Home समाचार आरजेडी के लिए बोझ बन चुके हैं नीतीश कुमार, जानबूझकर करवाया जा...

आरजेडी के लिए बोझ बन चुके हैं नीतीश कुमार, जानबूझकर करवाया जा रहा अपमान, सुधाकर सिंह के बाद एक और आरजेडी विधायक ने खोला मोर्चा

SHARE

राजनीति में कहा जाता है कि ना कोई स्थायी दुश्मन होता है और ना ही कोई दोस्त। इस बात को लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अच्छी तरह समझती है। पलटीमार राजनीति की वजह से आरजेडी के नेता समाधान यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा नहीं कर रहे हैं। उन्हें लग रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार फिर पलट सकते हैं और आरजेडी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। इससे तेजस्वी यादव का मुख्यमंत्री बनने का सपना अधर में लटक सकता है। ऐसे में आरजेडी के नेता 2025 तक इंतजार करने के मूड में नहीं है। उनके बयानों से लगता है कि वो अब नीतीश को बोझ समझने लगे हैं और उनसे जल्द मुक्ति पाना चाहते हैं।

आरजेडी विधायक विजय कुमार मंडल ने नीतीश के खिलाफ खोला मोर्चा

नीतीश मंत्रिमंडल में कृषि मंत्री रहते सुधाकर सिंह ने सबसे पहले मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोला था। अब दिनारा के आरजेडी विधायक विजय मंडल नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नीतीश की यात्रा और उनके सुशासन पर सवाल उठाया है। पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा से बातचीत करते हुए आरजेडी विधायक विजय कुमार मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार निकले तो समाधान के लिए हैं। अब कितना समाधान होगा ये तो वक्त ही बाताएंगा। विजय मंडल यहां तक कह दिया कि बिहार में सत्ता निरंकुश है। बीते 17 सालों में क्या किया जो अब नीतीश समाधान यात्रा पर जा रहे हैं।

आज बिहार में सत्ता निरंकुश है- आरजेडी विधायक विजय मंडल

विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरजेडी विधायक विजय मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार अपनी यात्रा में अधिकारियों पर लगाम लगाएं। आज सत्ता निरंकुश है। प्रखंड कार्यालय में चले जाइए। जिला में चले जाइए। सचिवालय से लेकर प्रखंड भ्रष्टाचार में डूबा है। आरजेडी विधायक ने आगे कहा कि नीतीश कुमार किस समाधान के लिए निकले हैं। किसानों को यूरिया नहीं मिल रहा है। बिहार में सबसे गरीब किसान है और किसान की ओर सरकार ध्यान नहीं दे रही है। बिहार के किसी ब्लॉक में चले जाइए हकीकत की जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा से बात करते हुए नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकाली।

शिवानंद तिवारी ने समाधान यात्रा पर उठाया सवाल 

इससे पहले आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा पर सवाल उठाया था। हवाला दिया था कि कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मुख्यमंत्री को अपना नहीं तो कम से कम अपने कर्मचारी और अधिकारियों की चिंता करनी चाहिए। कई कर्मचारी-अधिकारी ठंड से एलर्जिक हैं। उन्हें मजबूरी में अपनी ड्यूटी करनी पड़ रही है। ऐसे में उन्हें अपनी समाधान यात्रा टाल देना चाहिए।

आरजेडी के लिए बोझ बन चुके हैं नीतीश कुमार- सुशील मोदी

महागठबंधन के भीतर मचे घमासान पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब आरजेडी के लिए बोझ बन चुके हैं। नीतीश कुमार वोट दिलाने की क्षमता खो चुके हैं। आरजेडी विधायक और पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह तो नीतीश के खिलाफ मुखर हैं। सुधाकर सिंह लगातार सीएम के लिए ‘शिखंडी, नाइट वॉचमैन, तानाशाह’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। लेकिन राष्ट्रीय जनता दल के नेता की ओर से कोई कार्रवाई करने के बजाय उन्हें केवल चेतावनी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सुधाकर सिंह के विरुद्ध कार्रवाई करने में तेजस्वी यादव सक्षम हैं।

नीतीश का अपमान करा रहा है आरजेडी नेतृत्व- सुशील मोदी

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि आरजेडी नेतृत्व एकतरफ नीतीश कुमार का अपमान करा रहा है, दूसरी तरफ ऐसा करने वालों को सिर्फ दिखावे के लिए कार्रवाई करने की धमकी दे रहा है। सुशील मोदी ने कहा कि सब-कुछ आरजेडी की सोची-समझी रणनीति है। आज बिहार में आरजेडी नेताओं को कोई नहीं सुन रहा है। आरजेडी विधायकों से बात करने पर वो कहेंगे कि नौकरशाही हावी है। कोई हमारी बात नहीं सुनता है। इससे आरजेडी के कई और विधायकों के साथ खुद जनता दल यूनाइटेड के अधिकतर विधायकों में भी नाराजगी और विद्रोह की स्थिति है। 

नीतीश को पीएम बनाने का सपना दिखाया जा रहा है- सुशील मोदी

सुशील मोदी ने कहा कि जिस नीतीश कुमार को आरजेडी के नेता बोझ मान रहे हैं, उसे आत्ममुग्ध जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह प्रधानमंत्री-पद का दावेदार बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस नीतीश कुमार के बूते जेडीयू विधानसभा की 45 सीट जीत नहीं सकता। 2014 में जो दल लोकसभा की केवल 2 सीट जीत सका था, उसे प्रधानमंत्री बनाने का सपना दिखाया जा रहा है, जबकि विपक्ष की तरफ से प्रधानमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार से ज्यादा बड़े दावेदार हैं। 

Leave a Reply