Home नरेंद्र मोदी विशेष UN मुख्यालय पर PM Modi के योग में बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड,...

UN मुख्यालय पर PM Modi के योग में बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, पहली बार इतने देशों के डेलीगेट्स ने एक साथ किया योग, सूरत में भी बना विश्व रिकॉर्ड

SHARE

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2023 पर न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय में योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। इस कार्यक्रम का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया है। इस योग सेशन में सबसे ज्यादा राष्ट्रीयता (अलग-अलग देश) के लोग शामिल थे। योग कार्यक्रम में कुल 180 देशों के लोग शामिल हुए। नौवें योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। वो दुनिया के एकमात्र ऐसे प्रधानमंत्री बन गए हैं, जिनके साथ इतनी बड़ी संख्‍या में विदेशी डेलीगेट्स ने योग किया है। इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि योग भारत से आया है और सभी प्राचीन भारतीय परंपराओं की तरह, यह भी जीवंत है। योग कॉपीराइट से, पेटेंट से और रॉयल्टी भुगतान से मुक्त है। योग जीवन का एक तरीका है। ये विचारों और कार्यों में सावधानी बरतने का एक तरीका है। ये स्वयं के साथ, दूसरों के साथ और प्रकृति के साथ सद्भाव से जीने का तरीका है।

दुनियाभर के देशों के डेलीगेट्स और जानी-मानी हस्तियों ने किया योग
न्‍यूयॉर्क में स्थित संयुक्‍त राष्‍ट्र के हेडक्‍वार्टर में सभी देशों के दफ्तर हैं। ऐसे में नौवें योग दिवस के मौके पर जब यूएन में एक विशेष योगशाला का आयोजन किया गया तो इसमें लगभग सभी राष्‍ट्र के डिप्‍लोमैट ने हिस्‍सा लिया। इस आयोजन के दौरान संयुक्‍त राष्‍ट्र के उच्‍चस्‍तरीय अधिकारियों के अलावा विभिन्‍न देशों के डिप्‍लोमैट और दुनिया भर से आई बड़ी शख्‍सियत मौजूद रही। योग दिवस के कार्यक्रम में न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम, शेफ विकास खन्ना, संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष साबा कोरोसी, हॉलीवुड स्टार रिचर्ड गैरी शामिल हुए। एक साथ कई देशों के लोगों के साथ में योग करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक और प्रवक्ता माइकल एम्प्रिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग सत्र ने सर्वाधिक देशों से लोगों की भागीदारी के मामले में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है।

योग का अर्थ है जोड़ना…इसलिए हम सब साथ, ये योग के दूसरे रूप की अभिव्यक्ति
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पहुंचे थे। पीएम मोदी ने योग करने से पहले इस कार्यक्रम को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने योग करने आए सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि योग का अर्थ है जोड़ना इसलिए आप एक साथ आ रहे हैं, ये योग के दूसरे रूप की अभिव्यक्ति है। मुझे बताया गया है कि लगभग हर राष्ट्रीयता के लोग आज यहां मौजूद हैं। मैं आप सभी को देखकर खुश हूं और यहां पर आने के लिए आप सभी का धन्यवाद करता हूं। करीब नौ साल पहले यहां संयुक्त राष्ट्र से मुझे 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में प्रस्ताव करने का अवसर प्राप्त हुआ था। आज दुनियाभर में योग की बढ़ती महत्ता देखकर अभिभूत हूं।योग हमें भौतिक रूप से बदलता है और संतुलन सिखाता है- साबा कोरोसी
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर UNGA अध्यक्ष साबा कोरोसी ने कहा कि मैंने सीखा है कि जो शक्तियां ब्रह्मांड में और हमारे अंदर हैं वे एक ही नियम का पालन करती हैं और वह नियम है संतुलन हासिल करना। योग हमें भौतिक रूप से बदलता है। मुझे अपनी बेटी पर भी गर्व है, जो योग का काफी समय से अभ्यास कर रही है। मैं उसकी वजह से योग को और अच्छे से समझ पाया हूं। संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि आज का उत्सव वास्तव में बहुत खास है, क्योंकि पीएम मोदी यहां योग करने में हमारा नेतृत्व करेंगे। उन्हीं के नेतृत्व में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया था। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इसके बाद वो दो दिन के लिए मिस्‍त्र जाएंगे। पीएम मोदी का न्‍यूयॉर्क के एयरपोर्ट पर ही भारतीय समुदाय के लोगों ने भव्‍य स्‍वागत किया। पीएम अमेरिका के विशेष बुलावे पर राजकीय दौरे पर हैं। दोनों देशों के बीच इस दौरान बड़े मुद्दों पर सहमति बन सकती है।

सूरत में सवा लाख लोगों ने एक साथ योग करके बनाया विश्व रिकॉर्ड
न्यूयार्क में पीएम मोदी ने गिनीज रिकॉर्ड बनाया तो गुजरात में सूरत में सीएम भूपेंद्र पटेल विश्व रिकॉर्ड के साक्षी बने। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सूरत में एक साथ 1.25 लाख से ज्यादा लोगों ने योग कर गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड बना दिया। इस शानदार कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी शामिल हुए। गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड की 2500 लोगों की टीम सूरत आई थी। इस दिन को यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने काफी तैयारियां की थीं। योग दिवस पर सुबह 6 बजे डुमस रोड के वाई जंक्शन से उधना मगदल्ला रोड ब्रेडलाइनर सर्किल तक स्टेज, मंडप, कार्पेट, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन और पार्किंग तैयार की गई। करीब 12 किमी लंबी सड़क पर युवा, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों ने एक साथ योग किया। इस कार्यक्रम के लिए 125 ब्लॉक बनाए गए थे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अलावा रेल राज्यमंत्री दर्शनाबेन जरदोश, राज्य के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी, सांसद सीआर पाटिल, योग बोर्ड के अध्यक्ष शिशुपाल राजपूत सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। सूरत के लोगों ने योग के जरिए ‘फिट इंडिया’ का संदेश दिया।

हैदराबाद में 3000 दिव्यांग जनों ने एक साथ योगाभ्यास कर पेश की मिसाल
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कम से कम 3,000 दिव्यांग जनों ने विश्व रिकॉर्ड कायम करने की कोशिशों के तहत एक साथ योगाभ्यास किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने भी हिस्सा लिया। इस योगाभ्यास कार्यक्रम में देशभर से आए दिव्यांग जनों ने भाग लिया, जिनमें दृष्टिहीन, श्रवण बाधित, चलने-फिरने में असमर्थ, बौद्धिक एवं विकासात्मक अक्षमता, ‘ऑटिज्म’, ‘सेरेब्रल पाल्सी’ और ‘थैलेसीमिया’ से पीड़ित लोग शामिल थे। इस भव्य कार्यक्रम का मूल्यांकन इंटरनेशनल वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने किया।

Leave a Reply