Home नरेंद्र मोदी विशेष भ्रष्टाचार पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान…भ्रष्टाचारियों पर और तेज होगी कार्रवाई,...

भ्रष्टाचार पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान…भ्रष्टाचारियों पर और तेज होगी कार्रवाई, एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना से हो रहा भाजपा का विस्तार: PM MODI

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा ही युवाओं को मौका देने वाली पार्टी है। भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जो अपने कार्यकर्ताओं को नए अवसर देने के लिए निरंतर तत्पर रहती है। भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जिसने पार्टी की व्यवस्था में संवैधानिक रूप से महिलाओं के लिए पद की व्यवस्था की है। पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी केवल चुनाव लड़ने और जीतने तक ही सीमित नहीं है। बीजेपी एक व्यवस्था है, बीजेपी एक विचार है, बीजेपी एक संगठन है, बीजेपी एक आंदोलन है। दक्षिणी राज्यों सहित पूर्वोत्तर के लोगों ने भी भाजपा में अभूतपूर्व विश्वास दिखाया है। आज नॉर्थ ईस्ट में भाजपा के चार मुख्यमंत्री हैं और अन्य दो राज्यों में हमारी गठबंधन सरकार है। इस सफलता का श्रेय निस्संदेह भाजपा के कार्यकर्ताओं को जाता है। आज भाजपा केवल विश्व की सबसे बड़ी पार्टी नहीं है, बल्कि भाजपा भारत की सबसे Futuristic पार्टी है। पीएम मोदी मंगलवार को दिल्‍ली में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय के विस्‍तार के शिलान्‍यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय का यह विस्तार केवल एक भवन का विस्तार नहीं है, बल्कि ये प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के सपनों का विस्तार है।भाजपा की अनथक और अनवरत यात्रा समर्पण-संकल्पों के शिखर की यात्रा
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी पार्टी कुछ दिन बाद अपना 44वां स्थापना दिवस मनाएगी। इस पार्टी ने अपनी अनथक और अनवरत यात्रा में अनगिनत पड़ाव देखे हैं। ये यात्रा- परिश्रम की पराकाष्ठा है। ये समर्पण और संकल्पों के शिखर की यात्रा है। ये विचार और विचारधारा के विस्तार की यात्रा है। इस दौरान कितने ही उतार-चढ़ाव आए। एक तरह से, ये हमारी पार्टी की प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केवल 2 लोकसभा सीटों के साथ शुरू हुआ सफर 2019 में 303 सीटों तक पहुंच गया। कई राज्यों में हमें 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिलते हैं। जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से आज उत्तर से दक्षिण तक, पश्चिम से पूरब तक, भाजपा एकमात्र Pan India पार्टी है। मुझे विश्वास है कि पार्टी का आधुनिक कार्यालय हमारी महान परंपरा को और आगे ले जाएगा।

दुनिया के कई नेता अब भाजपा के सिद्धांत को दोहराने लगे हैं
पीएम मोदी ने कहा कि हमें भाजपा को एक ऐसी संस्था के रूप में विकसित करना है जिसके पास अगले 50 साल के लक्ष्य निर्धारित हों। इसके लिए तीन आदतें हर कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता, हर भाजपा सदस्य के स्वभाव में होनी चाहिए। ये हैं- अध्ययन, आधुनिकता और विश्व भर से अच्छी बातों को आत्मसात करने की शक्ति। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय की ये नई बिल्डिंग, पार्टी की उस परंपरा का एक अहम केंद्र बनेगी। यहां अध्ययन भी है, आधुनिकता भी है और विश्व भर का अनुभव भी है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि भाजपा का ये आधुनिक कार्यालय निरंतर इस ताकत का प्रेरणास्रोत बनेगा। आज बीजेपी की पहचान दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक दल के तौर पर होने लगी है। आज भाजपा की तुलना दुनिया की उन ऐतिहासिक पार्टियों से होने लगी है, जिन्होंने अपने शासन काल में अपने देश का भाग्य बदल दिया। हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। और यह देखकर खुशी होती है कि दुनिया के कितने ही नेता, अपनी भाषा में, अब भाजपा के इसी सिद्धांत को दोहराने लगे हैं।बीजेपी विकास और बदलाव की प्राणशक्ति, नूतनता व आधुनिकता स्वभाव
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा को केवल उसकी Presence और प्रभाव से नहीं समझा जा सकता है। भाजपा को जानने के लिए उसके स्वभाव को भी समझना जरूरी है। और, भाजपा का स्वभाव है- नूतनता और आधुनिकता! नूतनता हमारी निष्ठा है और आधुनिकता हमारी अवधारणा है। इसीलिए बीजेपी केवल चुनाव लड़ने और जीतने तक सीमित नहीं है। बीजेपी विकास और बदलाव की प्राणशक्ति है। बीजेपी ने सियासत की सोच को बदला है, और समावेश के नए मानकों को जन्म दिया है। भाजपा में ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं की बहुत बड़ी फौज है, जो समाजसेवा और राष्ट्रसेवा से जुड़े किसी भी अभियान में सबसे पहले पहुंचते हैं और आखिर तक मोर्चे पर डटे रहते हैं। यही वो बात है, जो समाज से उन्हें भावनात्मक रूप से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ हो रहा भाजपा का ये विस्तार, हमें सीटों के मामले में और वोट शेयर के मामले में, सफलता की नई उंचाइयों पर लेकर जाएगा।

पूरे भारत में भाजपा सरकारें, आकांक्षा, विकास और प्रगति की पर्याय
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की ये एक और विशेषता है कि हमारी पार्टी समाज के साथ जुड़कर काम करती है। समाज की सेवा के माध्यम से कार्यकर्ताओं को गढ़ा जाता है। जब हम समाज की सेवा के लिए अपना जीवन खपाते हैं, तो सरकार बनाने का अवसर मिलने पर भी, यही हमारी प्राथमिकता होता है। इसलिए ही आज पूरे भारत में भाजपा सरकारें, आकांक्षा, विकास और प्रगति का पर्याय बन रही हैं। ये भाजपा ब्रांड ऑफ गवर्नेंस है। जहां भी भाजपा की सरकार है, वहां गरीब कल्याण के लिए योजनाएं तेज गति से चलने लगती हैं। वहां पर योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचना सुनिश्चित हो जाता है। वहां पर युवा शक्ति को आगे बढ़ने के नए अवसर बनने लगते हैं। वहां पर योजनाओं में महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलने लगती है। और वहां पर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ ही Ease of Doing Business, Ease of Living के प्रयास बढ़ने लगते हैं।दुनिया के बड़े-बड़े मंचों पर बज रहा है आज हिंदुस्तान के नाम का डंका
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश इस समय जिस कालखंड से गुजर रहा है, वो तेज विकास के लिए बहुत अहम है। ये अमृतकाल सिर्फ शब्द समूह नहीं है, ये धरती की सच्चाई है। 140 करोड़ देशवासियों के दिलों की धड़कन है। आज हम सबसे युवा देश हैं, आत्मविश्वास से भरे हुए देश हैं। पूरे विश्व में, दुनिया के बड़े-बड़े मंचों पर आज अगर किसी का डंका बज रहा है तो नाम है हिंदुस्तान। ऐसे में देश के भीतर बैठी और देश के बाहर बैठी भारत विरोधी शक्तियों का एकजुट होना स्वभाविक है। ये शक्तियां, किसी भी तरह भारत से विकास का ये कालखंड छीन लेना चाहती हैं। आज भारत का सामर्थ्य अगर फिर बुलंदी की तरफ जा रहा है, तो इसके पीछे हमारी एक मज़बूत नींव है। ये नींव हमारी संवैधानिक संस्थाओं की है, हमारे constitutional institutions की है। इसलिए, आज भारत को रोकने के लिए हमारी इस नींव पर चोट की जा रही है। संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार किया जा रहा है, उन्हें बदनाम करने का अभियान छेड़ा जा रहा है। उनकी क्रेडिबिलिटी, उनकी विश्वसनीयता खत्म करने की साजिश की जा रही है।

भ्रष्टाचार में लिप्त चेहरे सब एक साथ एक मंच पर आ रहे हैं
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 9 साल में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जो अभियान चलाया, उसने आज भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों, दोनों की जड़ें हिला दी हैं। ये इस बात का प्रमाण है कि जब भाजपा आती है, तो भ्रष्टाचार भागता है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ अभियान को और तेज करने का ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि आज कुछ दलों ने मिलकर भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। भ्रष्टाचार में लिप्त जितने भी चेहरे हैं, वो सब एक साथ एक मंच पर आ रहे हैं। भ्रष्टाचार ने हमारे देश को दीमक की तरह खोखला कर दिया है। देश की जनता आज देख रही है कि पहले की सरकारों ने किस तरह भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती थी। लेकिन अब ऐसे भ्रष्टाचारियों को जेल की सलाखों के पीछे भी पहुंचाया जा रहा है।आज हर देशवासी समझता है- भ्रष्टाचार रुकेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा
पीएम मोदी ने कहा कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लाउंडरिंग एक्ट के तहत 2005 से 2014 के बीच कांग्रेस की सरकार ने 5 हजार करोड़ रुपये के आसपास की संपत्ति जब्त की थी। इसी एक्ट के तहत पिछले 9 वर्षों में भाजपा सरकार ने एक लाख 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की है। इस एक्ट में पहले के मुकाबले दोगुने से ज्यादा केस दर्ज हुए हैं और 15 गुना ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने कांग्रेस शासन के दौरान बैंकों को जमकर लूटा था। बैंकों का करीब 22 हजार करोड़ रुपये का नुकसान करके ये लोग विदेश भाग गए। भाजपा सरकार ने इन लोगों की करीब-करीब 20 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करवा दी है। आजादी के 7 दशकों में पहली बार भ्रष्टाचार पर इस तरह की चोट हो रही है। आज हर देशवासी समझता है- भ्रष्टाचार रुकेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा। भाजपा को डगर-डगर पर भारत विरोधी ताकतों और उनके इकोसिस्टम से लड़ना है
पीएम मोदी ने चेताया कि हमारी ये लड़ाई आसान नहीं है। भाजपा को डगर डगर पर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, संप्रदायवाद, जातिवाद, भारत विरोधी विदेशी ताकतों और उनके इकोसिस्टम से लड़ना है। इसके साथ ही आजादी के सौवें वर्ष तक, 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए जी-तोड़ मेहनत करनी है। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा अखबारों, टीवी स्क्रीन की चमक या यू-ट्यूब चैनलों से नहीं, बल्कि वंचितों-शोषितों, गांवों और गरीबों के लिए जमीन पर काम करते हुए यहां तक पहुंची है। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या से बनी है। क्योंकि बीजेपी कार्यकर्ता की नियति, आराम करना, बैठना हो नहीं सकती है। भाजपा के कार्यकर्ता के लिए देश की आशाएं, लोगों की आकांक्षाएं, उनके सपने ही उसकी ड्राइविंग फोर्स है। इस दल को बनाने में जिस तरह अनेक पीढ़ियां खप गईं, उसी तरह देश बनाने में हमें पीढ़ियां खपा देनी है।

 

 

 

Leave a Reply Cancel reply