सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के प्रधानमंत्री डॉ राल्फ एवरार्ड गोंजाल्विस ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। गोंजाल्विस भारत के दौरे पर आने वाले सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के पहले प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री गोंजाल्विस ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘मरुस्थलीकरण की रोकथाम पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन’ में भाग लिया।
प्रधानमंत्री गोंजाल्विस ने सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के साथ-साथ कैरिबियन एवं लैटिन अमेरिकी क्षेत्र में भी भारत के लिए व्यापक सद्भावना होने की बात कही। उन्होंने इस क्षेत्र के साथ भारत के विकास सहयोग के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं के बाद भारत की ओर से त्वरित सहायता मिलने की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय फोरम पर सहयोग सहित दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग को रेखांकित किया और इसके साथ ही उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद के एक अस्थायी सदस्य के रूप में ‘अब तक के सबसे छोटे देश’ के तौर पर निर्वाचित होने के लिए सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस को बधाई दी।
दोनों राजनेताओं ने भारत एवं सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के बीच कौशल विकास, प्रशिक्षण, शिक्षा, वित्त, संस्कृति और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।