Home समाचार तीसरी बार फिर से मोदी सरकार, एग्जिट पोल्स में 542 सीटों के...

तीसरी बार फिर से मोदी सरकार, एग्जिट पोल्स में 542 सीटों के 13 पोल में NDA को 365 सीटें, इंडी गठबंधन को 145 सीटें

SHARE

लोकसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल सामने आ चुके हैं। अधिकांश एग्जिट पोल ने साफ कर दिया है कि लगातार तीसरी बार मोदी सरकार वापस आ रही है। इस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र की सरकार में भी हैट्रिक लगाने जा रहे हैं। पीएम मोदी ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की थी और अब 2024 में वे इसे बरकरार रखने जा रहे हैं। इससे पहले वे गुजरात विधानसभा चुनाव में लगातार तीन बार 2002, 2007 और 2012 में जीत दर्ज कर हैट्रिक लगा चुके हैं। इस तरह पीएम मोदी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के बाद अब लोकसभा चुनाव में भी जीत की हैट्रिक लगाने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नाम एक रिकॉर्ड बहुत महत्वपूर्ण है कि वे आज तक एक भी चुनाव नहीं हारे हैं। इसके साथ ही उनके नाम यह रिकॉर्ड भी है कि वे राज्य में सीधे मुख्यमंत्री बने तो केंद्र में सीधे प्रधानमंत्री। यानी राज्य में मुख्यमंत्री और केंद्र में प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने सरकार में मंत्री के रूप के रूप में कभी काम नहीं किया।

एग्जिट पोल में NDA को 365, इंडी गठबंधन को 145 सीटें
लोकसभा चुनाव 2024 का रिजल्ट 4 जून को आने से पहले एग्जिट पोल ने यह भी साफ किया है कि भाजपा स्पष्ट जनादेश की तरफ बढ़ रही है। इसके साथ ही यह बात भी निकल कर आई है कि कांग्रेस की अगुवाई वाला विपक्षी इंडी गठबंधन अपनी सत्ता वाले राज्यों में भी अपनी सीटें बचाने में नाकाम हो गया है। विपक्ष के शासन वाले अधिकांश राज्यों में भाजपा को फायदा होता दिख रहा है। लोकसभा की 542 सीटों के 13 एग्जिट पोल के पोल ऑफ पोल्स में NDA को 365 और इंडी गठबंधन को 145 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य को 32 सीटें मिल सकती हैं। इस बार भाजपा 2019 में मिली 303 सीटों का आंकड़ा पार कर सकती है। एक पोल में तो NDA 400 के पार तक पहुंच रही है। वहीं ओडिशा-तेलंगाना में भाजपा को भारी बढ़त की उम्मीद जताई गई है।

हिंदी प्रदेशों की 90 प्रतिशत से ज्यादा सीटों पर भाजपा की जीत तय
हिंदी पट्टी के राज्य उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली में भाजपा को एकतरफा बढ़त का अनुमान बताया गया है। इन राज्यों की 90 प्रतिशत से ज्यादा सीटों पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। मध्य प्रदेश की 29 सीटों में से भाजपा को 28 से 29 और वहीं राजस्थान में 25 सीटों में से 23 से 25 सीटें मिलने का अनुमान है।

ओडिशा, तेलंगाना में भाजपा दोगुनी सीटें बढ़ा सकती है, 8 में क्लीन स्वीप
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, एग्जिट पोल के मुताबिक एनडीए गुजरात, एमपी, छत्तीसगढ़, हिमाचल, दिल्ली, उत्तराखंड, समेत 8 राज्यों की सभी सीटें जीत सकता है। वहीं, कर्नाटक, यूपी जैसे बड़े राज्यों में पिछला प्रदर्शन दोहरा सकता है। दूसरी तरफ, इंडिया महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, राजस्थान और हरियाणा में मजबूत होता दिख रहा है। ओडिशा, तेलंगाना में भाजपा दोगुनी सीटें बढ़ा सकती हैं।

उत्तर प्रदेश: यहां 5 सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल के मुताबिक NDA को 68, कांग्रेस को 10 और अन्य को 2 सीटें मिलती दिख रही हैं। पार्टी की बात करें तो इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक, अकेले भाजपा को 64-67 सीटें, कांग्रेस को 1-3 सीटें, अपना दल+RLD+सुभासपा मिलाकर 3-5 सीटें, सपा+TMC मिलाकर 7-9 सीटें और बसपा को 0-1 सीट मिल सकती हैं। 2019 में भाजपा को 62, बसपा 10, सपा 5, अपना दल (एस) 2 और कांग्रेस को सिर्फ रायबरेली सीट पर जीत मिली थी। राहुल गांधी अमेठी सीट से हार गए थे।

राजस्थान: यहां NDA को 21 सीटें मिलती दिख रही हैं, इसके अलावा I.N.D.I.A. को 3 सीटें मिल रही हैं। फिलहाल NDA के पास राज्य की सभी 25 सीटें हैं। 2019 में राज्य की 25 में से 24 सीटें भाजपा ने जीत ली थीं। एक सीट RLP को मिली थी। कांग्रेस का राज्य से सफाया हो गया था।

मध्य प्रदेश: 29 सीटों वाले मध्य प्रदेश में NDA को 28-29 सीट मिलने जा रही हैं। इसके अलावा INDIA को 0-1 सीट मिलने जा रही हैं। 2019 में भाजपा ने 29 में से 28 सीटें जीती थीं। मोदी लहर में कांग्रेस सिर्फ छिंदवाड़ा सीट ही बचा पाई। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ चुनाव जीते थे।

बिहार: राज्य की 40 सीटों में से NDA को 29-33 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं 7-10 सीटें इस चुनाव में INDIA को मिलने जा रही हैं। इसके अलावा 0-2 सीटें अन्य के खाते में जा रही हैं। 2019 में भाजपा नीत NDA ने 40 में से 39 सीटें जीती थीं। भाजपा को 17, JDU को 16 और LJP को 6 सीटें मिली थीं। लालू प्रसाद यादव की पार्टी RJD का सूपड़ा साफ हो गया था। कांग्रेस सिर्फ 2 सीट जीत पाई।

छत्तीसगढ़: यहां NDA को 10-11 सीटें मिलने का अनुमान है तो वहीं INDIA को 0-1 सीट मिलती दिख रही है. बता दें कि राज्य में 11 लोकसभा सीटें हैं। 2019 में भाजपा को यहां 9 और कांग्रेस को 2 सीटें मिली थीं। तब यहां कांग्रेस की सरकार थी। इस बार सत्ता भाजपा की है।

हिमाचल: 5 सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को 3 कांग्रेस को 01 सीट मिलती दिख रही हैं। 2019 में भाजपा ने राज्य की सभी 4 सीटें जीती थीं। कांग्रेस का सफाया हो गया था। तब राज्य में भाजपा की सरकार थी, अभी कांग्रेस सत्ता में है।

उत्तराखंड: 5 सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल के मुताबिक NDA यानी भाजपा को 4-5 सीटें, I.N.D.I.A. यानी कांग्रेस को 0-1 सीट और अन्य को 00 सीटें मिलती दिख रही हैं। 2019 में भाजपा ने राज्य की सभी 5 सीटें जीती थीं। कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई। तब सत्ता में भाजपा ही थी। इस बार भी राज्य में भाजपा की ही सरकार है।

दिल्ली: 5 सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को 6 और I.N.D.I.A को 1 सीट मिलती दिख रही हैं।

हरियाणा: यहां इस बार भाजपा को नुकसान होता दिख रहा है। NDA को 7 सीटें मिलती दिख रही हैं। जबकि, इंडी गठबंधन को 3 सीटें मिल रही हैं। भाजपा ने यहां 10 में से 10 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को यहां एक भी सीट नहीं मिल पाई। उनके दिग्गज नेता तक चुनाव हार गए थे। फिलहाल राज्य में भाजपा की सरकार है।

बंगालः बंगाल में उलटफेर होता दिख रहा है। यहां सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को भारी नुकसान हो रहा है। यहां भाजपा कुल 42 सीटों में से 26 से 31 सीटें मिलने के आसार हैं। पिछली बार भाजपा यहां 18 सीट जीती थी। तृणमूल 11-14 पर सिमटती दिखाई दे रही है। ऐसे में भाजपा के लिए यहां सबसे बड़ा फायदा होने वाला है।

कर्नाटक: यहां की 28 सीटों में एग्जिट पोल भाजपा को 18 से 22 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं, कांग्रेस को 4 से 8 सीट मिल रही है। जबकि जेडीएस को 1 से 3 सीट मिलती दिख रही है। भाजपा को कर्नाटक में 2019 में 25 सीटें मिलीं थीं। कांग्रेस, JDS और निर्दलीय एक-एक सीट ही जीत पाई।

गुजरात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य में भाजपा एग्जिट पोल में एक बार फिर से क्लीन स्वीप करती दिख रही है। गुजरात में बीजेपी 1 सीट (सूरत) निर्विरोध जीत चुकी है। 2019 में भाजपा ने यहां 26 की 26 सीटें जीतीं। इस बार सूरत से कांग्रेस प्रत्याशी का पर्चा रद्द होने और अन्य प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध जीत चुके हैं।

ओडिशा: भाजपा राज्य में जबरदस्त सीटें हासिल करने जा रही है। राज्य में लोकसभा की 21 सीटें हैं और एनडीए को इनमें 18-20 सीटें मिलती नजर आ रही है। सत्ताधारी BJD को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। वहीं इंडी गठबंधन को एक भी सीट नहीं मिल रही है। 2019 में राज्य की 21 में से 12 सीटें सत्ताधारी BJD ने जीती थीं। भाजपा को 8 और कांग्रेस को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी।

तेलंगाना: एग्जिट पोल के मुताबिक, तेलंगाना में 17 सीटों में से बीजेपी को 7-10 सीटें और कांग्रेस को पांच से आठ सीटें मिलने का अनुमान है। बीआरएस और एआईएमआईएम के भी तीन से पांच सीटें जीतने की उम्मीद है। 2019 में तब सत्ता में रही BRS ने सबसे ज्यादा 9 सीटें जीतीं। इसके बाद भाजपा को 4, कांग्रेस को 3 और AIMIM को 1 सीट मिली थी।

पंजाब: यहां की 13 में से 2 सीटें एनडीए गठबंधन और इंडी गठबंधन की कांग्रेस को 5 सीटें मिलने का अनुमान है। AAP को 4 सीटें, शिरोमणि अकाली दल और अन्य को 2 सीट मिलने का अनुमान है। 2019 में कांग्रेस को यहां से 8, शिरोमणि अकाली दल को 2, भाजपा को 2 और आम आदमी पार्टी (AAP) को एक सीट मिली थी। इस बार AAP यहां सत्ता में है।

गोवा: यहां की दो लोकसभा सीटों में से एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा को एक और कांग्रेस को एक सीट मिल सकती है। 2019 में गोवा में भाजपा को एक और एक सीट कांग्रेस ने जीती थी। राज्य में भाजपा की सरकार है।

जम्मू-कश्मीर: यहां की 5 सीटों में से भाजपा को 2 और नेशनल कॉन्फ्रेंस को 3 सीटें मिलती हुई दिख रही हैं। वहीं लद्दाख में भी कांग्रेस इस बार भाजपा पर बढ़त बनाती हुई दिख रही है। लद्दाख की एक सीट पर 2019 में जम्मू एवं कश्मीर में लोकसभा की 6 सीटें थीं। तब भाजपा ने 3 और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 3 सीटें जीती थीं। लद्दाख में 2019 में भाजपा ने एकमात्र सीट जीती थी।

केरल: यहां इंडी अलायंस के दो धड़े हैं- UDF और LDF जिसमें आपस में फाइट होती थी। पर इस बार बीजेपी ने इस फाइट को तीसरा एंगल दे दिया। यहां UDF को 13 से 15 सीट मिल सकती है। वहीं, LDF को 3-5 सीटें तो BJP+ को 1-3 मिलती नजर आ रही है। केरल में UDF में कांग्रेस, IUML, केरल कांग्रेस, RSP शामिल है। वहीं, LDF में CPIM, CPI, फॉरवर्ड ब्लॉक, केरल कांग्रेस (M) शामिल है। बीजेपी BDJS के साथ चुनाव लड़ रही है।

तमिलनाडु: राज्य की 39 सीटों में से तमिलनाडु में DMK को 16-18 सीट मिल सकती है। कांग्रेस को इस बार 6-8 सीट मिलने के आसार हैं। BJP को 5 से 7 मिल सकती है। AIADMK को 0-1 सीट मिलती नजर आ रही है। वहीं, अन्य के खातों में 8-10 सीटें जाती दिख रही हैं।

नॉर्थ-ईस्ट के 7 राज्य: देश के 7 पूर्वोतर राज्य- अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा, नगालैंड- में कुल 25 सीटें हैं। एबीपी- सी-वोटर्स सर्वे के मुताबिक इन 25 सीटों में से NDA को 16-21, I.N.D.I.A को 3-7 और अन्य को 1-2 सीटें मिलने का अनुमान है। असम में 2019 में भाजपा को 9, कांग्रेस को 3, AIUDF और निर्दलीय को एक-एक सीट मिली थी। अरुणाचल में 2019 में भाजपा ने यहां दोनों सीटें अपने नाम की थीं। मणिपुर में 2019 में एक सीट भाजपा और एक सीट उसकी सहयोगी पार्टी NPF को मिली थी। मणिपुर में पिछले साल कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हिंसा के बाद से दोनों सीटों पर मुकाबला दिलचस्प है। मेघालय में 2019 में कांग्रेस ने एक और NPEP ने एक सीट जीती थी। त्रिपुरा में 2019 में राज्य की दोनों सीटें भाजपा के खाते में गई थीं।

Leave a Reply