Home समाचार रामलला को ही नहीं देश के 4 करोड़ लोगों को भी मिला...

रामलला को ही नहीं देश के 4 करोड़ लोगों को भी मिला पक्का घर- अयोध्या में प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज, 30 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 15,700 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन और महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने यहां एक रोड शो भी किया। रोडशो के दौरान लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

उद्घाटन-शिलान्यास के बाद प्रधाननमंत्री मोदी ने यहां एक जनसभा को भी संबोधित किया। रामलला के टेंट में विराजमान होने को याद करते हुए उन्होंने कहा, ‘एक समय था जब यहीं अयोध्या में राम लला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ राम लला को ही नहीं मिल रहा है, बल्कि पक्का घर देश के 4 करोड़ गरीबों को भी मिला है। आज भारत अपने तीर्थों को भी संवार रहा है, तो वहीं डिजिटल टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी छाया हुआ है।’

उन्होंने कहा, ‘आज भारत काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्निमाण के साथ ही देश में 30 हजार से ज्यादा पंचायत भवन भी बनवा रहा है। आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की 2 लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई हैं। आज यहां प्रगति का उत्सव है, तो कुछ दिन बाद ही यहां परंपरा का उत्सव होगा। आज यहां विकास की भव्यता दिख रही है, तो कुछ दिनों बाद यहां विरासत की भव्यता और दिव्यता दिखेगी। यही तो भारत है।
विकास और विरासत की यही साझा ताकत, भारत को 21वीं सदी में सबसे आगे ले जाएगी।’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘दुनिया में कोई भी देश हो, अगर उसे विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचना है, तो उसे अपनी विरासत को संभालना ही होगा। हमारी विरासत, हमें प्रेरणा देती है, हमें सही मार्ग दिखाती है। इसलिए आज का भारत, पुरातन और नूतन दोनों को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रहा है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्राचीन काल में अयोध्या नगरी कैसी थी, इसका वर्णन खुद महर्षि वाल्मीकि ने विस्तार से किया है। वाल्मीकि जी बताते हैं कि महान अयोध्यापुरी धन-धान्य से परिपूर्ण थी, समृद्धि के शिखर पर थी, और आनंद से भरी हुई थी। यानी, अयोध्या में विज्ञान और वैराग्य तो था ही, इसका वैभव भी शिखर पर था। अयोध्या नगरी की उसी पुरातन पहचान को हमें आधुनिकता से जोड़कर वापस लाना है।

उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि आज मुझे अयोध्या धाम एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला है। अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। महर्षि वाल्मीकि ने हमें रामायण के माध्यम से प्रभु श्रीराम के कृतित्व से परिचित करवाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज यहां आधुनिक रेलवे के निर्माण की तरफ एक और बड़ा कदम देश ने उठाया है। वंदे भारत और नमो भारत के बाद, आज एक और आधुनिक ट्रेन देश को मिली है। इस नई ट्रेन सिरीज का नाम अमृत भारत रखा गया है। वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत ट्रेनों की ये त्रिशक्ति, भारतीय रेलवे का कायाकल्प करने जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर को लेकर देशभर के 140 करोड़ परिवारजनों से मेरे दो विशेष आग्रह भी किए। उन्होंने कहा कि देशभर के मेरे परिवारजनों से विनम्र आग्रह है कि अगले साल 22 जनवरी को जब श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हो, तब आप अपने घरों में भी श्री राम ज्योति जगाएं। उस दिन पूरे देश में दीपावली की तरह जगमग होनी चाहिए।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि अब आपको भी एक संकल्प लेना है। और ये संकल्प है- अयोध्या नगर को भारत का सबसे स्वच्छ शहर बनाने का। ये अयोध्या वासियों की जिम्मेदारी है। और इसके लिए हमें मिलकर हर कदम उठाना है। मैं आज देश के सभी तीर्थ क्षेत्रों और मंदिरों से भी अपना आग्रह दोहराउंगा। भव्य राम मंदिर के निर्माण के निमित्त, 14 जनवरी, मकर संक्रांति के दिन से पूरे देश के तीर्थ स्थलों पर स्वच्छता का बहुत बड़ा अभियान चलाया जाना चाहिए।

Leave a Reply