प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर देश के करोड़ों छात्रों का हौसला बढ़ाने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री 6 फरवरी को सुबह 10 बजे ‘परीक्षा पे चर्चा’ (PPC) के 9वें संस्करण के तहत छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद करेंगे। इस बार का कार्यक्रम कई मायनों में ऐतिहासिक और अलग होने वाला है, जिसमें प्रधानमंत्री देशभर के ‘एग्जाम वॉरियर्स’ के साथ अपने संवाद और अनुभवों को साझा करेंगे।

पिछले वर्षों के विपरीत, इस बार प्रधानमंत्री ने केवल दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम तक सीमित न रहकर एक नई पहल की है। उन्होंने देश के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों का दौरा कर छात्रों से सीधे मुलाकात की है। हाल के दिनों में पीएम मोदी ने देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर और गुवाहाटी के विद्यार्थियों के साथ संवाद किए। इसके अलावा, कुछ चुनिंदा छात्र प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग भी आमंत्रित किए गए, जहां उन्हें देश के प्रधान सेवक से खुलकर मन की बात करने का अवसर मिला।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि जैसे-जैसे परीक्षाएं नजदीक आ रही हैं, ‘परीक्षा पे चर्चा’ भी लौट आई है। उन्होंने कहा कि इस बार देश के अलग-अलग हिस्सों से आए ‘एग्जाम वॉरियर्स’ के साथ बेहद रोचक बातचीत हुई है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की है कि वे 6 फरवरी को प्रसारित होने वाले इस विशेष ‘एग्जाम वॉरियर्स’ एपिसोड को जरूर देखें।
As the Parikshas are approaching, #ParikshaPeCharcha is back too!
This time, the Charcha happened with #ExamWarriors in Devmogra, Coimbatore, Raipur, Guwahati and at 7, LKM in Delhi. As always, it is refreshing to interact with my young friends and discuss stress free exams… pic.twitter.com/HOEmDZIR7B
— Narendra Modi (@narendramodi) February 3, 2026
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के सभी चैनलों पर किया जाएगा। इसके अलावा ऑल इंडिया रेडियो- आकाशवाणी पर भी इसका सीधा प्रसारण होगा। ऑनलाइन देखने वाले छात्र प्रधानमंत्री मोदी औऐर शिक्षा मंत्रालय के यूट्यूब चैनल के साथ फेसबुक लाइव और MyGov.in पोर्टल के जरिए कार्यक्रम से जुड़ सकते हैं।

PPC2026 के लिए 4 करोड़ 50 लाख से ज्यादा लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इसमें 4 करोड़ 19 लाख से ज्यादा छात्र हैं। रजिस्ट्रेशन कराने वालों में 24 लाख से ज्यादा शिक्षक और 6 लाख से ज्यादा अभिभावक शामिल हैं।

परीक्षा पे चर्चा की शुरुआत 16 फरवरी, 2018 को हुई थी। इसके बाद इसका आयोजन 29 जनवरी 2019, 20 जनवरी 2020, 7 अप्रैल 2021, 1 अप्रैल 2022, 27 जनवरी 2023, 29 जनवरी 2024 और 10 फरवरी 2025 को नई दिल्ली में किया जा चुका है। परीक्षा पे चर्चा न केवल बोर्ड की परीक्षाओं और अन्य प्रवेश परीक्षाओं में शामिल होने वाले युवा छात्रों का तनाव दूर करने में मदद करता है, बल्कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से सवाल पूछने का भी अवसर प्रदान करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक अनूठे संवाद कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ की संकल्पना की है। इसमें देश के साथ-साथ विदेशों से भी छात्र, अभिभावक, शिक्षक परीक्षा की वजह से होने वाले तनाव को दूर करने और जीवन को उत्सव की तरह जीने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए उनके साथ बातचीत करते हैं। यह कार्यक्रम पिछले आठ वर्षों से शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का यह नौवां संस्करण है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी छात्र-छात्राओं, पैरेंट्स और टीचर्स से परीक्षा को लेकर चर्चा करते हैं। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी बच्चों को ना सिर्फ परीक्षा के तनाव को कम करने के लिए टिप्स देते हैं, बल्कि कथा,कहानियों और उदाहरणों के जरिए प्रेरित करते हैं। इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12वीं तक के स्कूली छात्र-छात्राएं भाग लेते हैं।
परीक्षा पे चर्चा का आठवां संस्करण 10 फरवरी 2025 को प्रसारित किया गया था। यह चर्चा नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में एक नए और अभिनव प्रारूप में आयोजित की गई जिसमें प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के 36 छात्र शामिल हुए जिनमें सरकारी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, सैनिक स्कूल, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, सीबीएसई से संबध स्कूल और नवोदय विद्यालय शामिल थे। 2025 में, परीक्षा पे चर्चा ने 245 से ज्यादा देशों के छात्रों, 153 देशों के शिक्षकों और 149 देशों के अभिभावकों की भागीदारी के साथ एक उल्लेखनीय गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की संख्या में असाधारण वृद्धि देखी गई है जो 2018 के पहले संस्करण में केवल 22,000 प्रतिभागियों से बढ़कर 2025 के आठवें संस्करण में 3.56 करोड़ पंजीकरणों तक पहुंच गई। यह साफ तौर से इसकी प्रासंगिकता और लोकप्रियता को दर्शाता है।










