Home समाचार संघर्षों से बनी है भारतीय जनता पार्टी, पोलिंग बूथ के कार्यकर्ता हमारी...

संघर्षों से बनी है भारतीय जनता पार्टी, पोलिंग बूथ के कार्यकर्ता हमारी ताकत: पीएम

SHARE

भारतीय जनता पार्टी के 39वें स्थापना दिवस पर एक और जहां पूरे देश में पार्टी जश्न मनाने में जुटी है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के कार्यकर्ताओं को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया और पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं से फोन पर बात भी की। प्रधानमंत्री मोदी का यह अंदाज पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं के लिए विशेष उपहार है जिसे लंबे समय तक कार्यकर्ता याद रखेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कार्यकर्ताओं को पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का श्रेय दिया है। उन्होंने ट्वीट पर लिखा कि बीजेपी न्यू इंडिया की पार्टी है। हम आभारी हैं कि हमें समाज के सभी आयु वर्गों के लोगों का समर्थन मिला है। हम वह पार्टी हैं, जो भारत की विविधता, यूनिक कल्चर और 125 करोड़ भारतीयों की ताकत में विश्वास रखती है।’ 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संघर्षों से बनी हुई पार्टी है। जनसंघ के जमाने से लेकर संघर्ष करते-करते यहां तक पहुंचे हैं। संघर्ष से समाधान की यात्रा से बनी है भारतीय जनता पार्टी। उन्होंने कहा की पार्टी के 11 करोड़ कार्यकर्ता ही इसकी ताकत है। उन्होंने कहा कि जब हमारी पार्टी छोटी थी तब से लेकर आज तक हमारी आलोचना होती रही लेकिन पोलिंग बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी में टू वे कम्युनिकेशन होता है। नीचे स्तर से सूचनाएं आती है, परेशानियां पहुंचती है, उसके आधार पर नीतियां बनती है और फिर उन नीतियों को सही रूप से लागू हो, वो ऊपर से नीचे तक सूचनाओं का आदान-प्रदान होता है। पीएम ने कहा कि ये टू वे कम्युनिकेशन हमें और आगे लेकर जाएगा। 

वीडियो कांफ्रेंसिंग से संबोधन के बाद पीएम नरेन्द्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रश्नों का जवाब भी दिया। वर्तमान समय में जिस तरह से विपक्षी पार्टियों द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित गलत सूचनाओं से जुड़े सवाल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान कानूनविद् और अर्थशास्त्री चाणक्य की उक्ति का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि हमें उनके जाल में नहीं फंसना है, इसके लिए बहुत जरूरी है कि हम जागरूक रहें। तथ्यों के साथ हम अपनी बात लोगों तक पहुंचाएं। इसके लिए उन्होंने नमो एप में रोजाना अपडेट होने वाली सूचनाएं और तथ्यों से जुड़े इंफोग्राफ के उपयोग करने की सलाह दी।

आज देश में ज्यादातर राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। केंद्र में भाजपा की सरकार है। इसके बाद भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कार्यकर्ताओं के एक सवाल पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को गुस्सा करनी ही नहीं चाहिए। हमें सत्यमेव जयते के मार्ग पर चलते हुए धैर्य और संयमित भाषा के साथ आगे बढ़ना चाहिए। सत्य को सामने रखकर काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को तकनीक का इस्तेमाल करने की सलाह दी। तकनीक के इस्तेमाल के लिए उन्होंने ई-वॉलेट भीम ऐप तो मार्केटिंग के ई-पोर्टल GEM के अलावा नमो ऐप के इस्तेमाल पर जोर दिया। 

Leave a Reply