जा सकता है।

एबीपी-सी वोटर सर्वे के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए योगी आदित्यनाथ सबसे आगे हैं। 43 प्रतिशत लोग उन्हें फिर से मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं, जबकि अखिलेश यादव को 34, मायावती को 14 और प्रियंका गांधी को सिर्फ 4 प्रतिशत लोग मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं।

 

Leave a Reply Cancel reply