Home समाचार राहुल गांधी की न्याय यात्रा बन गई कांग्रेस छोड़ो यात्रा, अब तक...

राहुल गांधी की न्याय यात्रा बन गई कांग्रेस छोड़ो यात्रा, अब तक दो दर्जन सांसद, विधायक व दिग्गज नेता छोड़ चुके पार्टी

SHARE

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा, कांग्रेस छोड़ो यात्रा में बदल चुकी है। इससे देश अब कांग्रेस मुक्त भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। जब से राहुल ने न्याय यात्रा शुरू की है तब से अब तक पार्टी के दो दर्जन से अधिक पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और दिग्गज नेता पार्टी को अलविदा कह चुके हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 7 मार्च को गुजरात पहुंचने वाली है और उससे पहले 4 मार्च गुजरात के दिग्गज नेता और विधायक अर्जुन मोढवाडिया ने पार्टी को अलविदा कह दिया। इन दिनों कांग्रेस को रोज एक न एक झटका लग रहा है। उसके नेता कब उसका साथ छोड़ दें पता नहीं चलता। कांग्रेस पार्टी के अंदर अभी जो हलचल है, वह हाल-फिलहाल से नहीं है। बल्कि गांधी परिवार के अहंकार और अंतर्कलह की वजहों से काफी सालों से है। कभी राहुल गांधी के आसपास ज्योतिरादित्य सिंधिया, मिलिंद देवड़ा, आरपीएन सिंह, जितिन प्रसाद समेत अन्य युवा नेता दिखते थे। लेकिन राहुल के अहंकार की वजह से ये सभी नेता कांग्रेस और राहुल गांधी दोनों का साथ छोड़ चुके हैं। 

हाल-फिलहाल में कांग्रेस छोड़ने वाले 25 नेता

अरुणाचल से कांग्रेस छोड़ने वाले
1. निनॉन्ग एरिंग
अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस नेता और मौजूदा कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने 25 फरवरी 2024 को कांग्रेस को अलविदा कह दिया और बीजेपी ज्वाइन कर लिया। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार और राज्य में मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए, एरिंग ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अरुणाचल प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। एरिंग मनमोहन सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।

2. वांगलिन लोवांगडोंग
25 फरवरी 2024 को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले दूसरे मौजूदा विधायक वांगलिन लोवांगडोंग हैं। दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक, वांगलिन ने बोर्डुआ बोगापानी से निवर्तमान विधानसभा में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व किया।

असम से कांग्रेस छोड़ने वाले
3. अपूर्वा भट्टाचार्य
अपूर्वा भट्टाचार्य ने असम में कांग्रेस के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया। वह एक दशक से अधिक समय तक कांग्रेस में रहे। राहुल गांधी के दौरे से पहले इनका इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा नुकसान माना गया।

4. राणा गोस्वामी
असम में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। राणा गोस्वामी ने असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और पार्टी के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया। राणा गोस्वामी ने पिछले दिनों असम के संगठनात्मक प्रभारी पद से इस्तीफा दिया था।

5. बिस्मिता गोगाई
असम में कांग्रेस का साथ छोड़ने वालीं पूर्व विधायक बिस्मिता गोगाई ने बगैर नाम लिए पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता मेरे ब्लाउज में कमल के बारे में बात करते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं के लिए सम्मान नहीं है।

बंगाल से कांग्रेस छोड़ने वाले
6. कौस्तव बागची
पश्चिम बंगाल कांग्रेस नेता कौस्तव बागची ने संगठन के भीतर “सम्मान की कमी” का दावा करते हुए 28 फरवरी को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बागची ने पिछले साल (2023 में) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ टिप्पणियों पर गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा होने के बाद अपना सिर मुंडवाया था।

बिहार से कांग्रेस छोड़ने वाले
7. सिद्धार्थ सौरभ
बिहार में कांग्रेस पार्टी के विधायक सिद्धार्थ सौरभ ने भाजपा का दामन थाम लिया। बीजेपी में शामिल होने वाले विधायक सिद्धार्थ पटना की बिक्रम सीट से विधायक हैं। कांग्रेस छोड़ने के बाद उन्होंने कहा कि पीएम मोदी व सीएम नीतीश के कामकाज से प्रभावित होकर कांग्रेस से एनडीए में आज आ गया हूं।

8. मुरारी प्रसाद गौतम
कांग्रेस विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने पार्टी छोड़कर एनडीए का दामन थाम लिया। मुरारी प्रसाद गौतम महागठबंधन की सरकार में पंचायती राज मंत्री भी रह चुके हैं। वो रोहतास जिला की एक सीट से विधानसभा के सदस्य हैं।

झारखंड से कांग्रेस छोड़ने वाले
9. गीता कोड़ा
कांग्रेस को आगामी लोकसभा चुनावों से पहले झारखंड में बड़ा झटका लगा है। राज्य में पार्टी की एकमात्र सांसद गीता कोड़ा 26 फरवरी 2024 को प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। वह पश्चिमी सिंहभूम जिले की चाईबासा लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद हैं। 2019 के लोकसभा चुनावों में झारखंड की 14 सीटों में से कांग्रेस को सिर्फ चाईबासा में ही जीत मिली थी। 

ओडिशा से कांग्रेस छोड़ने वाले
10. निहार रंजन
लोकसभा चुनाव और ओडिशा विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व कांग्रेस विधायक निहार रंजन महानंदा 25 फरवरी 2024 को बीजेपी में शामिल हो गए।

छत्तीसगढ़ से कांग्रेस छोड़ने वाले
11. प्रमोद शर्मा
छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा बीजेपी में शामिल हो गए। 2023 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई, इसके बाद से ही प्रमोद शर्मा के पार्टी छोड़ने की चर्चा तेज हो गई थी। जिसके बाद शर्मा 15 फरवरी 2024 को उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया।

12. विधान मिश्रा
पूर्व विधायक विधान मिश्रा ने भी कांग्रेस को अलविदा कह दिया और बीजेपी का दामन थाम लिया। वे जोगी की कैबिनेट में उद्योग मंत्री रह चुके हैं।

13. अरुण सिंह सिसोदिया
राहुल गांधी की न्याय यात्रा से पहले 31 जनवरी 2024 को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के सदस्य और छत्‍तीसगढ़ कांग्रेस महासचिव अरुण सिंह सिसोदिया ने कांग्रेस पार्टी से त्याग पत्र दे दिया।

14. उपेंद्र सिंह
उत्तर प्रदेश के आगरा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के आगमन से कुछ घंटे पहले ही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर उपेंद्र सिंह भाजपा में शामिल हो गए।

राजस्थान से कांग्रेस छोड़ने वाले
15. महेंद्रजीत सिंह मालवीय
राजस्थान के बागीदौरा से कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने आखिर कांग्रेस को बाय बाय कह दिया। कांग्रेस छोड़ने के साथ ही मालवीय ने 19 फरवरी को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

16. राकेश मावई
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मुरैना के पूर्व विधायक राकेश मावई ने 19 जनवरी को कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। मावई ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मावई ने भाजपा की सदस्यता लेने के बाद कहा कि पूरा देश राममय हो रहा है।

मध्य प्रदेश से कांग्रेस छोड़ने वाले
17. दिनेश अहिरवार
मध्य प्रदेश में टीकमगढ़ से पूर्व विधायक दिनेश अहिरवार भाजपा में शामिल हो गए। इसके साथ ही विदिशा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे राकेश कटारे भी भाजपा में शामिल हो गए।

गुजरात से कांग्रेस छोड़ने वाले
18. नारायण राठवा
2024 लोकसभा चुनावों से पहले गुजरात में कांग्रेस को करारा झटका लगा है। राज्यसभा सदस्य और पूर्व रेल राज्य मंत्री नारायण राठवा (70) अपने बेटे के साथ बीजेपी में शामिल हो गए हैं। नारायण राठवा का राज्यसभा के टर्म पूरा होने में अभी कुछ दिन बाकी है। राठवा ने अपने बेटे संग्राम सिंह के साथ गांधीनगर स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय कमलम् में सदस्यता ग्रहण की।

19. सीजे चावड़ा
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को गुजरात में बड़ा झटका लगा है। यहां कांग्रेस के सीनियर विधायक सीजे चावड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। चावड़ा वीजापुर सीट से विधायक थे।

20. चिराग पटेल
गुजरात में हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले पूर्व विधायक चिराग पटेल 4 फरवरी 2024 को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उन्होंने भाजपा की गुजरात इकाई के प्रमुख सी आर पाटिल की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

21. अर्जुन मोढवाडिया
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के गुजरात पहुंचने से पहले कांग्रेस को वहां बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के विधायक अर्जुन मोढवाडिया ने 4 मार्च 2024 को पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया। करीब 40 वर्षों तक पार्टी के साथ जुड़े रहे मोढवाड़िया पार्टी नेतृत्व की तरफ से राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता ठुकराए जाने से आहत थे। मोढवाडिया गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं। वे वर्तमान में पोरबंदर से कांग्रेस विधायक थे।

महाराष्ट्र से कांग्रेस छोड़ने वाले
22. अशोक चव्हाण
महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने पार्टी को छोड़ने का फैसला किया। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका देते हुए चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा देने के एक दिन बाद भाजपा में शामिल हो गए।

23. बाबा सिद्दीकी
मुंबई कांग्रेस के एक प्रमुख मुस्लिम चेहरा बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। बाबा सिद्दीकी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

24. बसवराज पाटिल
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बसवराज पाटिल मुरुमकर ने 27 फरवरी को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। पाटिल 1999 से 2004 के बीच राज्य सरकार में मंत्री रहे थे। वह ओमेरगा-लोहारा और औसा विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

25. मिलिंद देवड़ा
राहुल गांधी के करीबी और कांग्रेस से नाराज चल रहे दक्षिण मुंबई के पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा ने 14 जनवरी 2024 को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। क्या संयोग है कि 14 जनवरी से ही राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू की और इसी दिन उनके करीबी देवड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

Leave a Reply