देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। दूसरी तरफ टोक्यो पैरालंपिक्स में भारत के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। इस पैरालंपिक्स में भारत को पहला गोल्ड मेडल मिला, जबकि दो सिल्वर और एक कांस्य पदक भी झोली में आए। शूटिंग में अवनि लेखारा ने इतिहास रचते हुए देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। अवनि पैरालंपिक्स में गोल्ड जीतने वालीं पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। पहली बार पैरालंपिक्स खेलों में भाग ले रही अवनि लेखरा ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 249.6 का स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फोन करके शूटर अवनि लेखरा को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने अवनि की इस जीत को भारतीय खेल के लिए खास क्षण बताया और उनके जज्बे की जमकर तारीफ की।
अब तक कुल 7 पदक जीतकर भारत ने बनाया रिकॉर्ड
भारत ने टोक्यो पैरालंपिक्स में अब तक सात पदक जीत लिए हैं। इनमें एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक शामिल है। इसके साथ ही भारत ने पैरालंपिक्स के इतिहास में सबसे अधिक पदक जीतने का रिकॉर्ड बना दिया है। गौरतलब है कि 2016 के रियो पैरालंपिक्स और 1984 के न्यूयॉर्क पैरालंपिक्स में भारत ने 4-4 मेडल हासिल किया था। इस बार भारत के 54 खिलाड़ी टोक्यो पैरालंपिक्स में हिस्सा ले रहे हैं। पैरालिंपिक खेलों में भाग लेने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा दल है। पैरा-एथलीट टीम के टोक्यो रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनसे बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों द्वारा नया इतिहास रचने की उम्मीद जताई थी।