प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को सेशेल्स के राष्ट्रपति वावेल रामकलावन के साथ एक वर्चुअल मीटिंग की। इस उच्च स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने कई भारतीय विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति रामकालावन के साथ संयुक्त रूप से राजधानी विक्टोरिया में मजिस्ट्रेट न्यायालय के नए भवन, एक मेगावाट की क्षमता वाले एक सौर ऊर्जा संयंत्र और सामुदायिक विकास की 10 प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स को एक तीव्र गश्ती पोत भी सौंपा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘सेशेल्स, भारत के ‘सागर’- ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ के विजन के केन्द्र में है। भारत को सेशेल्स की सुरक्षा क्षमताओं और उसकी अवसंरचना व विकास जरूरतों को पूरा करने में उसका भागीदार बनने का सम्मान हासिल हुआ है। आज हमारे संबंधों में एक और मील का पत्थर जुड़ गया है। हम हमारी विकास भागीदारी के तहत पूरी हुईं कई परियोजनाओं के संयुक्त रूप से शुभारम्भ के लिए मिल रहे हैं।’
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘भारत सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आज, हम सेशेल्स तटरक्षक बल को एक नया, अत्याधुनिक, मेड इन इंडिया फास्ट पेट्रोल वीसल्स सौंप रहे हैं। यह वीसल उसके समुद्री संसाधनों की रक्षा में सहायक होगा।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भारत कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई में सेशेल्स के मुख्य भागीदार की भूमिका निभाकर सम्मानित महसूस करता है। इस दौर में, हम सेशेल्स को आवश्यक दवाएं और टीकों की 50,000 ‘मेड इन इंडिया’ खुराकों की आपूर्ति करने में सक्षम हुए हैं। सेशेल्स ‘मेड इन इंडिया’ कोविड-19 वैक्सीन प्राप्त करने वाला पहला अफ्रीकी देश था। मैं राष्ट्रपति रामकलावन जी को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि भारत कोविड के बाद के आर्थिक सुधार के लिए उनके प्रयासों में सेशेल्स के साथ मजबूती के साथ खड़ा रहेगा।’