Home समाचार राजनीति में कोई ब्रेक नहीं होता, आपका अनुभव देश के काम आता...

राजनीति में कोई ब्रेक नहीं होता, आपका अनुभव देश के काम आता रहेगा- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार 18 मार्च, 2026 को राज्यसभा से रिटायर हो रहे सांसदों को विदाई दी। इस मौके पर पीएम मोदी का अंदाज काफी आत्मीय रहा। उन्होंने कहा कि भले ही सांसद सदन से विदा ले रहे हों, लेकिन सार्वजनिक जीवन में उनकी पारी कभी खत्म नहीं होती। प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि राजनीति में रिटायरमेंट जैसा कुछ नहीं होता। उन्होंने सांसदों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “राजनीति में कोई विराम नहीं होता; आपका अनुभव और योगदान राष्ट्र के जीवन का सदा हिस्सा रहेगा।” उन्होंने कहा कि चाहे ये नेता दोबारा सदन में आएं या समाज सेवा के किसी और काम में जुट जाएं, उनका अनुभव देश के लिए एक बड़ी संपत्ति की तरह है।

पीएम मोदी ने सदन के दिग्गजों का जिक्र करते हुए नई पीढ़ी को एक सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि नए सांसदों को एच.डी. देवगौड़ा, मल्लिकार्जुन खड़गे और शरद पवार जैसे अनुभवी नेताओं के काम करने के तरीके को देखना और सीखना चाहिए। उन्होंने उपसभापति हरिवंश जी की भी तारीफ की और कहा कि मुश्किल वक्त में भी शांत रहकर सदन चलाना उनसे सीखा जा सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा, “समाज द्वारा दी गई जिम्मेदारियों के प्रति पूर्णतः समर्पित रहने के बारे में इन वरिष्ठ नेताओं से बहुत कुछ सीखा जा सकता है।”

प्रधानमंत्री ने राज्यसभा को एक महान खुला विश्वविद्यालय बताया। उन्होंने कहा कि यहां बिताए गए 6 साल किसी भी व्यक्ति को राष्ट्रीय मुद्दों की गहरी समझ दे देते हैं। उन्होंने कहा कि यहां व्यतीत छह वर्ष राष्ट्र के प्रति योगदान और आत्म-विकास के लिए अमूल्य हैं। राज्यसभा की अहमियत समझाते हुए पीएम ने कहा कि हमारे लोकतंत्र में इस सदन की भूमिका बहुत बड़ी है। यहां जब किसी मुद्दे पर दोबारा विचार होता है, तो उससे देश के लिए बेहतर फैसले निकलकर आते हैं। उन्होंने कहा कि यह द्वितीय मत हमारे लोकतंत्र में एक विशाल योगदान है जिसे हमें संजो कर रखना चाहिए।

पीएम मोदी ने यह भी याद दिलाया कि रिटायर हो रहे सांसदों के पास एक खास याद रहेगी। इन्होंने पुरानी संसद की विरासत भी देखी और नई संसद के ऐतिहासिक पलों का हिस्सा भी बने। जाते-जाते पीएम ने भरोसा जताया कि इन सांसदों की दूरदृष्टि और क्षमता अब पहले से कहीं ज्यादा बढ़ चुकी है और वे देश निर्माण में अपना योगदान देते रहेंगे।

Leave a Reply