Home समाचार जंगलराज में धू-धूकर जल रहा बिहार, राजनीतिक रासलीला करने में मशग़ूल मुंगेरीलाल,...

जंगलराज में धू-धूकर जल रहा बिहार, राजनीतिक रासलीला करने में मशग़ूल मुंगेरीलाल, महागठबंधन के प्यार में अंधा हुआ सेक्युलर गैंग

SHARE

बिहार में इस समय नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव का जंगलराज चल रहा है। राजनीतिक अनिश्चितता की वहज से अपराधी बेलगाम है। चारों तरफ अराजकता का आलम है। रविवार (19 फरवरी, 2023) का दिन दो बड़ी घटनाओं का गवाह बना, जिसमें एक तरफ गोलीबारी और आगजनी से पूरा पटना दहल उठा, वहीं उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में नीतीश और तेजस्वी के जंगलराज से मुक्ति के लिए छटपटाहट भी दिखाई दी। ऐसे हालात में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। वो भ्रष्टाचारियों और देश के लुटरों का सरगना बनकर प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। इसके लिए वो कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों के साथ राजनीतिक रासलीला कर रहे। कांग्रेस से इजहार ए इश्क कर अपनी मायाजाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।

पार्किंग विवाद में दो गुटों में गोलीबारी और आगजनी से 2 की मौत

नीतीश कुमार अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा की पूर्ति के लिए सियासी बिसात बिछाने में व्यस्त है, उधर राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है। पुलिस की निष्क्रियता से अपराधियों के हौसले इस तरह बुलंद है कि मामूली बात पर भी गोलियां चलने लगती हैं। लोग एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए हैं। इसका एक वीभत्स रूप पटना के फतुहा के जेठुली गांव में देखने को मिला, जहां रविवार करीब डेढ़ बजे बच्चा राय और चनारिक राय के बीच जिम की जमीन पर गाड़ी पार्क करने को लेकर विवाद हुआ और दो लोगों की जान चली गई। दोनों गुटों के बीच राइफल, देसी कट्टा और 9 mm के पिस्टल से 50 राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से चनारिक गुट के दो लोगों की मौत हो गई। तीन बुरी तरह से घायल हो गए। 

आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर, मैरिज हॉल और गाड़ियों में लगाई आग

दो लोगों की मौत के बाद चनारिक गुट के लोग उग्र हो गए। लोगों ने बच्चा राय के मैरिज हॉल, उसके भाई उमेश राय के घर और गाड़ियों में आग लगा दी। मैरिज हॉल के पास एक घर भी चपेट में आ गया। आग से मैरिज हॉल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आगजनी के आदे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। भीड़ ने फायर बिग्रेड टीम को आग बुझाने से रोका दिया। दमकल गाड़ियों के चक्कों की हवा निकाल दी। आग में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। 8 घंटे बाद रविवार रात करीब 12 बजे पुलिस ने आग पर काबू पाया। फतुहा में कई घंटों तक अफरा-तफरी रही। इस मामले में पुलिस ने मुखिया पति बच्चा राय के भाई उमेश राय के साथ 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरे दिन भी आगजनी और तोड़फोड़, इलाके में तनाव बरकरार

सोमवार की सुबह इलाज के दौरान एक और घायल की मौत की अफवाह उड़ते ही लोगों का गूसा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने उमेश राय पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। फिर सुबह 6 बजे चनारिक राय के गुट ने उमेश राय घर में आग लगा दी। उनकी संपत्तियों को चुन चुन कर नष्ट किया जा रहा है। उमेश राय के घर के आसपास स्थित 6 अन्य घरों में भी आग लग गई। आग बुझाने के लिए पुलिस ने दमकल की टीम को तैनात किया तो दमकल समेत पुलिस टीम को खदेड़ दिया गया। करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी से पुलिस और फायर फाइटिंग टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पथरबाजी में नदी थाने के एक पुलिसकर्मी को गंभीर चोट आई है। पुलिस ने कई घरों में लूटपाट की पुष्टि की है।

जिम की छह कट्ठे जमीन को लेकर चल रहा विवाद

गौरतलब है कि बच्चा राय और चनारिक राय के बीच विवाद पहले से चला आ रहा है। दोनों गुटों के बीच जिम की छह कट्ठे जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जमीन सड़क के किनारे है। कीमत करीब 3 करोड़ है। जमीन पर दोनों गुट दावा जता रहे हैं। फिलहाल इस पर बच्चा का कब्जा है। रविवार बच्चा राय ने जिम के पास गिट्टी गिराई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे चनारिक वहां पहुंचा और गाड़ी पार्क करने लगा। यहां बच्चा और चनारिक में बहस और हाथापाई हुई। थोड़ी देर में ही बच्चा के समर्थक हथियार के साथ पहुंचे और फायरिंग करने लगे। इसमें चनारिक समेत 5 लोगों को गोली लगी। परिवार और आसपास के लोग पांचों को अस्पताल ले गए। अस्पताल में 25 साल के गौतम की मौत हो गई। 

उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश के साम्राज्य में लगाई आग

उधर पटना में रविवार को एक आग सुलगती हुई दिखाई दी, जिसने सोमवार को भीषण रूप धारण कर लिया और नीतीश के साम्राज्य को ही झुलसा दिया। उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू को दो फाड़ करते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया और एक नई पार्टी के गठन का ऐलान कर दिया। शनिवार और रविवार को प्रदेशभर से जेडीयू के कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद कुशवाहा ने ये ऐलान किया। इस बैठक के बाद जारी किए गए प्रस्ताव में पार्टी के नाम, झंडे और कमेटी बनाने की जिम्मेदारी उपेंद्र कुशवाहा को दी गई। साथ ही प्रस्ताव में पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी कुशवाहा को ही बनाने पर सर्वसम्मति जाहिर की गई। उपेंद्र कुशवाहा ने बैठक खत्म होने के बाद नई पार्टी के नाम का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि उनकी नई पार्टी का नाम होगा राष्ट्रीय लोक जनता दल। वहीं उपेंद्र कुशवाहा की बैठक में शामिल लोगों ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। 

कांग्रेस से इजहार ए इश्क कर रहे थे, पार्टी ही झुलस गई

एनडीए से गठबंधन तोड़ने के बाद से नीतीश कुमार इस फिराक में थे कि विपक्षी पार्टियां उनके नेतृत्व में एकजुट हो जाएं और समूचा विपक्ष उनके नेतृत्व में लोकसभा चुनाव लड़े। नीतीश कुमार ने 18 फरवरी, 2023 को कहा कि कांग्रेस को विपक्षी एकता की पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी एकता हो गई तो बीजेपी की सौ से ज्यादा सीटें नहीं आएंगी, लेकिन अगर गठबंधन नहीं हुआ तो सब जानते हैं कि क्या होगा। इसके बाद कांग्रेस ने दो टूक कहा कि वह उन राज्यों में क्षेत्रीय दलों का नेतृत्व स्वीकार करने को तैयार हैं, जहां वे कांग्रेस से ज्यादा ताकतवर हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर ऐसा नहीं हो सकता। वहीं उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू को दो फाड़ कर नीतीश कुमार को बड़ा झटका दिया है। नीतीश चले थे विपक्ष को एकजुट करने अपनी ही पार्टी को टूटने से नहीं बचा सके। 

बिहार जल रहा, सेक्युलर गैंग को नीतीश में दिख रहा भविष्य

बिहार जिस तरह जल रहा है और आपराधिक घटनाए्ं हो रही हैं, उससे प्रदेश की पूरी जनता आतंक के साये में जी रही है। लेकिन देश के सेक्युलर और लिबरल गैंग को नीतीश कुमार पीएम मैटेरियल नजर आ रहे हैं। यह गैंग उनमें अपना भविष्य देख रहा है। इसलिए यह गैंग नीतीश के प्यार में इतना अंधा हो चुका है कि उसे जलता हुआ बिहार नजर नहीं आ रहा है। टूटती हुई जेडीयू भी दिखाई नहीं दे रही है। बिहार के जंगलराज पर मौन साधे हुए नीतीश को प्रधानमंत्री के रूप में देखने के लिए सियासी गठजोड़ में लगे हुए हैं। उन्हें प्रधानमंत्री मोदी जैसा ताकतवर और देशभक्त प्रधानमंत्री पसंद नहीं है। उन्हें देवेगौड़ा और इंद्रकुमार गुजराल जैसे कठपुतली प्रधानमंत्री चाहिए, जो उनकी हर मांग पूरी कर सके और मिलकर देश को लूट सके।

Leave a Reply