Home समाचार मलेशिया दौरे पर रवाना हुए प्रधानमंत्री मोदी, रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई...

मलेशिया दौरे पर रवाना हुए प्रधानमंत्री मोदी, रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने की तैयारी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 7 जनवरी को अपने आधिकारिक मलेशिया दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। रवाना होने से पहले जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह यात्रा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर हो रही है और वह इस दौरे को लेकर काफी उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के रिश्ते ऐतिहासिक रहे हैं और पिछले कुछ वर्षों में इनमें लगातार मजबूती आई है। दोनों देशों के बीच भरोसे और सहयोग का दायरा तेजी से बढ़ा है।

प्रधानमंत्री ने अपने बयान में साफ किया कि इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। खास तौर पर व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर रहेगा। उन्होंने बताया कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और गहरा करने, आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने पर बातचीत होगी। इसके साथ ही नए क्षेत्रों में सहयोग के रास्ते भी खोले जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने मलेशिया में रह रहे भारतीय समुदाय से मिलने की इच्छा भी जताई। उन्होंने कहा कि करीब 30 लाख भारतीय मूल के लोग मलेशिया में रहते हैं, जो दुनिया के सबसे बड़े भारतीय प्रवासी समुदायों में से एक हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि मलेशिया की प्रगति में उनकी अहम भूमिका रही है। साथ ही वे भारत और मलेशिया के बीच एक मजबूत और जीवंत सेतु का काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि ‘मैं आज अपने दोस्त प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के न्योते पर मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर जा रहा हूं। भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के सालों में लगातार प्रगति हुई है। मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ बातचीत और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं। हमारा लक्ष्य रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहरा करना, आर्थिक और इनोवेशन साझेदारी को बढ़ाना व अपने सहयोग को नए क्षेत्रों में फैलाना होगा।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय समुदाय और दोनों देशों के बीच की यह ऐतिहासिक मित्रता भारत-मलेशिया संबंधों की मजबूत नींव है, जिसे आने वाले समय में और सशक्त किया जाएगा।

Leave a Reply