Home समाचार गल्फ से लेकर ग्लोबल वेस्ट तक, ग्लोबल साउथ से पड़ोसियों तक– भारत...

गल्फ से लेकर ग्लोबल वेस्ट तक, ग्लोबल साउथ से पड़ोसियों तक– भारत सबका भरोसेमंद पार्टनर: प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 मार्च को टीवी9 नेटवर्क के ‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे’ (WITT) समिट में बदलती हुई वैश्विक व्यवस्था और उसमें भारत की मजबूत होती धमक पर साफ कहा कि आज का भारत चुनौतियों से मुंह नहीं मोड़ता, बल्कि उनसे सीधे टकराता है। उन्होंने कहा कि आज का भारत सिर्फ अपनी सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्लोबल मंच पर एक मजबूत और भरोसेमंद पार्टनर बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जब पूरी दुनिया अलग-अलग खेमों में बंटी नजर आती है, ऐसे समय में भारत ने अकल्पनीय ‘ब्रिज’ बनाने का काम किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गल्फ देशों से लेकर ग्लोबल वेस्ट तक और ग्लोबल साउथ से लेकर अपने पड़ोसियों तक, भारत आज सभी के लिए एक ‘ट्रस्टेड पार्टनर’ बनकर उभरा है।

जब उनसे यह सवाल पूछा गया कि इतने तनाव के बीच भारत किसके पक्ष में खड़ा है, तो उनका जवाब बिल्कुल स्पष्ट था। उन्होंने जोर देकर कहा कि हम किसी गुट के साथ नहीं, हम भारत के साथ हैं, भारत के हितों के साथ हैं, शांति के साथ हैं और संवाद के साथ हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने मौजूदा संकट शुरू होने के बाद के पिछले 23 दिनों का हिसाब देते हुए बताया कि एक तरफ जहां दुनिया युद्ध और उथल-पुथल से जूझ रही है, वहीं भारत में विकास के बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम जारी है। दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर से लेकर कोटा एयरपोर्ट और सेमीकंडक्टर यूनिट्स तक, भारत अपनी प्रगति की गति को कम नहीं होने दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि क्राइसिस मैनेजमेंट और डिसीजन मेकिंग आखिर होती क्या है।

संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस की पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 2004 से 2010 के बीच जारी किए गए ‘ऑयल बॉन्ड’ का जिक्र करते हुए कहा कि तब की सरकार ने अपनी सत्ता बचाने के लिए देश की आने वाली पीढ़ी पर कर्ज का बोझ डाल दिया था। 1.48 लाख करोड़ के उस ‘पाप’ को धोने के लिए वर्तमान सरकार को ब्याज समेत 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा चुकाने पड़े हैं।

प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय असंतुलन को खत्म करने की बात करते हुए कहा कि जो पूर्वी भारत पहले उपेक्षित था, वहां अब विकास की नई लहर है। बिहार में पुलों का जाल बिछ रहा है और यूपी मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का हब बन रहा है। हालांकि, पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने वहां की सरकार को ‘निर्मम’ बताया और आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ के कारण वहां केंद्र की जनहितकारी योजनाओं पर ब्रेक लगाया जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का विरोध करना अधिकार है, लेकिन देश को बदनाम करना नीयत पर सवाल उठाता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश की हर सफलता, चाहे वह स्वदेशी वैक्सीन हो या डिजिटल इंडिया, उसका मजाक उड़ाने की मानसिकता के गुलाम हो चुके हैं। उन्होंने आह्वान किया कि राष्ट्रनीति को राजनीति से ऊपर रखना ही विकसित भारत का एकमात्र रास्ता है।

Leave a Reply