प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी 2026 को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विकास, स्वास्थ्य और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े कई बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11.30 बजे के करीब राजस्थान के अजमेर पहुंचेंगे। यहां वे 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में एक जनसभा को भी संबोधित किया जाएगा।
इन परियोजनाओं में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक अवसंरचना जैसे अहम सेक्टर शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इससे राज्य के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य के मोर्चे पर बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री 14 वर्ष की लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। यह पहल सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए है, जो महिलाओं में कैंसर से जुड़ी बीमारियों की बड़ी वजह मानी जाती है।
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर आगमन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी 9 से 14 साल तक की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। साथ ही, 16 हजार 686 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, तथा राजस्थान… pic.twitter.com/IvhCQImsXQ
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) February 27, 2026
सड़क परियोजनाओं में बांदीकुई–जयपुर 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर के पैकेज-7 के तहत 6-लेन ग्रीन हाईवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-14 के 8-लेन कैरिजवे का उद्घाटन होगा। जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मंगरोल-बारां राज्य राजमार्ग की आधारशिला भी रखी जाएगी। इन परियोजनाओं से परिवहन आसान होने और व्यापार को गति मिलने की उम्मीद है।
पेयजल के क्षेत्र में नोनेरा और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजनाओं के कई पैकेज की नींव रखी जाएगी। सरकार का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा घरों तक सुरक्षित और स्वच्छ पानी पहुंचाना है। ऊर्जा सेक्टर में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से बिजली निकासी के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही 220 केवी और 400 केवी के कई ग्रिड सबस्टेशन की आधारशिला रखी जाएगी। रोजगार के मोर्चे पर भी बड़ा संदेश दिया जाएगा। प्रधानमंत्री 21,800 से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसे युवा सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
राजस्थान के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मोदी गुजरात पहुंचेंगे। दोपहर करीब 3:45 बजे वे साणंद में Micron Technology India Private Limited के सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग (ATMP) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। यह संयंत्र भारत के सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। साणंद एटीएमपी प्लांट से भारत में निर्मित पहले सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल का वाणिज्यिक उत्पादन और शिपमेंट शुरू हो चुका है।
इस परियोजना का शिलान्यास सितंबर 2023 में हुआ था और यह India Semiconductor Mission के तहत स्वीकृत पहला प्रस्ताव था। 22,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण स्वीकृति मिलते ही शुरू कर दिया गया था। पूरी तरह चालू होने पर साणंद संयंत्र में लगभग 5 लाख वर्ग फुट का क्लीनरूम क्षेत्र होगा, जिसे दुनिया के सबसे बड़े रेज्ड-फ्लोर क्लीनरूम में से एक बताया जा रहा है। यह प्लांट एआई और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की बढ़ती मांग को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
Warm Welcome to Hon’ble PM Shri @narendramodi Ji on The Sacred Land of Gujarat! 🌺🙏
On 28th February, PM Modi Will Inaugurate Micron Technology’s ATMP Semiconductor Plant in Sanand, Marking A Historic Milestone In India’s Semiconductor Journey.
🔹 Investment: ₹22,516 crore
🔹… pic.twitter.com/hr4IsCn3oc— Arjun Modhwadia (@arjunmodhwadia) February 27, 2026
यहां उन्नत डीआरएएम और नैंड वेफर्स को तैयार मेमोरी और स्टोरेज उत्पादों में बदला जाएगा, जो वैश्विक बाजारों में सप्लाई किए जाएंगे। इससे भारत की वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में हिस्सेदारी मजबूत होने की उम्मीद है।
एक ही दिन में राजस्थान में बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य की बड़ी घोषणाएं और गुजरात में हाई-टेक सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन—सरकार इसे विकास के मल्टी-सेक्टर मॉडल के रूप में पेश कर रही है। बुनियादी जरूरतों से लेकर अत्याधुनिक तकनीक तक, यह दौरा दोनों राज्यों के लिए अहम माना जा रहा है।









