Home समाचार गुयाना के राष्ट्रपति ने की प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ, मदद के लिए...

गुयाना के राष्ट्रपति ने की प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ, मदद के लिए जताया आभार

SHARE

गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए मदद के लिए आभार जताया है। राष्ट्रपति इरफान ने कहा कि कोरोना काल में जब कई देशों ने अपने बॉर्डर बंद कर लिए थे, तब भारत ने आगे बढ़कर पूरी दुनिया की मदद की थी। कोरोना वैक्सीन की मदद के लिए आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि भारत प्रगतिशील देशों की सहायता के लिए हमेशा खड़ा रहा है। राष्ट्रपति इरफान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज भारत पूरी दुनिया को रास्ता दिखा रहा है। भारत में टेक्नोलॉजी के विकास, मेडिकल रिसर्च और टीकों के निर्माण से पूरी दुनिया को लाभ हुआ है।

राष्ट्रपति इरफान ने 9 जनवरी को इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय दिवस के अवसर पर बैठक से इतर प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। राष्ट्रपति इरफान अली 8 से 14 जनवरी, 2023 तक भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं और इस दौरान वो इंदौर के अलाव दिल्ली, कानपुर, बेंगलुरु और मुंबई भी जाएंगे। वे प्रवासी भारतीय दिवस के मुख्य अतिथि हैं।

दोनों नेताओं ने ऊर्जा, बुनियादी ढांचे के विकास, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य संबंधी देखभाल, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार और रक्षा संबंधों के क्षेत्र में सहयोग सहित कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। दोनों नेताओं ने भारत और गुयाना के लोगों के बीच मित्रता के 180 साल पुराने ऐतिहासिक संबंधों को याद किया तथा उन्हें और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

राष्ट्रपति इरफान इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वे 10 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस के समापन सत्र और प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार समारोह में भाग लेंगे। वे 11 जनवरी को इंदौर में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में भी शामिल लेंगे।

गुयाना काफी समय से भारत का करीबी मित्र देश रहा है। गुयाना में भारतीय मूल के 3 लाख से भी ज्यादा लोग रहते हैं। भारत और गुयाना दशकों से सांस्कृतिक रूप से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। भारत हर साल यहां के छात्रों को छात्रवृत्तियां प्रदान करता है।

Leave a Reply Cancel reply