Home नरेंद्र मोदी विशेष ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित MODI 3.0 की पहली वर्षगांठ, घर-घर सिंदूर पहुंचाएगी...

ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित MODI 3.0 की पहली वर्षगांठ, घर-घर सिंदूर पहुंचाएगी भाजपा, सेना की पोस्ट का नाम रखेंगे SINDOOR

SHARE

ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता ने दुनियाभर को हैरान कर दिया है। पीएम मोदी की कुशल रणनीति में यह बुलेट स्पीड से हुआ। पाकिस्तान को जब तक कुछ समझ में आता तब तक उसके नौ आतंकी अड्डे तबाह और 100 आतंकवादी खुदा को प्यारे हो गए थे। अब ऑपरेशन सिंदूर की इस सफलता को भारतीय जनता पार्टी ने घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत महिलाओं को उपहार के रूप में सिंदूर दिया जाएगा। भाजपा 9 जून से इसकी शुरुआत करेगी। इसी दिन नरेन्द्र मोदी ने बतौर पीएम तीसरी बार शपथ ली थी यानी मोदी 3.0 की शुरुआत हुई थी। इस अभियान का मूल मकसद मोदी 3.0 सरकार की उपलब्धियों को भी जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए जनसंपर्क के दौरान पीएम मोदी के 11 साल पूरे होने पर 11 कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, ऑपरेशन सिंदूर को हाईलाइट करने वाले पंफलेट भी बांटे जाएंगे। केंद्र के सभी मंत्री, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सांसद और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी इस अभियान में शामिल होंगे। एक महीने तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सभी लोकसभा सांसदों अपने क्षेत्र में रोजाना 15-20 पैदल यात्रा करनी है और मंत्री हफ्ते में दो दिन जनसंपर्क करेंगे।

सैन्य बल के बाद अब जनबल से आगे बढ़ेगा ऑपरेशन सिंदूर
पीएम मोदी ने गुजरात में गरजते हुए कहा कि आतंकी घटनाओं के लिए विभाजन जिम्मेदार है। अब तक जिसे हम छद्म युद्ध कहते थे, ऑपरेशन सिंदूर में 6 मई को जो दृश्य देखने को मिले, उसके बाद हम इसे छद्म युद्ध कहने की गलती नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सैन्य बल की ताकत से शुरू हुआ था। अब यह जनबल से आगे बढ़ेगा। हम इतना तय कर लें कि विकसित भारत बनाने के लिए तत्काल भारत की अर्थव्यवस्था को चौथे से तीसरे स्थान पर ले जाने के लिए, अब हम कोई विदेशी चीज का इस्तेमाल नहीं करेंगे। हम गांव-गांव में व्यापारियों को शपथ दिलवाएं, व्यापारियों को कितना भी मुनाफा क्यों न हो, आप विदेशी माल नहीं बेचोगे। लेकिन, दुर्भाग्य देखिए, गणेश जी भी विदेश से आ जाते हैं। होली के लिए रंग और पिचकारी भी विदेश से आती है। आपके घर में 24 घंटे में कितनी विदेशी चीजों का इस्तेमाल होता है। घरों में हेयरपिन, टूथपिक तक विदेशी चीजें पहुंच रही हैं। इन्हें रोकना है और हमें वोकल फॉर लोकल के मंत्र को आगे बढ़ाना है।

ऑपरेशन सिंदूर में शामिल विभागों पर शॉर्ट फिल्म बनेगी
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिस भी विभाग ने अपना योगदान किसी भी रूप में दिया, उसकी डॉक्यूमेंट्री बनेगी। उस विभाग में कार्यरत लोगों और उनके परिजनों को दिखाई जाएगी। ताकि उन्हें गौरव हो और वे भविष्य में ज्यादा बेहतर तरीके से योगदान देने के लिए प्रेरित हो सकें। ऑपरेशन सिंदूर में सेना का शौर्य और पराक्रम तो सबने देखा ही है। इस दौरान बीएसएफ की महिला सैनिकों ने भी अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई लड़ी और घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम कर दिया। इस लड़ाई की आड़ में पाकिस्तान 40 से 50 आतंकियों की घुसपैठ करना चाहता था। यह जानकारी बीएसएफ के आइजी शशांक आनंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने कहा कि हमारी बहादुर महिला सैनिकों, सहायक कमांडेंट नेहा भंडारी ने एक अग्रिम चौकी की कमान संभाली।सरहद पर सेना की एक पोस्ट का नाम हो सकता है ‘सिंदूर’
इसके अलावा कांस्टेबल मंजीत कौर, मलकीत कौर, ज्योति, सम्पा और स्वप्ना और अन्य ने इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ अग्रिम चौकियों पर लड़ाई लड़ी। इस दौरान बीएसएफ ने एक वीडियो भारी जारी किया, जिसमें बीएसएफ को आतंकी ठिकानों को तबाह करते दिखाया गया है। आइजी आनंद ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से सांबा में चौकियों पर ड्रोन हमले और गोलाबारी में बीएसएफ के सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज, कांस्टेबल दीपक कुमार और सुनील नायक को खो दिया। वे वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि हम अपनी दो पोस्ट का नाम अपने खोए हुए सहासी पराक्रमियों के नाम पर रख रहे हैं। इसके अलावा सांबा सेक्टर की एक पोस्ट का नाम ‘सिंदूर’ रखने का प्रस्ताव भी भेज रहे हैं।

ऑपरेशन सिंदूर का LOGO इंस्टाग्राम पर 51 करोड़ बार देखा गया
कर्नल हर्ष गुप्ता और हवलदार सुरिंदर सिंह, ये वे नाम हैं, जिनकी ऑपरेशन सिंदूर का शानदार लोगो डिजाइन करने में अहम भूमिका रही। दोनों ही सैनिक सेना की स्ट्रैटजिक कम्युनिकेशन में तैनात हैं। कर्नल हर्ष गुप्ता पंजाब रेजिमेंट से है वहीं हवलदार सुरिंदर सिंह सेना के आर्मी एजुकेशन कोर से हैं। दोनों का बनाया ये लोगो देखते ही देखते देश के लोगों के बीच सेना के अदम्य साहस का और ऑपरेशन सिंदूर का प्रतीक बन गया। सिंदूर के एक ओ में सिंदूर से भरी थाली ने लोगों के इमोशन को लोगो से जोड़ दिया। ऑपरेशन सिंदूर के इस लोगो को न जाने कितने ही लोगों ने अपने व्हाट्सऐप की डीपी तक बना लिया। सेना के मुताबिक, इस लोगो को एक्स पर 9 करोड़ और इंस्टाग्राम पर 51 करोड़ बार देखा जा चुका है। बता दें कि ऑपेरशन सिंदूर के सारे वीडियो भी इनहाउस ही बने हैं।मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर 11 बड़े कार्यक्रम
1. जन संपर्क अभियान: हर विधानसभा क्षेत्र में 29 मई तक चलेगा। बूथ स्तर पर (1+4) और (1+2) के फॉर्मूले पर कार्यकर्ता भाग लेंगे।
2. प्रेस वार्ता: 2 जून से 5 जून के बीच जिला स्तर पर प्रेस वार्ताएं होंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा 7 या 8 जून को दिल्ली में प्रेस वार्ता की जाएगी।
3. प्रोफेशनल्स मीट: हर जिले में पेशेवरों की बैठक होगी, जहां तीन प्रमुख नीतिगत विषयों पर चर्चा होगी (केवल पेशेवर ही बुलाए जाएंगे)।
4. विकसित भारत संकल्प सभा: हर मंडल पर विकसित भारत संकल्प सभा होगी, जिसमें नागरिकों से विकसित भारत हेतु संकल्प लेंगे।
5. पंचायत चौपाल: शहरों की मोहल्ला और गांवों की पंचायत चौपाल से सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
6. आयुष्मान भारत योजना शिविर: हर विधानसभा क्षेत्र में पंजीकरण शिविर लगेंगे। हर जिले में 100 लाभार्थियों की सहभागिता जरूरी।
7. डिजिटल प्रतियोगिता: वीडियो व ग्राफिक्स से संबंधित डिजिटल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
8. प्रदर्शनी का आयोजन: सभी जिलों और जिला केंद्रों पर सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी।
9. योग दिवस: 15 जून से 20 जून तक योग प्रशिक्षण शिविर चलेंगे। 21 को कार्यक्रम होंगे।
10. आपातकाल पर सेमिनारः आपातकाल का 50 वां वर्ष होने के कारण हर जिले में सेमिनार और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान।
11. पौधरोपणः 5 जून को पर्यावरण दिवस पर दो माह का पौधरोपण अभियान शुरू होगा।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा संभालेंगे ‘संकल्प से सिद्धि’ की कमान
ऑपरेशन सिंदूर हाल ही में भारतीय सेना द्वारा अंजाम दिया गया एक सफल सैन्य अभियान है, जिसमें दुश्मन ताकतों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई थी। इसका मकसद देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करना था। यह ऑपरेशन भारतीय सैन्य शक्ति और रणनीतिक क्षमता का प्रतीक माना जा रहा है। ‘संकल्प से सिद्धि’ नाम के इस अभियान की कमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संभालेंगे। नड्डा सात या आठ जून को भाजपा मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस कर उपलब्धियां गिनाएंगे। सभी प्रदेशों को एक सर्कुलर भेजकर पार्टी ने आयोजन की रूपरेखा बताई है। पार्टी की ओर से भेजे गए नोट में कहा गया है कि भारतवासी ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के साथ सशक्त और समृद्धशाली भारत पर गौरवान्वित हैं। अभियान के दौरान पार्टी देश भर में कार्यक्रम करेगी।

मोदी 3.0 की पहली वर्षगांठ सैन्य सम्मान और राष्ट्र सेवा के रूप में मनाएंगे
भारतीय जनता पार्टी मोदी 3.0 की पहली वर्षगांठ सैन्य सम्मान और राष्ट्र सेवा के रूप में मनाएगी। जिले से लेकर मंडल स्तर तक सरकार की अब तक की उपलब्धियों और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को प्रचारित किया जाएगा। जनता के बीच यह संदेश जाएगा कि मोदी सरकार देश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सैन्य और कूटनीतिक सफलताओं के साथ-साथ आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों को भी रेखांकित किया जाएगा। इस दौरान ’विकसित भारत 2047′ विज़न, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और जनकल्याणकारी योजनाओं (उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएम आवास आदि) पर फोकस किया जाएगा। यह वर्षगांठ लोकसभा चुनावों में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद मोदी 3.0 की वैचारिक दृढ़ता और नीतिगत स्पष्टता को रेखांकित करने का माध्यम भी होगी। राष्ट्रवाद, सुरक्षा और विकास- भाजपा इन्हीं तीन प्रमुख बिंदुओं के सहारे जनसंपर्क करेगी।

दुनिया के सामने शक्तिशाली और दृढ़प्रतिज्ञ नए भारत की छवि बनाई
प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी 11 साल का समय पूरा कर लिया है। अब मोदी 3.O की पहली वर्षगांठ अगले महीने आ रही है। अपने वादे के अनुरूप पीएम मोदी ने तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिन में हर वर्ग के कल्याण और विकसित भारत के निर्माण के लिए करोड़ों के कार्य स्वीकृत किए। उन्होंने अपने वादे के अनुरूप भारत को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था बना दिया है और तीसरी इकोनॉमी बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के साथ ही पीएम मोदी सफलता के शिखर पर हैं और नित-नए रिकॉर्ड बनाते जा रहे हैं। आज पूरी दुनिया में पीएम मोदी एक अलग मुकाम पर है। मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक और अतुलनीय फैसलों से भारत की विजयगाथा देश ही नहीं, दुनियाभर के सामने गुंजायमान हो रही है। विश्वपटल पर भारत की विजय-पताका पूरे वेग के साथ फहर रही है। इन 11 सालों में नीतियां बदलीं, नज़रिया बदला और भारत को देखने का तरीका भी। अब दुनिया के सामने मजबूत, शक्तिशाली और दृढ़प्रतिज्ञ नए भारत की शानदार छवि बन रही है।

पीएम मोदी की कई अद्वितीय उपलब्धियों ने इतिहास रच डाला
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश-दुनिया में करोड़ों फैन यूं ही नहीं है। दरअसल, पीएम मोदी ऐसे अद्वितीय और अद्भुत काम करके मिसाल पेश करते हैं, जिनके बारे में कोई और राजनेता दूर-दूर तक सोच भी नहीं पाते। पीएम मोदी की काबिलियत ही है कि 11 साल में भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई ऐसी उपलब्धियां हासिल कीं हैं, जिनसे हर भारतीय का सीना गर्व से 56 इंची चौड़ा हो जाता है। वो देश में जहां युवा शक्ति, नारीशक्ति, गरीब और अन्नदाता चारों स्तंभों के लिए दिन-रात एक करते हैं, वहीं विदेश में भारत का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए जुटे रहते हैं। अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का तमगा हासिल करते भारत ने दुनियाभर के देशों को चमत्कृत कर दिया है। इसके साथ साफ संदेश दिया है कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की डगर पर तेजी से दौड़ रहा है। वैसे तो पीएम के रूप में कई कामयाबियां हासिल हुई हैं, लेकिन यहां कुछ उपलब्धियां के बारे में बताएंगे, जिन्होंने इतिहास ही रच डाला। इनमें से कुछ फैसले और उपलब्धियां तो सदियों के संघर्ष के बाद मोदी राज में ही हासिल हो पाईं। उनकी उपलब्धियों को एक लेख में बांध पाना संभव नहीं है, इसलिए यहां हम कुछ बड़ी उपलब्धियां बताएंगे।

इन 11 साल में क्या कुछ नहीं बदला है। पीएम पहले भी आत्मविश्वास से भरे थे और आज भी है… लेकिन आज वो आत्मविश्वास वैश्विक अनुभव, अंतरराष्ट्रीय पहचान और विकसित भारत के बढ़ते कदमों से भी जुड़ा है।

11 साल में पीएम मोदी की 11 प्रमुख उपलब्धियां
• वर्ल्ड की चौथी आर्थिक शक्ति: जापान को पीछे छोड़कर भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत जल्द ही तीसरी इकोनॉमी बनने वाली है। मोदी सरकार ने विभिन्न करों को खत्म कर पूरे देश को “एक राष्ट्र, एक कर” की जीएसटी नीति से जोड़ा। इससे व्यापारिक प्रक्रिया आसान हुई, जीएसटी कलेक्शन बढ़ा और टैक्स सिस्टम पारदर्शी बना।
• ऑपरेशन सिंदूर: मोदी राज में भारत ने दुनिया को बताया कि वह किसी से डरकर रहने वाला नहीं है। आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस नीति के चलते सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के बाद भारत ने पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ सफलतापूर्वक ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। इसमें सौ से ज्यादा आतंकी, उनके मुख्यालय और ट्रैनिंग कैंप तबाह कर दिए।
• जनधन योजना: 2014 में शुरू की गई यह योजना देश के करोड़ों गरीबों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने का माध्यम बनी। पहली बार बड़ी आबादी को सीधे बैंक खाते, बीमा और आर्थिक समावेशन का लाभ मिला।
• स्वच्छ भारत मिशन: महात्मा गांधी के स्वप्न को साकार करने के लिए पीएम मोदी ने स्वच्छता को आंदोलन बनाया। 10 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने और खुले में शौच की दर में भारी गिरावट आई।
• आयुष्मान भारत और कोरोना वैक्सीन: गरीबों को 5 लाख रुपये तक का हेल्थ इंश्योरेंस देने वाली यह दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य योजना बनी। करोड़ों लोगों को अस्पताल में इलाज मुफ्त मिला। सबसे अहम पीएम मोदी ने दुनियाभर के देशों को कोरोना महामारी से बचाने के लिए वैक्सीन दी।
• स्पेस मिशन और डिजिटल इंडिया: मोदी सरकार ने तकनीक को जन-जन तक पहुंचाया। UPI, डिजिलॉकर, डिजिटल भुगतान जैसे प्लेटफॉर्म आम नागरिक की जिंदगी का हिस्सा बने। भारत 2023 में, चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सफलतापूर्वक लैंडिंग करने वाला पहला देश बना। आदित्य एल1, मंगलयान और स्पैडेक्स मिशन के तहत दो उपग्रहों का स्थापन भारत की सफलता की कहानी कह रहे हैं।
• अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान: नरेंद्र मोदी ने विदेश नीति को नया आयाम दिया. UN से लेकर अमेरिका, जापान और UAE तक भारत की वैश्विक छवि को मजबूत किया.
• आत्मनिर्भर और विकसित भारत अभियान: कोविड-19 के बाद आत्मनिर्भरता और विकसित भारत को विकास का मंत्र बनाया गया। लोकल मैन्युफैक्चरिंग और MSMEs को प्रोत्साहन मिला। एक्सप्रेसवे, रेलवे, एयरपोर्ट और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स में बुनियादी ढांचे को विस्तार मिला। भारत में हर दिन औसतन 37 किलोमीटर हाईवे बनने लगे।
• अनुच्छेद 370 हटाना: जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाकर मोदी सरकार ने एक बड़ा ऐतिहासिक फैसला लिया, जिसे दशकों से लंबित माना जा रहा था।
• सनातन का पुनरोद्धार : मोदी राज में ही राम मंदिर से लेकर काशी-केदार तक हमारे आस्था स्थलों का पुनरोद्धार हुआ। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया को पीएम मोदी ने नेतृत्व देकर शांतिपूर्ण और गरिमामय रूप दिया।
• नारी शक्ति और कानून: तीन तलाक कानून, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, महिलाओं के लिए सैन्य सेवा में प्रवेश और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों से महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी।

Leave a Reply