भारत और अमेरिका के रिश्तों में आज एक ऐतिहासिक मोड़ आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के बीच हुए ‘अंतरिम व्यापार समझौते’ की रूपरेखा का जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने इसे दोनों देशों के लिए बड़ी खुशखबरी करार देते हुए कहा कि यह समझौता भविष्य की वैश्विक साझेदारी की दिशा तय करेगा।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पर बनी सहमति को ऐतिहासिक बताया है।
प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की व्यक्तिगत रुचि और प्रतिबद्धता की वजह से ही दोनों देशों के बीच विश्वास और साझेदारी को यह नई गति मिली है।
Great news for India and USA!
We have agreed on a framework for an Interim Trade Agreement between our two great nations. I thank President Trump for his personal commitment to robust ties between our countries.
This framework reflects the growing depth, trust and dynamism of… https://t.co/zs1ZLzamhd
— Narendra Modi (@narendramodi) February 7, 2026
इस समझौते का सबसे बड़ा असर भारत के जमीनी स्तर के कामगारों और व्यापारियों पर पड़ेगा। प्रधानमंत्री के अनुसार, यह डील किसानों और मछुआरों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों के दरवाजे खोलेगी। MSMEs और स्टार्टअप्स को नई तकनीक और निवेश हासिल करने में मदद करेगी। ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को वैश्विक स्तर पर और मजबूती देगी।

पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि इस व्यापार समझौते से भारत में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। विशेष रूप से देश के युवाओं और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए इस डील को एक गेम-चेंजर माना जा रहा है। इससे न केवल शहरों बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी समृद्धि आएगी।

आज की बदलती दुनिया में ‘भरोसेमंद सप्लाई चेन’ की अहमियत सबसे ज्यादा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच यह तालमेल दुनिया भर में निवेश और टेक्नोलॉजी के लेन-देन को और गहरा करेगा। यह न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया की आर्थिक रफ्तार के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

पीएम मोदी ने अपने विजन को दोहराते हुए कहा कि भारत ‘विकसित भारत’ बनने की राह पर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसी भविष्यवादी वैश्विक साझेदारियां लोगों को सशक्त बनाने और साझा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए बेहद जरूरी हैं।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने इस बारे में जानकारी साझा करते हुए दोनों देशों के बीच हुए समझौते का क्रेडिट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमेरिकी राजदूत ने लिखा कि ‘एक नया दिन! इसे हासिल करने में उनके नेतृत्व और दृष्टिकोण के लिए सारा श्रेय राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी को जाता है।’
A new day! All credit to President Trump and Prime Minister Modi for their leadership and vision in achieving this. https://t.co/sehm0eLHSm
— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) February 7, 2026









