Home समाचार प्रधानमंत्री मोदी रविवार को करेंगे तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा, देंगे 7,000...

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को करेंगे तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा, देंगे 7,000 करोड़ की सौगात

SHARE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 मार्च 2026 को तमिलनाडु और पुडुचेरी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरे में विकास, कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास फोकस रहेगा। प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:45 बजे पुडुचेरी में 2,700 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यहां एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वे मदुरै जाएंगे, जहां 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे।

प्रधानमंत्री पुडुचेरी में पीएम ई-बस सेवा के तहत इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत करने के साथ स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी शुरू करेंगे। इसके साथ ही, CITIIS योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बनाए गए घरों को भी समर्पित करेंगे। सीवरेज और जलापूर्ति से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री स्वच्छ पेयजल और बेहतर जल प्रबंधन के लिए कई नई परियोजनाओं की नींव भी रखेंगे।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी पुडुचेरी को बड़ी उपलब्धियां मिलने वाली हैं। प्रधानमंत्री एनआईटी कराईकल में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक और जेआईपीएमईआर (JIPMER) में आधुनिक क्षेत्रीय कैंसर केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा पांडिचेरी विश्वविद्यालय के नए हॉस्टल और भवनों से छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

पुडुचेरी के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाई देने के लिए प्रधानमंत्री 750 एकड़ में फैले करासूर-सेदरापेट औद्योगिक क्षेत्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह सिर्फ एक जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि भविष्य का इकोनॉमिक इंजन है। यहां फार्मा पार्क, टेक्सटाइल पार्क और आईटी पार्क के साथ-साथ आईआईटी मद्रास का रिसर्च सेंटर भी होगा।

इस औद्योगिक क्षेत्र के शुरू होने से न केवल स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा, बल्कि पुडुचेरी निवेश के लिए एक बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा। इसके अलावा, पीएम मोदी ‘मिष्टी’ योजना के तहत मैंग्रोव संरक्षण और ग्रामीण सड़कों के जाल बिछाने की परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। खास बात यह है कि केंद्र सरकार ने पुडुचेरी को ‘विशेष सहायता योजना’ (SASCI) में शामिल किया है, जो पहले सिर्फ राज्यों के लिए थी। इससे केंद्र शासित प्रदेश में सड़कों और सार्वजनिक भवनों के निर्माण के लिए फंड की कमी नहीं होगी।

दोपहर करीब 3:00 बजे प्रधानमंत्री मदुरै पहुंचेंगे। मदुरै में 4,400 करोड़ रुपये की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का फोकस मुख्य रूप से ‘कनेक्टिविटी’ पर है। पीएम मोदी यहां नेशनल हाईवे-332ए और एनएच-87 के चौड़ीकरण की आधारशिला रखेंगे। इन सड़क परियोजनाओं का सबसे बड़ा फायदा आम जनता और पर्यटकों को होगा। मरक्कनम से पुडुचेरी के बीच यात्रा का समय 50 प्रतिशत कम हो जाएगा, यानी जो सफर एक घंटे में पूरा होता था, वह अब सिर्फ 30 मिनट में होगा। इससे महाबलीपुरम और ऑरोविले जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। वहीं, परमकुडी-रामनाथपुरम सेक्शन के फोर-लेन होने से मदुरै, रामेश्वरम और धनुषकोडी जैसे पवित्र स्थलों की यात्रा बेहद सुगम हो जाएगी।

प्रधानमंत्री तमिलनाडु के रेल नेटवर्क को भी बड़ी मजबूती देने वाले हैं। ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत 8 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया जाएगा। इनमें मोरप्पुर, बोम्मिडी, श्रीविल्लिपुत्तूर जैसे स्टेशन शामिल हैं, जिन्हें आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय कला-संस्कृति के साथ संवारा गया है। चेन्नई के दैनिक यात्रियों के लिए भी खुशखबरी है। ‘चेन्नई बीच से चेन्नई एग्मोर’ के बीच चौथी रेल लाइन का लोकार्पण किया जाएगा। इससे उपनगरीय ट्रेनों की आवाजाही बेहतर होगी और आईटी पेशेवरों व छात्रों को ट्रैफिक से बड़ी राहत मिलेगी।

प्रसारण के क्षेत्र में, कुंभकोणम, येरकॉड और वेल्लोर में तीन नए आकाशवाणी एफएम रिले ट्रांसमीटरों की शुरुआत की जाएगी। इससे राज्य के कई जिलों में एफएम प्रसारण की पहुंच बेहतर होगी।

शाम करीब 4:00 बजे, प्रधानमंत्री मदुरै के प्रसिद्ध तिरुप्पारनकुंद्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर जाएंगे। यहां वे दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। यह मंदिर भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थानों में से एक है, जो तमिलनाडु की संस्कृति और आस्था का एक बड़ा केंद्र है। कुल मिलाकर, यह दौरा दक्षिण भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

Leave a Reply