Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक इजराइल यात्रा: सुरक्षा, तकनीक और नवाचार पर केंद्रित...

प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक इजराइल यात्रा: सुरक्षा, तकनीक और नवाचार पर केंद्रित होगी नेतन्याहू से चर्चा

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 25 फरवरी को इजरायल की 2 दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच पहले से ही मजबूत सामरिक और कूटनीतिक रिश्तों को एक नई ऊंचाई पर ले जाना है। पीएम मोदी इस यात्रा के दौरान इजराइली संसद नेसेट को संबोधित करेंगे और ऐसा करने वाले वे देश के पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।

इजरायल रवाना होने से पहले अपने बयान में कहा कि ‘अपने प्रिय मित्र प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आमंत्रण पर, मैं 25-26 फरवरी 2026 के लिए इजराइल के राजकीय दौरे पर जा रहा हूं। भारत और इजराइल के बीच एक सुदृढ़ एवं बहुआयामी सामरिक साझेदारी है, जिसमें हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति और गतिशीलता देखी गई है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, प्रौद्योगिकी, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश और दोनों देशों के लोगों के परस्‍पर संबंधों सहित, विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ होने वाली अपनी चर्चाओं की मैं प्रतीक्षा कर रहा हूं। हम आपसी हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।’

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि ‘इस यात्रा के दौरान मैं इजराइल के राष्ट्रपति महामहिम इसाक हर्ज़ोग से भी भेंट करूंगा। मुझे इजराइली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करने वाला प्रथम भारतीय प्रधानमंत्री बनने का भी सम्मान प्राप्त होगा। यह अवसर हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले सुदृढ़ संसदीय और लोकतांत्रिक संबंधों को एक श्रद्धांजलि होगा। मैं भारतीय प्रवासी समुदाय के उन सदस्यों के साथ संवाद करने की भी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहा हूं, जो लंबे समय से भारत-इजराइल की विशेष मित्रता को सुदृढ़ करते रहे हैं। मुझे विश्वास है कि मेरा यह राजकीय दौरा दोनों देशों के बीच स्थायी संबंधों को और सुदृढ़ करेगा, सामरिक साझेदारी के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करेगा तथा एक सुदृढ़, नवोन्मेषी और समृद्ध भविष्य के लिए हमारी साझा दृष्टि को आगे बढ़ाएगा।’

File Photo

प्रधानमंत्री मोदी की यह इजरायल की दूसरी यात्रा है। इससे पहले उन्होंने 2017 में अपनी पहली यात्रा की थी। प्रधानमंत्री मोदी के इजरायल पहुंचने से पहले इजरायल की संसद नेसेट तिरंगे की रोशनी से नहा उठी है। नेसेट के स्पीकर ने पीएम मोदी के सम्मान में इस तस्वीर को एक्स पर शेयर किया।

Leave a Reply