प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज, 7 मार्च को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में विकसित भारत विकसित जम्मू कश्मीर कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस जम्मू-कश्मीर का इंतजार हम सभी को दशकों से था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘ये वो नया जम्मू-कश्मीर है, जिसका इंतजार हम सभी को कई दशकों से था। ये वो नया जम्मू-कश्मीर है, जिसके लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दिया था। इस नए जम्मू-कश्मीर की आंखों में भविष्य की चमक है। इस नए जम्मू-कश्मीर के इरादों में चुनौतियों को पार करने का हौसला है। आपके ये मुस्कुराते चेहरे देश देख रहा है, और आज 140 करोड़ देशवासी सुकून महसूस कर रहे हैं।’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज जम्मू-कश्मीर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, क्योंकि जम्मू-कश्मीर आज खुलकर के सांस ले रहा है। बन्दिशों से ये आजादी आर्टिकल 370 हटने के बाद आई है। दशकों तक सियासी फायदे के लिए कांग्रेस और उसके साथियों ने 370 के नाम पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को गुमराह किया, देश को गुमराह किया। 370 से फायदा जम्मू कश्मीर को था, या कुछ राजनीतिक परिवार वही इसका लाभ उठा रहे थे, जम्मू-कश्मीर की अवाम ये सच्चाई जान चुकी है कि उनको गुमराह किया गया था। कुछ परिवारों के फायदे के लिए जम्मू-कश्मीर को जंजीरों में जकड़ दिया गया था। आज 370 नहीं है, इसीलिए जम्मू-कश्मीर के युवाओं की प्रतिभा का पूरा सम्मान हो रहा है, उन्हें नए अवसर मिल रहे हैं। आज यहां सबके लिए समान अधिकार भी हैं, समान अवसर भी हैं।’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘आज मुझे यहां टूरिज्म और विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण का सौभाग्य मिला है। किसानों के लिए कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजना भी समर्पित की गई है। 1000 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र भी दिये गए हैं। विकास की शक्ति…पर्यटन की संभावनाएं…किसानों का सामर्थ्य…और जम्मू-कश्मीर के युवाओं का नेतृत्व…विकसित जम्मू-कश्मीर के निर्माण का रास्ता यहीं से निकलने वाला है। जम्मू-कश्मीर केवल एक क्षेत्र नहीं है। ये जम्मू-कश्मीर भारत का मस्तक है। और ऊंचा उठा मस्तक ही विकास और सम्मान का प्रतीक होता है। इसलिए, विकसित जम्मू-कश्मीर, विकसित भारत की प्राथमिकता है।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज यहां से स्वदेश दर्शन योजना के तहत 6 परियोजनाएं देश को समर्पित की गई हैं। इसके अलावा स्वदेश दर्शन स्कीम के अगले चरण का भी शुभारंभ हुआ है। इसके तहत भी जम्मू-कश्मीर समेत देश के अन्य स्थानों के लिए करीब 30 परियोजनाओं की शुरुआत की गई है। आज प्रसाद योजना के तहत 3 परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है, 14 और परियोजनाओं को भी लॉन्च किया गया है। पवित्र हजरतबल दरगाह में लोगों की सहूलियत के लिए जो विकास कार्य हो रहे थे, वो भी पूरे हो चुके हैं। सरकार ने 40 से ज्यादा ऐसी जगहों की पहचान भी की है, जिन्हें अगले 2 वर्षों में टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा। आज ‘देखो अपना देश पीपल्स चॉइस’ अभियान भी लॉन्च किया गया है। इससे, ये एक बहुत बड़ा अनूठा अभियान है। देश के लोग ऑनलाइन जाकर के बताएंगे कि ये देखने जैसी जगह है, और उसमें जो टॉप पर आएंगे, उनके लिए सरकार पसंदीदा, लोगों की चॉइस वाला स्थान के रूप में, उसका पर्यटन स्थल के रूप में विकास करेगी।’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे यहां जम्मू-कश्मीर में G-20 का शानदार आयोजन हुआ। कभी लोग कहते थे- जम्मू-कश्मीर में कौन पर्यटन के लिए जाएगा? आज यहां जम्मू-कश्मीर में पर्यटन के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। अकेले 2023 में ही 2 करोड़ से ज्यादा पर्यटक यहां आए हैं। पिछले 10 वर्षों में अमरनाथ यात्रा में सबसे ज्यादा यात्री शामिल हुए। वैष्णो देवी में श्रद्धालु रिकॉर्ड संख्या में दर्शन कर रहे हैं। विदेशी टूरिस्टों की संख्या भी पहले से ढाई गुना बढ़ी है। अब बड़े-बड़े स्टार भी, सेलिब्रिटी भी, विदेशी मेहमान भी कश्मीर में आए बिना जाते नहीं हैं, वादियों में घूमने आते हैं, यहां वीडियो बनाते हैं, रील बनाते हैं, और वायरल हो रही है।’
समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘जम्मू कश्मीर आज तेज रफ्तार से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। यहां के लोगों को एक नहीं बल्कि 2-2 एम्स की सुविधा मिलने जा रही है। AIIMS जम्मू का उद्घाटन हो चुका है, और AIIMS कश्मीर पर तेजी से काम चल रहा है। 7 नए मेडिकल कॉलेज, 2 बड़े कैंसर अस्पताल स्थापित किए गए हैं। IIT और IIM जैसे आधुनिक शिक्षा संस्थान भी बने हैं। जम्मू-कश्मीर में 2 वंदे भारत ट्रेनें भी चल रही हैं। श्रीनगर से संगलदान और संगलदान से बारामुला के लिए ट्रेन सेवा शुरू हो चुकी है। कनेक्टिविटी के विस्तार से जम्मू-कश्मीर में आर्थिक गतिविधियां तेज हुई हैं। जम्मू और श्रीनगर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर के नए प्रोजेक्ट भी लाए जा रहे हैं।’