Home चुनावी हलचल कांग्रेस-लेफ्ट समाज को बांटने के लिए सांप्रदायिक एजेंडा फैला रहे हैं- मेरा...

कांग्रेस-लेफ्ट समाज को बांटने के लिए सांप्रदायिक एजेंडा फैला रहे हैं- मेरा बूथ सबसे मजबूत केरलम में पीएम मोदी

SHARE

केरलम में विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और वामपंथी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ये पार्टियां वोट बैंक की राजनीति के लिए सांप्रदायिक एजेंडा चला रही हैं और समाज को बांटने का काम कर रही हैं। गुरुवार, 2 अप्रैल को मेरा बूथ सबसे मजबूत के तहत बीजेपी कार्यकर्ताओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केरलम इस बार बदलाव के मूड में है।

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और वाम दल कट्टरपंथी ताकतों के साथ मिलकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये पार्टियां वोट के लिए समाज में विभाजन पैदा कर रही हैं और धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केरलम की जनता अब भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक राजनीति से परेशान हो चुकी है और एक स्थिर विकास करने वाली सरकार चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य में डबल इंजन सरकार बनने से विकास कार्यों को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य में बीजेपी-एनडीए के पक्ष में एक मजबूत लहर दिखाई दे रही है और जनता नई सरकार ही नहीं, नई व्यवस्था चाहती है। पीएम मोदी ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को चुनाव जीत का सबसे बड़ा आधार बताया। उन्होंने मेरा बूथ, सबसे मजबूत मंत्र दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से जुड़ने और बीजेपी की नीतियों को समझाने की अपील की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले जहां बीजेपी को कुछ इलाकों में कार्यकर्ता तक नहीं मिलते थे, अब वहां बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। खासतौर पर तटीय इलाकों में मछुआरा समुदाय का समर्थन बढ़ना बीजेपी के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कांग्रेस और लेफ्ट पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों ने केरलम में बारी-बारी से शासन किया, लेकिन राज्य को विकास की दिशा में आगे नहीं बढ़ाया। अब ये दोनों पार्टियां बीजेपी को रोकने के लिए एकजुट होकर काम कर रही हैं।

कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए प्रधानमंत्री ने केरलम के स्टार क्रिकेटर संजू सैमसन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जैसे संजू ने वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में अपनी परफॉर्मेंस को पीक पर पहुंचाया, वैसे ही बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी चुनाव के आखिरी दिनों में अपनी पूरी ताकत झोंक देनी चाहिए। उन्होंने काम के घंटे बढ़ाने और पूरे परिवार को चुनाव प्रचार में शामिल करने की सलाह दी।

प्रधानमंत्री ने युवाओं के मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि केरलम के युवा रोजगार और बेहतर अवसरों के लिए राज्य से बाहर जाने को मजबूर हैं। बीजेपी-एनडीए सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्री और स्टार्टअप्स पर फोकस करके इस स्थिति को बदलना चाहती है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे हर बूथ के लिए पांच साल का रोडमैप तैयार करें और लोगों को भरोसा दिलाएं कि बीजेपी को एक मौका देने से राज्य में बड़ा बदलाव आ सकता है। उन्होंने कहा कि केरलम इस बार नया इतिहास रचने के लिए तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वोटर तक पहुंचने और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।

Leave a Reply