Home समाचार केरलम में LDF-UDF पर प्रधानमंत्री मोदी का तीखा हमला: एक भ्रष्ट तो...

केरलम में LDF-UDF पर प्रधानमंत्री मोदी का तीखा हमला: एक भ्रष्ट तो दूसरा महाभ्रष्ट, खत्म होगा बारी-बारी से लूट का खेल

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार, 29 मार्च को केरलम के पालक्काड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की राजनीति पर जोरदार हमला बोला और बदलाव का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केरलम अब बदलाव चाहता है और यहां का माहौल एक मूवमेंट में बदल चुका है। केरलम की राजनीति पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य दशकों से LDF और UDF के बीच फंसा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर कम्युनिस्ट हैं और दूसरी ओर कांग्रेस, जहां एक भ्रष्ट है, तो दूसरा महाभ्रष्ट। एक सांप्रदायिक है, तो दूसरा महा-सांप्रदायिक।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों दलों ने ‘बारी-बारी से लूट’ का एक गुप्त समझौता कर रखा है, जिसके कारण केरलम का विकास ठप पड़ा है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि दोनों गठबंधन केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं और राज्य के विकास को नजरअंदाज करते हैं। पीएम मोदी ने दावा किया कि युवाओं, महिलाओं और किसानों का भरोसा अब बीजेपी और एनडीए के साथ जुड़ता जा रहा है। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत और राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि भी दी।

पीएम मोदी ने दावा किया कि इस बार केरलम में बीजेपी और एनडीए ही A टीम के रूप में उभर रही है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और कम्युनिस्ट एक-दूसरे को बीजेपी की B टीम बताते हैं, लेकिन असलियत यह है कि दोनों जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि केरलम में एनडीए सरकार बनती है तो पिछले वर्षों में हुए सभी घोटालों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ एक-दूसरे के खिलाफ कभी कार्रवाई नहीं करते क्योंकि वे मिले हुए हैं, लेकिन बीजेपी सरकार आने पर दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

प्रधानमंत्री ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केरलम पर 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज हो चुका है और पिछले 10 वर्षों में यह तीन गुना बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पैसा जनता के विकास के बजाय नेताओं की जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि केरलम के पास प्राकृतिक संसाधन, पर्यटन और शिक्षित युवाओं की ताकत है, लेकिन इसके बावजूद राज्य पलायन की समस्या से जूझ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दशक में कोई बड़ा औद्योगिक प्रोजेक्ट शुरू नहीं हुआ, जिससे रोजगार के अवसर सीमित रहे।

सरकारी कर्मचारियों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वेतन और पेंशन में देरी की खबरें आम हैं। उन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी आर्थिक स्थिति खराब है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक यहां वाम और कांग्रेस के विधायक रहे, लेकिन क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ‘स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी’ और आईआईटी जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए राज्य में ही रोजगार के अवसर पैदा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट का मॉडल जहां भी जाता है, वहां सब कुछ चौपट कर देता है।

महिलाओं के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी ‘वुमन-लेड डेवलपमेंट’ पर काम कर रही है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीति में अधिक भागीदारी दी जा रही है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।

किसानों की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने कहा कि धान की खरीद में देरी और भुगतान की समस्या से किसान परेशान हैं। पीएम मोदी ने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं से लाखों किसानों को फायदा मिला है और भविष्य में एनडीए सरकार बनने पर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सरकार भारतीयों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है और दुनिया के नेताओं से संपर्क में है। पीएम मोदी ने विकसित केरलम का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत और राज्य को तेज विकास देगी। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार बीजेपी उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं।

Leave a Reply