Home समाचार भारत-सेशेल्स दोस्ती के 50 साल: पीएम मोदी ने किया 175 मिलियन डॉलर...

भारत-सेशेल्स दोस्ती के 50 साल: पीएम मोदी ने किया 175 मिलियन डॉलर के विशेष पैकेज का ऐलान

SHARE

भारत और सेशेल्स के बीच आज, 9 जनवरी को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में दोस्ती का एक नया अध्याय लिखा गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच हुई उच्च स्तरीय मुलाकात में न केवल द्विपक्षीय संबंधों के 50 गौरवशाली वर्षों का जश्न मनाया गया, बल्कि भविष्य के लिए एक ठोस ज्वाइंट विजन भी साझा किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स का रिश्ता सिर्फ राजनयिक नहीं, बल्कि इतिहास, भरोसे और साझा भविष्य से जुड़ा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर सेशेल्स के विकास के लिए 175 मिलियन डॉलर यानी करीब 1450 करोड़ रुपये से अधिक के ‘स्पेशल इकोनॉमिक पैकेज’ की घोषणा की। यह पैकेज सेशेल्स में सोशल हाउसिंग, ई-मोबिलिटी, स्वास्थ्य और रक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई जान फूंकेगा। पीएम ने साफ किया कि भारत की विकास साझेदारी हमेशा सेशेल्स की प्राथमिकताओं पर आधारित रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स का रिश्ता सिर्फ डिप्लोमेटिक नहीं है, बल्कि यह लहरों, इतिहास और भरोसे का अटूट संगम है। उन्होंने सेशेल्स को भारत के ‘सागर’ (SAGAR) विजन का एक अभिन्न अंग बताया। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि आने वाले समय में दोनों देश लोकल करेंसी में व्यापार करेंगे और फिनटेक व डिजिटल सॉल्यूशंस के क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।

प्रधानमंत्री ने कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव में सेशेल्स का ‘पूर्ण सदस्य’ के रूप में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। भारत अपनी विशेषज्ञता के जरिए मरीन रिसर्च और डेटा शेयरिंग में भी सेशेल्स की मदद करेगा।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी दोनों देशों ने बड़े कदम उठाए हैं। सेशेल्स के सिविल सर्वेंट्स की भारत में ट्रेनिंग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर महत्वपूर्ण समझौतों पर दस्तखत किए गए। भारत अब अपना सफल डिजिटल अनुभव सेशेल्स के साथ साझा करेगा, जिससे वहां की सरकारी व्यवस्थाओं में तकनीक का दखल बढ़ेगा।

प्रधानमंत्री ने सेशेल्स में रहने वाले भारतीय समुदाय की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासियों ने वहां के आर्थिक और सामाजिक जीवन में जो योगदान दिया है, उसने हमारी मित्रता को पीढ़ी दर पीढ़ी मजबूत किया है। अब दोनों देश मिलकर पर्यटन, खेल और संस्कृति के माध्यम से युवाओं के बीच आदान-प्रदान बढ़ाने पर विशेष ध्यान देंगे।

अंत में, दोनों देशों ने ‘इंडिया-सेशेल्स ज्वाइंट विजन’ जारी किया, जो आने वाले वर्षों के लिए एक रोडमैप की तरह काम करेगा। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए उनका आभार व्यक्त किया और भरोसा जताया कि यह साझेदारी अब एक नए और आधुनिक युग में प्रवेश कर चुकी है।

Leave a Reply