Home समाचार टीकाकरण अभियान में मोदी सरकार की एक और बड़ी उपलब्धि, पहली बार...

टीकाकरण अभियान में मोदी सरकार की एक और बड़ी उपलब्धि, पहली बार दोनों डोज लेने वालों की संख्या एक डोज लेने वालों से ज्यादा हुई

SHARE

कोरोना टीकाकरण अभियान में मोदी सरकार को एक के बाद एक बड़ी उपलब्धि हासिल हो रही है।  टीकाकरण शूरू होने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब देश में कोरोना की दोनों डोज लेने वालों की संख्या एक डोज लेने वालों से ज्यादा हो गई है। को-विन डैशबोर्ड से मिले डेटा के मुताबिक अब तक 113 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना के टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें से 38.7 करोड़ लोगों को पूरी तरह से टीका लगाया गया है यानि दोनों डोज लग चुका है। और अन्य 37.47 करोड़ को केवल एक शॉट मिला है।

ऐसा माना जाता है कि भारत में कुल 94 करोड़ वयस्कों की आबादी है, तो इसका मतलब है कि देश के 40.3 प्रतिशत वयस्कों को पूरी तरह से टीका लगाया गया है, जबकि अन्य 40.2 प्रतिशत को अब तक एक ही डोज दिया गया है। हालांकि अक्टूबर की शुरुआत से दोनों खुराक लेने वालों का यह अंतर कम होता आ रहा है, दूसरी खुराक लेने वालों की संख्या पहली खुराक वालों से आगे निकल गयी। आंकड़ों से पता चलता है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह से टीके की सिर्फ एक खुराक देने वाले लोगों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है।

वेबसाइट अवर वर्ल्ड इन डेटा द्वारा बनाए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत की आबादी का औसतन 54.1 प्रतिशत (पूरी आबादी, न कि केवल 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को) ने कम से कम एक टीका प्राप्त किया है, जबकि 26.8 प्रतिशत को पूरी तरह से टीका लगाया गया है। इन आंकड़ों का वैश्विक औसत क्रमश: 52.2 और 40.9 प्रतिशत है। इसका मतलब यह है कि भारत टोटल कवरेज में वैश्विक औसत से आगे  निकल गया है।

देश के कुछ हिस्सों में टीकाकरण की रफ्तार धीमी है। केंद्र सरकार ने ऐसे इलाकों में टीकाकरण को तेज गति से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। केंद्र ने सभी राज्यों को नवंबर के अंत तक 90 प्रतिशत आबादी को कम से कम एक डोज लगाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के लिए नये-नये तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब हर घर दस्तक अभियान की शुरुआत की गई है। पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर हर घर दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लाभार्थियों को कोरोना का टीका लगा रहे हैं।

देश में 16 जनवरी, 2021 से टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। शुरुआती 20 करोड़ वैक्सीन डोज 131 दिन में लगे। अगले 20 करोड़ डोज 52 दिन में दिए गए। 40 से 60 करोड़ डोज देने में 39 दिन लगे। 60 करोड़ से 80 करोड़ डोज देने में सबसे कम महज 24 दिन लगे। 80 करोड़ से 100 करोड़ पहुंचने में 31 दिन लगे। अब हर घर दस्तक अभियान से इसमें और तेजी आने की उम्मीद है। इससे नवंबर के अंत तक 90 प्रतिशत आबादी को कम से कम एक डोज लगाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply Cancel reply