Home समाचार भारत के विकास के लिए हम समंदर से भी टकरा सकते हैं-...

भारत के विकास के लिए हम समंदर से भी टकरा सकते हैं- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 12 जनवरी को अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु का उद्घाटन किया। इसे 17,840 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है और यह देश का सबसे लंबा समुद्री पुल है। प्रधानमंत्री मोदी ने दिसंबर 2016 में इस पुल की आधारशिला रखी थी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश को मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक-अटल सेतु मिला है, जो दुनिया के सबसे बड़े समुद्री पुलों में से एक है। यह हमारे इस संकल्प का भी प्रमाण है कि भारत के विकास के लिए हम समंदर से भी टकरा सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन मुंबई और महाराष्ट्र के साथ ही विकसित भारत के संकल्प के लिए बहुत ही ऐतिहासिक है। आज विकास का यह उत्सव भले ही मुंबई में हो रहा है, लेकिन इस पर पूरे देश की नजर है और दुनिया के सबसे बड़े ‘सी ब्रिज’ में से एक ये विशाल अटल सेतु देश को मिल रहा है। 24 दिसंबर 2016 का दिन मैं नहीं भूल सकता। जब मैं अटल सेतु के शिलान्यास के लिए यहां आया था। तब मैंने छत्रपति शिवाजी को नमन करते हुए कहा था कि लिखकर रखिए… देश बदलेगा भी और देश बढ़ेगा भी। ये मोदी की गारंटी थी और आज मैं फिर छत्रपित शिवाजी को नमन करते हुए, सिद्धि विनायक जी को प्रणाम करते हुए यह अटल सेतु मुंबई और देश के लोगों को समर्पित कर रहा हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक तरफ, गरीब का जीवन बेहतर बनाने के लिए महा-अभियान हैं, तो दूसरी तरफ देश के कोने-कोने में चल रही महा-परियोजनाएं हैं। हम अटल पेंशन योजना भी चला रहे हैं और अटल सेतु भी बना रहे हैं। हम आयुष्मान भारत योजना भी चला रहे हैं और वंदेभारत-अमृतभारत ट्रेनें भी बना रहे हैं। हम पीएम किसान सम्मान निधि भी दे रहे हैं और पीएम गतिशक्ति भी बना रहे हैं।

सभा के संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना हो, आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा हो, जन धन खाते हों, पीएम आवास के पक्के घर हों, घरों की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम हो, गर्भवती महिलाओं के बैंक खाते में 6 हजार रुपये भेजना हो, नौकरी करने वाली महिलाओं को वेतन के साथ 26 हफ्ते की छुट्टी देना हो, सुकन्या समृद्धि खातों के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा ब्याज देना हो, हमारी सरकार ने महिलाओं का खास ध्यान रखा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार की नीयत साफ है। आज सरकार की निष्ठा सिर्फ और सिर्फ देश के प्रति है, देशवासियों के प्रति है। और जैसी नीयत होती है, जैसी निष्ठा होती है, वैसी ही नीति भी होती है।

Leave a Reply