Home समाचार नीतीश कुमार ने 10वीं बार संभाली बिहार की कमान, प्रधानमंत्री मोदी ने...

नीतीश कुमार ने 10वीं बार संभाली बिहार की कमान, प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं

SHARE

पटना के गांधी मैदान में गुरुवार, 20 नवंबर 2025 को इतिहास दोहराया गया। जेडीयू नेता नीतीश कुमार ने दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पूरे मैदान में उत्साह, सुरक्षा और सियासी हलचल का ऐसा माहौल था जो बिहार की राजनीति के बड़े बदलावों का संकेत देता दिखा।

शपथ लेते ही नीतीश कुमार मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। इस बार समारोह में एक दिलचस्प और नया अंदाज भी देखने को मिला। पीएम मोदी ने मंच से परंपरागत बिहारी अंदाज में गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। भीड़ ने भी जोरदार तालियों और नारों के साथ इसका स्वागत किया। राजनीतिक आयोजन में यह नया स्टाइल खूब चर्चा में रहा।

मुख्यमंत्री के बाद सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद राज्यपाल ने मंत्रियों के समूहों को बुलाकर शपथ दिलाई। प्रमुख मंत्रियों में शामिल रहे- विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र कुमार यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, मोहम्मद जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश।

10वीं बार सीएम बनने पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ‘श्री नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बहुत-बहुत बधाई। वे एक कुशल और अनुभवी प्रशासक हैं। राज्य में सुशासन का उनका शानदार ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। नए कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी हार्दिक शुभकामनाएं!’

पीएम मोदी ने अगले ट्वीट में लिखा कि ‘श्री सम्राट चौधरी जी और श्री विजय सिन्हा जी को बिहार के उप मुख्यमंत्री बनने पर ढेरों बधाई। जमीनी स्तर पर दोनों नेताओं के पास जनसेवा का लंबा अनुभव है। उन्हें भी मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं!’

इसके बाद प्रधानमंत्री ने शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को भी बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा कि ‘बिहार सरकार में मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को मेरी हार्दिक बधाई। समर्पित नेताओं की यह एक ऐसी शानदार टीम है, जो बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। उन सभी को मेरी ढेरों शुभकामनाएं!’

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए के कई दिग्गज नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में एनडीए शासित राज्यों की उपस्थिति असरदार रही। शामिल नेताओं में थे- आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के भूपेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, असम के हिमंता बिस्वा सरमा, नागालैंड के नेफियू रियो, राजस्थान के भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली की रेखा गुप्ता, हरियाणा के नायब सिंह सैनी और ओडिशा के मोहन चरण माझी। एनडीए के सभी घटक दलों की भागीदारी ने सत्ता में मजबूती और एकजुटता का स्पष्ट संदेश दिया।

गांधी मैदान पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा दिखाई दिया। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, विशाल पंडाल, एलईडी स्क्रीन और नेताओं की लगातार आवाजाही। भीड़ में उत्साह देखते ही बन रहा था। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया, वातावरण तालियों और नारों से गूंज उठा। यह पल इस शपथ ग्रहण को खास और यादगार बनाने के लिए काफी था।

Leave a Reply