प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल दुनिया के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी को फॉलो करने वालों की संख्या 100 मिलियन यानी 10 करोड़ के पार पहुंच गई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही वह इंस्टाग्राम पर दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता बन गए हैं।

पीएम मोदी की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके फॉलोअर्स की संख्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 4.32 करोड़ की तुलना में दोगुनी से भी ज्यादा है। चौंकाने वाली बात यह है कि दुनिया के अगले पांच बड़े नेताओं के फॉलोअर्स का कुल योग भी मोदी के आंकड़े के सामने फीका पड़ता है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की (1.61 करोड़), इंडोनेशिया के प्रबावो सुबियांतो (1.51 करोड़), ब्राजील के लूला दा सिल्वा (1.44 करोड़) और तुर्किए के राष्ट्रपति एर्दोगान (1.16 करोड़) के कुल फॉलोअर्स को मिला भी दिया जाए, तो भी वे अकेले पीएम मोदी की बराबरी नहीं कर पाते।

घरेलू राजनीति के मोर्चे पर भी प्रधानमंत्री मोदी का दबदबा एकतरफा है। देश के तमाम बड़े विपक्षी चेहरे मिलकर भी मोदी के इस आंकड़े के आसपास नहीं फटक पा रहे हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 1.26 करोड़, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल के 26 लाख, डीएमके नेता एमके स्टालिन के 19 लाख, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के 18 लाख, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के 17 लाख, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले के 11 लाख और टीएमसी नेता ममता बनर्जी के 4.91 लाख फॉलोअर्स हैं। इंडी गठबंधन के इन नेताओं की संयुक्त लोकप्रियता भी पीएम मोदी के 10 करोड़ के शिखर के सामने बहुत छोटी नजर आती है। साफ है कि सोशल मीडिया के इस मैदान में प्रधानमंत्री मोदी ने विरोधियों के लिए एक ऐसी लकीर खींच दी है, जिसे पार करना फिलहाल नामुमकिन दिख रहा है।

आइए डालते हैं सोशल मीडिया की लोकप्रियता पर एक नजर-
एक्स
सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स ( पहले ट्विटर) पर पीएम मोदी के फॉलोअर की संख्या 10.62 करोड़ से ज्यादा है, जबकि वह मात्र 2,679 लोगों को फॉलो करते हैं।

फेसबुक
फेसबुक पर 5 करोड़ 40 लाख लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पेज को लाइक करते हैं।

यूट्यूब
यूट्यूब पर 2 करोड़ 99 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाले दुनिया के पहले राजनेता हैं। प्रधानमंत्री मोदी के यूट्यूब चैनल पर 33 हजार से ज्यादा वीडियो अपलोड हैं।

लिंक्डइन
लिंक्डइन पर प्रधानमंत्री मोदी के 50 लाख से ज्यादा फॉलोअर हैं।

व्हाट्सएप चैनल
प्रधानमंत्री मोदी के व्हाट्सएप चैनल पर 1.17 करोड़ से अधिक फॉलोअर हैं।

नरेन्द्र मोदी एप
गूगल प्ले स्टोर से नरेन्द्र मोदी एप डाउनलोड करने वालों की संख्या एक करोड़ से ज्यादा है। यह आम लोगों के साथ संवाद का एक बड़ा और अहम मंच है। प्रधानमंत्री मोदी इस एप के जरिए देशवासियों के साथ सीधा संवाद करते हैं। इस एप के जरिए लोग अपनी शिकायतें और सुझाव भी प्रधानमंत्री के साथ साझा करते हैं।

जाहिर है कि भारत में प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता में लगातार इजाफा होता जा रहा है। लोग एक राजनेता के तौर पर पीएम मोदी को काफी पसंद कर रहे हैं और उनके बारे में जानना चाहते हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि पीएम मोदी राजनीति के ही नहीं सोशल मीडिया के भी किंग हैं।









