Home चुनावी हलचल कांग्रेस के रिकॉर्ड राजकुमार की पराजय की सेंचुरी तय- असम में पीएम...

कांग्रेस के रिकॉर्ड राजकुमार की पराजय की सेंचुरी तय- असम में पीएम मोदी का मुस्लिम लीगी कांग्रेस पर बड़ा प्रहार

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 01 अप्रैल को असम में धेमाजी के गोगामुख में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के रिकॉर्ड राजकुमार की पराजय की सेंचुरी आने वाली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में बीजेपी-एनडीए की जीत की हैट्रिक और कांग्रेस की हार की हैट्रिक तय है।

असम की विशाल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘पहले सर्वानंद सोनोवाल जी का नेतृत्व और फिर हिमंता विश्व शर्मा जी की अगुवाई में असम ने बीते 10 वर्षों में सेवा और सुशासन का नया दौर देखा है। असम के ये चुनाव विकसित असम से विकसित भारत बनाने का चुनाव है। इस बार बीजेपी-एनडीए सरकार की हैट्रिक लगनी तय है और कांग्रेस की पराजय की भी हैट्रिक होने वाली है। असम लगातार तीसरी बार बीजपी-एनडीए सरकार बना रहा है। और कांग्रेस के जो रिकॉर्ड राजकुमार है ना, उनकी पराजय की सेंचुरी आने वाली है।’

राज्य में गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में 22 लाख से ज्यादा परिवारों को पक्के घर मिल चुके हैं। उन्होंने वादा किया कि आने वाले समय में 15 लाख और गरीब परिवारों को घर देने की गारंटी है, साथ ही बच्चों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने का भी संकल्प दोहराया।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के चलते असम की महिलाओं को खास फायदा मिला है। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी अभियान के तहत करीब 3 लाख महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं और अब 40 लाख महिलाओं को इस दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है।

किसानों के मुद्दे पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि असम के 20 लाख किसानों को पीएम किसान निधि के तहत हजारों करोड़ रुपये मिल चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छोटे किसानों को हर साल अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी और खेती के लिए जरूरी संसाधनों पर भी मदद बढ़ाई जाएगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि ब्रह्मपुत्र पर दशकों तक सिर्फ तीन पुल बनाए गए, जबकि बीजेपी सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में पांच बड़े पुल बनाकर कनेक्टिविटी को मजबूत किया है। उन्होंने बोगीबील ब्रिज और भूपेन हजारिका सेतु का जिक्र करते हुए इसे विकास का बड़ा उदाहरण बताया।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए हमेशा पावर और परिवार ही प्राथमिकता रहे हैं, जबकि बीजेपी सरकार ने आम लोगों के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर ध्यान दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर घुसपैठ और अवैध कब्जों को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक घुसपैठियों को खुली छूट दी और आदिवासियों की जमीन पर कब्जे करवाए। कांग्रेस, असम में विदेशियों को बसाना चाहती है। असम की मूल संतानों को अल्पसंख्यक बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी-एनडीए सरकार असम की जमीन, पहचान और संस्कृति की रक्षा के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

रैली के अंत में प्रधानमंत्री ने जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस एक बार फिर खतरनाक कानूनों के जरिए समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सत्ता पाने के लिए कुछ भी कर सकती है। अब वो मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस बन चुकी है। आजादी से पहले मुस्लिम लीग ने देश को बांटने का खेल खेला, वही काम आज कांग्रेस कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि असम की अस्मिता और विकास के लिए बीजेपी पूरी मजबूती से काम करती रहेगी।

Leave a Reply