Home नरेंद्र मोदी विशेष आंतक के खिलाफ इंडोनेशिया के साथ खड़ा है भारत: प्रधानमंत्री मोदी

आंतक के खिलाफ इंडोनेशिया के साथ खड़ा है भारत: प्रधानमंत्री मोदी

SHARE

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में राष्ट्रपति जोको विडोडो से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता के दौरान कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की विदेश यात्रा पर हैं और अपनी यात्रा के पहले पड़ाव में श्री मोदी मंगलवार को इंडोनेशिया पहुंचे थे। जकार्ता में पीएम मोदी का परंपरिक रूप से स्वागत किया गया।

द्विपक्षीय वार्ता के बाद जारी किया साझा बयान
द्विपक्षीय वार्ता के बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो और प्रधानमंत्री मोदी ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने इंडोनेशिया की पहली यात्रा के शानदार प्रबंध और स्वागत के लिए राष्ट्रपति विडोडो का आभार जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल में इंडोनेशिया में हुए आंतकी हमलों को जिक्र करते हुए कहा, ‘हाल में हुए आतंकी हमलों में इंडोनेशिया के निर्दोष लोगों के मारे जाने का मुझे गहरा दुख है। भारत इस प्रकार के हमलों की कड़ी निंदा करता है। इस मुश्किल घड़ी में भारत इंडोनेशिया के साथ मजबूती के साथ खड़ा है। आतंकवाद से लड़ने के लिए विश्व स्तर पर किए जा रहे प्रयासों में और गति लाने की आवश्यकता है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘सामुद्रिक पड़ोसियों एवं सामरिक साझेदारों के रूप में हमारी चिंताए एक समान हैं। सामुद्रिक मार्गों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है। यह हमारे आर्थिक हितों की रक्षा के लिए भी आवश्यक है।’

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति विडोडो की तारीफ की
श्री मोदी ने कहा कि भारत-आसियान संबंध इतनी बड़ी शक्ति है, जो सिर्फ भारत और पेसिफिक क्षेत्र में ही नहीं बल्कि इससे बाहर भी शांति की गारंटी देती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इंडो-पेसिफिक क्षेत्र को लेकर दोनों देशों का एक सा रुख है। श्री मोदी ने आसियान में भारत की स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप विकसित करने में इंडोनेशिया के समर्थन के लिए राष्ट्रपति विडोडो का आभार जताया। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिस के साथ SAGAR यानि Security and Growth for All in the Region, राष्ट्रपति विडोडो की मैरिटाइम फलक्रम पॉलिसी से मेल खाती है। श्री मोदी ने कहा कि दिसंबर 2016 में विदोड़ो की भारत यात्रा के दौरान हमने एक रोडमैप तैयार किया था, आज हमारी चर्चा में उसके कार्यान्वयन की प्रगति का आंकलन किया गया।

दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि हमने शिक्षा, तथा विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि आज हमारे बीच हुए समझौतों से दोनों देशों को द्विपक्षीय संबंधों को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। दोनों देश 2025 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 बिलियन डॉलर के स्तर तक ले जाने के लिए अपने प्रयास दोगुने करेंगे।

दोनों देशों के बीच हजारों साल पुराने मजबूत सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने कहा कि अगले वर्ष 2019 में हम अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70 वीं वर्षगांठ मनाएंगे, इस दौरान दोनों देशों में बहुत से समारोह आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ‘दोनों देशों में अधिकांश आबादी युवा है। इन युवाओं के सपने साकार करने के लिए और उनके लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न करने हेतु शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में एक दूसरे से बहुत कुछ सीख सकते हैं।’

इंडोनेशिया के लोगों को ईद की बधाई दी
श्री मोदी ने इसी वर्ष अगस्त में 18वें एशियाई खेलों की मेजबानी के लिए इंडोनेशिया को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने रमजान के पवित्र महीने में भारत के सवा सौ करोड़ लोगों की ओर से इंडोनेशिया के सभी लोगों की समृद्धि उत्तम स्वास्थ्य और पुरजोर सफलता की हदय से कामना करते हुए उन्हें आगामी ईद के त्योहार की बधाई भी दी।

 

Leave a Reply