Home समाचार पिछले 24 घंटे में एक्टिव मामलों में हुई 76,755 की कमी, नए...

पिछले 24 घंटे में एक्टिव मामलों में हुई 76,755 की कमी, नए मामले 44 दिनों के सबसे निचले स्तर पर

SHARE

देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या गिरकर 23,43,152 हो गई है। 10 मई को चरम पर पहुंचने के बाद से सक्रिय मामलों की संख्या में कमी आई है। पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों की संख्या में कुल 76,755 की कमी आई है। यह देश के कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों का केवल 8.50 प्रतिशत है। नए मामलों की संख्या में लगातार कमी के साथ देश में नए मामलों की संख्या तीन लाख से कम दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में 1,86,364 नए मामले सामने आए हैं।

इसके साथ ही देश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या कोरोना के नए मामलों से ज्यादा हैं। पिछले 24 घंटे में बीमारी से 2,59,459 लोग स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे में नए मामलों की तुलना में बीमारी से 73,095 ज्यादा लोग स्वस्थ हैं। आज बीमारी से कुल 2,59,459 लोगों के स्वस्थ होने के साथ अब तक कुल 2,48,93,410 लोगों में कोविड-19 ठीक हुआ है। बीमारी से उबरने की राष्ट्रीय दर भी बेहतर होकर 90.34 प्रतिशत हो गई है।

देश में पिछले 24 घंटे में कुल 20,70,508 जांच हुई जिसके साथ अब तक हुए जांच की कुल संख्या 33.90 करोड़ है। कोविड की जांच बढ़ने के साथ साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट में कमी आई है। साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट इस समय 10.42 प्रतिशत है जबकि दैनिक पॉजिटिविटी रेट घटकर 9 प्रतिशत हो गया। यह लगातार चार दिनों से 10 प्रतिशत से कम बना हुआ है।

टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण के तहत आज देश में कोविड-19 के टीके की दी जा चुकी खुराक की संख्या 20.57 करोड़ हो गयी। भारत अमेरिका के बाद 20 करोड़ खुराक का ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने वाला दूसरा देश है। 28 मई को सुबह सात बजे तक टीके की कुल 20,57,20,660 खुराक दी जा चुकी हैं।

केंद्र सरकार ने अब तक राज्यों को कोविड टीके की 22.46 करोड़ से अधिक कुल 22,46,08,010 खुराक मुफ्त प्रदान की है। राज्यों के पास अब भी टीके की 1.84 करोड़ से ज्यादा खुराक उपलब्ध हैं, जिन्हें दिया जाना बाकी है। इसके अलावा 3 लाख खुराक अगले तीन दिनों के भीतर राज्यों को दे दी जाएंगी।

Leave a Reply Cancel reply