Home समाचार बड़े घरानों के अहंकारी उत्पाती छात्र जैसे सांसदों को भी मुस्कुराकर संभाल...

बड़े घरानों के अहंकारी उत्पाती छात्र जैसे सांसदों को भी मुस्कुराकर संभाल लेते हैं ओम बिरला– प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 मार्च को वीडियो संदेश के जरिए राजस्थान के कोटा एयरपोर्ट शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा में होने वाले हंगामे पर तंज कसा। लोकसभा अध्यक्ष और कोटा के सांसद ओम बिरला की कार्यशैली की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वे सदन को बहुत संयम और धैर्य के साथ चलाते हैं। प्रधानमंत्री ने चुटीले अंदाज में संसद के भीतर होने वाले हंगामे पर कहा कि कभी-कभी कुछ बड़े घरानों के अहंकारी उत्पाती छात्र जैसे सांसद सदन में आ जाते हैं। वो अपनी हुड़दंग करने की आदत तो छोड़ते नहीं हैं, लेकिन बिरला जी सदन के मुखिया की तरह सबको संभालते हैं। वे कड़वे बोल भी मुस्कुराकर झेल लेते हैं और किसी को अपमानित नहीं करते।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि ओम बिरला पर कोटा की शिक्षा नगरी होने का पूरा प्रभाव दिखता है। जिस तरह कोटा में छात्रों को अनुशासन और प्यार से सिखाया जाता है, वैसे ही बिरला जी सदन में माननीय सांसदों की भावनाओं और आग्रहों का आदर करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिरला जी पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर काम करते हैं, यही कारण है कि वे सदन में सभी के प्रिय हैं और एक कुशल अभिभावक की भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान हजारों करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया गया और 21 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला काटो का आधुनिक एयरपोर्ट हाड़ौती क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में अजमेर से भी राजस्थान के लिए कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई थी। एक ही सप्ताह में दो बड़े कार्यक्रम इस बात का संकेत हैं कि राजस्थान तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ समेत पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए यह दिन नई उम्मीद लेकर आया है। अब तक कोटा के लोगों को फ्लाइट पकड़ने के लिए जयपुर या जोधपुर जाना पड़ता था, जिससे समय और परेशानी दोनों होती थी। एयरपोर्ट बनने के बाद यात्रा आसान होगी और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कोटा को शिक्षा और ऊर्जा का बड़ा केंद्र बताते हुए कहा कि यहां न्यूक्लियर, कोयला, गैस और जल जैसे कई स्रोतों से बिजली का उत्पादन होता है। उन्होंने कोटा कचौरी, कोटा डोरिया साड़ी, कोटा स्टोन और बूंदी के बासमती चावल जैसे स्थानीय उत्पादों का भी जिक्र किया और कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से इनकी पहुंच अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि कोटा और हाड़ौती क्षेत्र आस्था और पर्यटन के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। श्री मथुराधीश मंदिर, केशवराय पाटन, खड़े गणेश जी और गोदावरी बालाजी जैसे धार्मिक स्थल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। वहीं गरड़िया महादेव और मुकुंदरा हिल्स जैसे प्राकृतिक और वन्यजीव स्थल पर्यटन की बड़ी संभावनाएं रखते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोटा पहले से ही सड़क और रेल कनेक्टिविटी के जरिए तेजी से जुड़ रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यहां के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाया जा रहा है, जबकि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से भी क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब हवाई कनेक्टिविटी जुड़ने से विकास का नया अध्याय शुरू होगा। प्रधानमंत्री ने ओम बिरला के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे कोटा के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। एयरपोर्ट, ट्रिपल आईटी कैंपस और सड़कों के विस्तार जैसे कई प्रोजेक्ट्स उनके प्रयासों का परिणाम हैं।

Leave a Reply