प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्र को ‘सेवा तीर्थ’ समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘नागरिकदेवो भव’ के मंत्र को दोहराते हुए साफ कर दिया कि उनकी सरकार का एकमात्र लक्ष्य जनता की सेवा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे कर्तव्य और करुणा का प्रतीक बताया जो ‘इंडिया फर्स्ट’ की भावना को मजबूत करेगा।

प्रधानमंत्री ने 13 फरवरी को ‘सेवा तीर्थ’ के औपचारिक उद्घाटन के तुरंत बाद काम संभालते ही फाइलों की पहली श्रृंखला पर दस्तखत किए। इन फैसलों का सीधा असर देश के अन्नदाता, नारी शक्ति, युवाओं और वंचितों पर पड़ेगा।

1. पीएम राहत योजना: अब सड़क हादसे में नहीं जाएगी जान
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘PM RAHAT’ योजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। अब पैसे की कमी या अस्पताल की औपचारिकता के कारण किसी भी नागरिक की जान नहीं जानी चाहिए। यह हर भारतीय के लिए एक जीवन रक्षक कवच की तरह काम करेगा।

2. लखपति दीदियों का नया लक्ष्य: अब 6 करोड़ का टार्गेट
नारी शक्ति के क्षेत्र में सरकार ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मार्च 2027 की डेडलाइन से एक साल पहले ही देश में 3 करोड़ लखपति दीदियां बन चुकी हैं। इस सफलता को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अब लक्ष्य को दोगुना कर दिया है। अब मार्च 2029 तक 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।

3. किसानों के लिए 2 लाख करोड़ का फंड
खेती-किसानी के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने बड़ा ऐलान किया है। एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के ऋण लक्ष्य को 1 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर सीधे 2 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। इससे गांवों में कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउस और खेती की नई तकनीक को बढ़ावा मिलेगा।

4. स्टार्टअप इंडिया 2.0: युवाओं और नवाचार को मिलेगी रफ्तार
भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम, खासकर डीप टेक और नई टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं के लिए 10,000 करोड़ रुपये के ‘फंड ऑफ फंड्स 2.0’ को मंजूरी दी गई है। यह फंड उन शुरुआती आइडियाज और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग को सपोर्ट करेगा जो भविष्य के भारत की नींव रखेंगे।

सेवा तीर्थ प्रधानमंत्री मोदी के उस विजन का केंद्र है, जहां से देश के हर वर्ग के उत्थान की योजनाएं धरातल पर उतरेंगी। आज के फैसले बताते हैं कि सरकार की प्राथमिकता में आम आदमी की सुरक्षा और समृद्धि सबसे ऊपर है।










