Home चुनावी हलचल असम में लगेगी बीजेपी की हैट्रिक, कांग्रेस के शाही परिवार की हार...

असम में लगेगी बीजेपी की हैट्रिक, कांग्रेस के शाही परिवार की हार का बनेगा रिकॉर्ड- प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 6 अप्रैल को असम के बारपेटा में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। रैली में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर गदगद प्रधानमंत्री ने कहा कि असम का यह जोश अद्भुत और अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि असम के लोग इस बार कांग्रेस के नामदारों की हार का ऐसा रिकॉर्ड बनाएंगे जिसे देश लंबे समय तक याद रखेगा। उन्होंने कहा कि असम की जनता ने इस बार दो बड़े फैसले ले लिए हैं- पहला, राज्य में बीजेपी-एनडीए सरकार की हैट्रिक और दूसरा, दिल्ली में बैठे कांग्रेस के शाही परिवार की हार की सेंचुरी।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की नीतियों को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी दूरगामी सोच के साथ काम नहीं करती और उसकी राजनीति शॉर्ट टर्म लाभ और भ्रष्टाचार तक सीमित रहती है। इसके विपरीत उन्होंने बीजेपी को एक विजनरी पार्टी बताते हुए कहा कि उनकी सरकार विकसित असम और विकसित भारत के लक्ष्य पर काम कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 वर्षों के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि यह दशक असम में शांति और स्थिरता स्थापित करने का रहा है। उन्होंने कहा कि पहले राज्य असुरक्षा और हिंसा से जूझता था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। आने वाले वर्षों में असम समृद्धि और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ेगा।

किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य पहले के मुकाबले काफी बढ़ा है और अब किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने बिचौलियों की भूमिका खत्म कर दी है और पैसा सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने खाद की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर कीमतें बढ़ने के बावजूद भारत में किसानों को राहत दी गई। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया और सस्ती दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराए।

महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का सबसे ज्यादा लाभ महिलाओं को मिला है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, पक्का घर, शौचालय और नल से जल जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। साथ ही लखपति दीदी अभियान के जरिए लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। प्रधानमंत्री ने महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए कानून पारित किया है और इसे लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कुछ दल इस मुद्दे पर भी भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

आदिवासी और नॉर्थ ईस्ट के विकास पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दशकों तक आदिवासी क्षेत्रों में गरीबी और हिंसा बनी रही, लेकिन उनकी सरकार ने शांति और विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि आज नॉर्थ ईस्ट में शांति का माहौल है और हजारों युवाओं को मुख्यधारा में जोड़ा गया है।

घुसपैठ के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों का समर्थन करती है और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का वोट असम की सुरक्षा और पहचान की रक्षा करेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल असम को असुरक्षा से बाहर निकालने के थे, लेकिन आने वाले साल असम की समृद्धि और आत्मनिर्भरता के होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हर बूथ पर मेहनत करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि अधिक से अधिक लोग मतदान करें।

Leave a Reply