Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी कल गुजरात को देंगे विरासत से लेकर सेमीकंडक्टर तक 20,000...

प्रधानमंत्री मोदी कल गुजरात को देंगे विरासत से लेकर सेमीकंडक्टर तक 20,000 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल, 31 मार्च 2026 को अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी राज्य को 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। सुबह गांधीनगर में जैन विरासत के दर्शन से शुरू होने वाला यह सफर शाम को वाव-थराद में विशाल जनसभा के साथ समाप्त होगा। इस दौरे में तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और आस्था का एक अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे गांधीनगर के कोबा तीर्थ पहुंचेंगे। यहां वे सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। महावीर जयंती के पावन अवसर पर हो रहा यह उद्घाटन बेहद खास है। सम्राट संप्रति, सम्राट अशोक के पोते थे। उन्हें जैन धर्म के प्रचार-प्रसार और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए जाना जाता है। इस म्यूजियम में सात अलग-अलग खंड बनाए गए हैं। यहां प्राचीन मूर्तियों, चांदी के रथों और दुर्लभ पांडुलिपियों को आधुनिक डिजिटल तकनीक के साथ पेश किया गया है। प्रधानमंत्री यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि यह जगह शोधकर्ताओं और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण बनेगी।

इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12:45 बजे अहमदाबाद के सानंद इलाके में केयन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन करेंगे। यह भारत के सेमीकंडक्टर सेक्टर में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। माइक्रोन के बाद यह देश की दूसरी ऐसी यूनिट है जहां कमर्शियल उत्पादन शुरू होने जा रहा है। इस संयंत्र में उन्नत इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल (IPM) का उत्पादन शुरू होगा, जो ऑटोमोबाइल और इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए बेहद अहम हैं। खास बात यह है कि हर मॉड्यूल में 17 चिप्स होते हैं और इनकी सप्लाई अंतरराष्ट्रीय बाजार तक जाएगी। जब यह प्लांट पूरी क्षमता से काम शुरू करेगा, तो यहां रोज करीब 63 लाख यूनिट्स तैयार होंगी।

यह प्रोजेक्ट इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत एक बड़ी उपलब्धि है। इससे न सिर्फ टेक्नोलॉजी सेक्टर में भारत की स्थिति मजबूत होगी, बल्कि घरेलू कंपनियों को भी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिलेगा। इसे मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

इसके बाद दिन का सबसे बड़ा कार्यक्रम वाव-थराद में होगा। यहां वे 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं बिजली, सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास जैसे कई अहम क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इन परियोजनाओं में सबसे खास है अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे, जिसकी लागत करीब 5,100 करोड़ रुपये है। यह एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा और धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन में औद्योगिक विकास को गति देगा। इसके अलावा कई नई सड़कों और हाईवे परियोजनाओं की भी नींव रखी जाएगी, जिससे लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट आसान होगा।

रेलवे सेक्टर में भी कई बड़े कदम उठाए जाएंगे। नई रेल लाइनें, दोहरीकरण और चौगुनीकरण जैसी परियोजनाएं शुरू होंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और माल ढुलाई भी तेज होगी। हिम्मतनगर-खेड़ब्रह्मा रेल परियोजना का उद्घाटन और नई ट्रेन सेवा की शुरुआत भी इसी दौरान होगी। ऊर्जा क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। खासतौर पर नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी ट्रांसमिशन परियोजनाएं, जिनसे ग्रीन एनर्जी को ग्रिड में जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे देश की ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों को फायदा होगा।

शहरी विकास के तहत 5,300 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इनमें सड़कें, फ्लाईओवर, पार्किंग और अन्य सुविधाएं शामिल हैं, जो शहरों में ट्रैफिक और जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगी। गांधीनगर और अहमदाबाद के बीच ट्रैफिक को सुचारू बनाने के लिए नए फ्लाईओवर भी बनाए जाएंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई पहलें की जाएंगी। अहमदाबाद और गांधीनगर के अस्पतालों में नई सुविधाएं शुरू होंगी, जिनमें रेन बसेरा जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कई प्रोजेक्ट्स लॉन्च किए जाएंगे। पाटन की रानी की वाव में लाइट एंड साउंड शो और वडनगर में वाटर स्क्रीन प्रोजेक्शन शो जैसे आकर्षण जोड़े जाएंगे। इससे गुजरात के पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा जल आपूर्ति से जुड़ी बड़ी पाइपलाइन परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी, जिससे हजारों गांवों और लाखों लोगों को पीने का पानी मिलेगा। अंबाजी क्षेत्र में नई जल योजना से करीब 1.5 लाख लोगों को सीधा फायदा होगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा यह दौरा गुजरात ही नहीं, बल्कि देश के विकास एजेंडे की एक बड़ी तस्वीर भी पेश करता है।

Leave a Reply