Home समाचार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन टोक्यो पैरालंपिक्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, झोली...

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन टोक्यो पैरालंपिक्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, झोली में आए एक गोल्ड समेत 4 मेडल, पीएम मोदी ने गोल्डन गर्ल अवनि को दी बधाई

SHARE

देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। दूसरी तरफ टोक्यो पैरालंपिक्स में भारत के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। इस पैरालंपिक्स में भारत को पहला गोल्ड मेडल मिला, जबकि दो सिल्वर और एक कांस्य पदक भी झोली में आए। शूटिंग में अवनि लेखारा ने इतिहास रचते हुए देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। अवनि पैरालंपिक्स में गोल्ड जीतने वालीं पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। पहली बार पैरालंपिक्स खेलों में भाग ले रही अवनि लेखरा ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 249.6 का स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फोन करके शूटर अवनि लेखरा को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने अवनि की इस जीत को भारतीय खेल के लिए खास क्षण बताया और उनके जज्बे की जमकर तारीफ की।

वहीं, जैवलिन थ्रो स्पर्धा में भारत को दो मेडल मिले। एफ-46 वर्ग में भारत के देवेंद्र झांझरिया ने 64.35 मीटर भाला फेंककर रजत पदक हासिल किया। सुंदर सिंह गुर्जर ने अपने सीजन का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 64.01 का स्कोर कर कांस्य पदक जीता। योगेश कठुनिया ने टोक्यो पैरालंपिक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष डिस्कस थ्रो एफ-56 वर्ग में सिल्वर पदक जीता। योगेश कठुनिया ने फाइनल में 44.38 मीटर का थ्रो किया, जिसके साथ उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया।

अब तक कुल 7 पदक जीतकर भारत ने बनाया रिकॉर्ड

भारत ने टोक्यो पैरालंपिक्स में अब तक सात पदक जीत लिए हैं। इनमें एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक शामिल है। इसके साथ ही भारत ने पैरालंपिक्स के इतिहास में सबसे अधिक पदक जीतने का रिकॉर्ड बना दिया है। गौरतलब है कि 2016 के रियो पैरालंपिक्स और 1984 के न्यूयॉर्क पैरालंपिक्स में भारत ने 4-4 मेडल हासिल किया था। इस बार भारत के 54 खिलाड़ी टोक्यो पैरालंपिक्स में हिस्सा ले रहे हैं। पैरालिंपिक खेलों में भाग लेने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा दल है। पैरा-एथलीट टीम के टोक्यो रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनसे बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों द्वारा नया इतिहास रचने की उम्मीद जताई थी।

Leave a Reply