Home समाचार बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया है… इस जीत ने MY का नया पॉजिटिव...

बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया है… इस जीत ने MY का नया पॉजिटिव फार्मूला दिया- महिला और यूथ : प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 नवंबर को दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय में बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भीड़ में पहुंचते ही उन्होंने बिहारी स्टाइल में गमछा घुमाकर माहौल बना दिया। इसके बाद उनका भाषण केवल जश्न नहीं रहा, बल्कि बिहार की राजनीति, विकास की दिशा और नए MY फॉर्मूले तक फैला एक व्यापक राजनीतिक संदेश बन गया।

पीएम मोदी ने भाषण की शुरुआत छठी मैया के जयकारे और गमछा घुमाकर की। उन्होंने कहा कि बिहार ने इस बार बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा कि बिहार की जीत के बाद आज हर घर में मखाने की खीर बनना तय है और उन्हें खुशी है कि भाजपा मुख्यालय में भी यही परोसी गई।

उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश देकर लोकतंत्र पर भरोसे की नई कहानी लिख दी है। उन्होंने इसे तुष्टिकरण की राजनीति को सीधा जवाब बताया।

विपक्ष के MY समीकरण पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दलों ने इसे मुस्लिम और यादव का फार्मूला बनाकर तुष्टिकरण की राजनीति चलाई। लेकिन बिहार ने इस चुनाव में नया पॉज़िटिव MY फार्मूला दिया- महिला और यूथ। उन्होंने कहा कि महिलाएं और नौजवान आज के बिहार का असली विकास इंजन हैं, जो हर जाति, धर्म और तबके से आते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि बिहार में जंगलराज और कट्टा संस्कृति की वापसी अब कभी नहीं होगी। लोगों ने इसे निर्णायक तौर पर खारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ लोकतंत्र भी जीता है। मोदी ने बताया कि पहले बिहार में नक्सल प्रभावित इलाकों में 3 बजे ही मतदान खत्म हो जाता था, लेकिन इस बार लोग बिना डर के त्योहार की तरह वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा कि जहां पहले सैकड़ों जगह री-पोलिंग होती थी, इस चुनाव में दो चरणों में एक भी री-पोल नहीं हुआ — यह बदलते बिहार का बड़ा सबूत है।

पीएम मोदी ने नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान सहित पूरी एनडीए टीम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बूथ-लेवल पर कार्यकर्ताओं ने कमाल कर दिया और बिहार के हर कोने से एनडीए की जीत की गूंज सुनाई दी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जनादेश वंशवाद नहीं, बल्कि विकासवाद की राजनीति की जीत है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो कहते थे कि बिहार को एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट या इंडस्ट्री की जरूरत नहीं — बिहार ने आज उन्हें जवाब दे दिया है कि विकास ही राज्य की असली राजनीति है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश ने 60 साल बाद लगातार तीसरी बार एनडीए को सत्ता देकर विश्वास की राजनीति को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र और अब बिहार में लगातार जीत बताती है कि जनता एनडीए को प्रो-पीपल और प्रो-डेवलपमेंट मॉडल मानती है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने दशकों तक देश पर राज किया, उसका जनाधार लगातार घट रहा है। कई राज्यों में वह दशकों से सत्ता से बाहर है और पिछले तीन लोकसभा चुनावों में 100 सीटों तक नहीं पहुंच पाई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सिर्फ नेगेटिव राजनीति कर रही है। कभी चौकीदार चोर है, कभी EVM पर शक, कभी चुनाव आयोग पर हमला यह राजनीति नहीं, निराशा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब “Muslim Leagi-Maoist Congress- MMC बन गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के अंदर असंतोष बढ़ रहा है और जल्दी ही एक और विभाजन देखने को मिल सकता है। उन्होंने कांग्रेस के सहयोगियों को चेताया कि कांग्रेस एक परजीवी है, जो सहयोगियों के वोट बैंक को खाकर खुद को जिंदा रखती है।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार वह धरती है जिसने दुनिया को लोकतंत्र सिखाया और आज उसी ने लोकतंत्र पर हमला करने वालों को धूल चटाई है। उन्होंने कहा झूठ हारता है, जनविश्वास जीतता है। पीएम मोदी ने वादा किया कि एनडीए की यह सरकार बिहार को अगले 25 वर्षों में स्वर्णिम युग की ओर ले जाएगी।

Leave a Reply